उत्तर प्रदेश के जौनपुर में एक तालाब में दो बच्चों के शव मिलने का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि बच्चियों के साथ दुष्कर्म कर उनकी हत्या की गई है। इसके बाद शव को तालाब में फेंक दिया गया है। हालांकि पड़ताल में यह दावा भ्रामक साबित हुआ।
एडवोकेट दीपक बाबू ने एक्स पर लिखा, ‘बच्चियों व महिलाओं की सुरक्षा के झूठे ब्यान करने वाले योगी सरकार में ही दो छोटी बच्चियों के शव तालाब में मिले। जब से UP में योगी जी विराजमान है तब से आये दिन बच्चियों व महिलाओं के साथ रेप व हत्या हो रही है जौनपुर, उत्तर प्रदेश। योगी जी मौलाना के पीछे है पुलिस रील बनने में व्यस्त है।’
बच्चियों व महिलाओं की सुरक्षा के झूठे ब्यान करने वाले योगी सरकार में ही दो छोटी बच्चियों के शव तालाब में मिले।
— Adv Deepak Babu (@dbabuadvocate) September 28, 2025
जब से UP में योगी जी विराजमान है तब से आये दिन बच्चियों व महिलाओं के साथ रेप व हत्या हो रही है
जौनपुर 🚨 उत्तर प्रदेश।
योगी जी मौलाना के पीछे है
पुलिस रील बनने में… pic.twitter.com/9sbPUoemOX
कलम की चोट नाम के एक्स हैंडल ने लिखा, ‘दिन रात नारी सुरक्षा के दावों का बखान करने वाले कहां हैं ? दो छोटी बच्चियों के शव तालाब में मिले इस अपराधयुक्त प्रदेश कहा जाए या अपराधमुक्त प्रदेश ? UP के जिला जौनपुर का मामला।’
यह भी पढ़ें: यूपी में उधार न लौटाने पर दोस्त की चिता को पीटने का दावा गलत है
फैक्ट चेक
पड़ताल में हमने सबसे पहले संबंधित कीवर्ड की मदद से गूगल सर्च किया। इस दौरान हमें दैनिक भास्कर और पंजाब केसरी की एक रिपोर्ट मिली। रिपोर्ट के मुताबिक, जौनपुर के खेतासराय थाना क्षेत्र में बेसू नदी के भादो पुल के नीचे रविवार को तीन बच्चों के शव तैरते हुए मिले। बच्चों के शव पटिया और एक साड़ी के टुकड़े में बांधकर बहाए गए थे, जो पुलिया के नीचे अटके हुए मिले। मृतकों में एक 6 साल की बच्ची, एक 4 साल का लड़का और एक 2 साल का बच्चा शामिल है।

खेतासराय थाना प्रभारी रामाश्रय राय से संपर्क करने पर उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला शवों को नदी में प्रवाहित करने का प्रतीत होता है। ये शव आजमगढ़ जनपद के सरायमीर थाना क्षेत्र के कौरा गहनी गांव निवासी रमेश बनवासी के तीन बच्चों के बताए जा रहे हैं। मृत बच्चों के परिवार वालों का कहना है कि बच्चों की मौत डेंगू से हुई थी और परंपरा के अनुसार शवों को नदी में प्रवाहित किया गया था। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पड़ताल में आगे हमने कौरा गहनी गांव के पूर्व प्रधान राम लखन से फोन पर बात की। राम लखन ने बताया की तीनों बच्चे रमेश बनवासी नाम के व्यक्ति के हैं, जो बनवासी समुदाय से हैं। उनके बच्चे डायरिया और डेंगू से पीड़ित थे। जिसकी वजह से मौत हो गई। इसके बाद परिवार ने तानों बच्चों के शवों को बेसू नदी में प्रवाहित कर दिया था। रेप व हत्या जैसी कोई बात नहीं है।
वहीं गहनी गांव के प्रधान आरिफ ने बताया कि बिमारी की वजह मौत होने के कारण परिजनों ने शव को नदी में प्रवाहित किया था। रेप और हत्या जैसी कोई घटना नहीं हुई है।
| दावा | जौनपुर में बच्चियों के साथ रेप व हत्या कर शव को नदी में फेक दिया गया। |
| दावेदार | दीपक बाबू |
| निष्कर्ष | जौनपुर में बच्चियों के साथ रेप व हत्या कर शव को नदी में फेकने का दावा भ्रामक है। असल में बच्चों की मौत डेंगू और डायरिया की वजह से हुई है, जिसके बाद परिजनों ने शव को नदी में प्रवाहित किया था। |
