Home राजनीति पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोपी विकास, संदीप, चमन, संदीप, पंकज समेत 22 लोग आरएसएस के सदस्य हैं?
राजनीति

पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोपी विकास, संदीप, चमन, संदीप, पंकज समेत 22 लोग आरएसएस के सदस्य हैं?

Share
Share

सोशल मीडिया पर कथित तौर पर भाजपा और आरएसएस से जुड़े कुछ लोगों की लिस्ट वायरल है। लिस्ट में ध्रुव सक्सेना, चमन लाल, अच्युतानंद मिश्र जैसे नाम शामिल हैं। दावा किया जा रहा है कि यह सभी लोग पाकिस्तान के लिए जासूसी करते रंगे हाथ पकड़े गए हैं।

निधि सिंह राठौर ने एक्स पर लिखा, ‘इसमें प्रत्येक शब्द सरकारी आंकड़ों के अनुसार है… सवाल : पाकिस्तानी जासूस ध्रुव सक्सेना कौन है ? जवाब : बीजेपी का कार्यकर्ता है सवाल : पाकिस्तानी जासूस चमन लाल कौन है ? जवाब : आरएसएस का कार्यकर्ता सवाल : पाकिस्तानी जासूस अच्युतानंद मिश्र कौन है ? जवाब : संघ का सदस्य सवाल : पाकिस्तानी जासूस विकास पांडेय कौन है? जवाब : बीजेपी का बूथ अध्यक्ष सवाल : अतंकवादी प्रज्ञा ठाकुर कौन है? जवाब : बीजेपी की सांसद सवाल : अतांकी असीमानंद कौन है ? जवाब : आरएसएस का कार्यकर्ता सवाल : अतंकवादी संस्था अभिनव भारत किसकी समर्थक है ? जवाब : आरएसएस और बीजेपी। सवाल : ब्रह्मोस की गुप्त जानकारी चीन को किसने दी ? जवाब : संघ कार्यकर्ता संदीप मिश्रा ने सवाल : अमरनाथ यात्रियों की बस पर हमला किसने करवाया था ? जवाब : बीजेपी कार्यकर्ता संदीप शर्मा ने सवाल : पाकिस्तानी जासूस पंकज मिश्रा कौन है ? जवाब : बीजेपी कार्यकर्ता है सवाल : पाकिस्तानी जासूस दीपक त्रिवेदी कौन है ? जवाब : बीजेपी कार्यकर्ता है सवाल : पाकिस्तानी जासूस पंकज अय्यर कौन है ? जवाब : बीजेपी कार्यकर्ता है सवाल : पाकिस्तानी जासूस संजीत कुमार, संजय त्रिपाठी, बबलू सिंह, विकास कुमार, राहुल सिंह, संजय रावत, देवशरण गुप्ता, रिंकू त्यागी, ऋषि मिश्र, वेदराम कौन हैं ? जवाब : बीजेपी कार्यकर्ता, संघ के सदस्य सवाल : पाकिस्तानी जासूस मनीष कौन है ? जवाब: बीजेपी का कार्यकर्ता सवाल : मोहित शर्मा कौन है ? जवाब : बीजेपी का कार्यकर्ता इसके अलावा भी लगभग बहुत से नाम और हैं जो कि पाकिस्तान के लिए जासूसी करते रंग हाथ पकड़े गए हैं बीजेपी की हर स्पीच पाकिस्तान से शुरू होकर पाकिस्तान पर ही ख़त्म होती है..!! मोदी बिना बुलाए, चुपके से, पाकिस्तानी प्रधानमंत्री नवाज़ शरीफ की जन्मदिन का केक खाने पहुंच गए और बिरयानी की दावत उड़ा कर वापिस आ गए मगर फिर भी देश भक्त ही हैं..!! है ना चमत्कार ??’

फैक्ट चेक

दावे की पड़ताल में हमने ध्रुव सक्सेना, चमनलाल से लेकर मोहित शर्मा तक सभी नामों को एक-एक सर्च किया।

1. ध्रुव सक्स्सेना: न्यूज18 की वेबसाइट पर फरवरी 2021 को प्रकाशित रिपोर्ट के मुताबिक मध्य प्रदेश में पाकिस्तान को खुफिया जानकारी मुहैया कराने के आरोप में भाजपा आईटी सेल का जिला संयोजक ध्रुव सक्सेना को गिरफ्तार किया गया। इस मामले में सितम्बर 2019 में प्रकाशित रिपोर्ट में बताया गया है कि ध्रुव सक्सेना पर राजद्रोह का मुकदमा चल रहा है। अभी बेल पर बाहर हैं। कोर्ट ने ध्रुव को निर्दोष नहीं कहा है। न ही जांच एजेंसियां उनके ख़िलाफ़ कुछ भी ठोस साबित कर पाई हैं।

2. चमन लाल: जून 2020 को प्रकाशित दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के मुताबिक राजस्थान से चिमनलाल और विकास कुमार को गिरफ्तार किया गया था। रिपोर्ट में बताया गया है कि चिमन लाल संविदा में नौकरी करता था। वह महाजन फील्ड फायरिंग रेंज में एक पंप हाउस में पानी सप्लायी के रजिस्टर की तस्वीरें भी लेता था। इन तस्वीरों को चिमन लाल, विकास को देता था। फिर विकास इन्हें पाकिस्तानी हैंडलर तक पहुंचाता था। पिछले महीने आर्मी इंटेलीजेंस ने इसकी जानकारी राजस्थान पुलिस को दी थी।

रिपोर्ट के मुताबिक भारतीय सेना से जुड़ी गुप्त सूचनाएं भेजने के इस पूरे खेल की शुरुआत फेसबुक पर अनुष्का चोपड़ा नाम से बनी फेसबुक आईडी से हुई। वर्ष 2019 में विकास तिलोतिया के पास अनुष्का चोपड़ा नाम की आईडी से फेसबुक पर रिक्वेस्ट आई थी। पहले दोनों फेसबुक पर दोस्त बने। फिर इनके बीच मैसेज पर बातचीत शुरू हो गई। रिपोर्ट में चिमनलाल के भाजपा-आरएसएस से सम्बन्ध का कोई जिक्र नहीं है।

3. अच्युतानंद मिश्र: सितंबर को 2018 प्रकाशित दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के मुताबिक यूपी एटीएस ने सेना की जासूसी के आरोप में बीएसएफ जवान अच्युतानंद मिश्र को गिरफ्तार किया था। आरोपी जवान अच्युतानंद मिश्रा मूल रूप से मध्यप्रदेश के रीवा का रहने वाला है। सोशल मीडिया पर एक महिला जो आईएसआई की एजेंट है के हनीट्रैप में फंसकर वह सेना की जासूसी कर रहा था।

एटीएस ने बताया कि महिला ने खुद को मिस्र की नागरिक और सेना का रिपोर्टर बताया। शुरुआत में फेसबुक पर चैट हुई। बाद में वीडियो कॉल से बातचीत भी हुई। गिरफ्तार जवान पाकिस्तान के नंबर पर लगातार महिला से बात कर रहा था। एजेंट ने पाकिस्तानी विरोधी बातें करके जवान को अपने जाल में फंसाया था। लेकिन किसी भी मीडिया रिपोर्ट में अच्युतानंद मिश्र का बीजेपी और आरएसएस से संबंध की कोई जानकारी नहीं है।

4. विकास पांडे : पड़ताल में हमें पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के मामले में विकास पांडे नाम का कोई शख्स नहीं मिला। इंटरनेट पर इस प्रकार की कोई मीडिया रिपोर्ट मौजूद नहीं है।

5. प्रज्ञा ठाकुर: जुलाई 31, 2025 को प्रकाशित एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, भाजपा नेता प्रज्ञा ठाकुर को 2008 के मालेगांव बम विस्फोट मामले में कोर्ट ने बरी कर दिया है। कोर्ट ने फैसला सुनाने से पहले कहा कि बाइक साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर के होने के कोई सबूत नहीं मिले। जज ने केस का इतिहास सुनाते हुए कहा कि अभियोजन पक्ष यह साबित नहीं कर पाया कि ब्लास्ट स्थल पर मिली बाइक में RDX लगाया गया था। कोर्ट ने कहा कि कुछ मेडिकल सर्टिफिकेट में हेराफेरी की गई है।

6. असीमानंद : मार्च 2018 को प्रकाशित आजतक और दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के मुताबिक, स्वामी असीमानंद का मालेगांव विस्फोट और 18 मई 2007 को 2007 में हैदराबाद में मक्का मस्जिद में हुए ब्लास्ट के मामले में आरोपी थे। लेकिन कोर्ट ने उन्हें दोनों ही मामले में बरी कर दिया था। कोर्ट ने कहा कि एनआईए एक भी आरोप साबित नहीं कर पाई। 

7. अभिनव भारत संगठन : 2 अगस्त 2025 को प्रकाशित अमर उजाला की रिपोर्ट के मुताबीक मालेगांव विस्फोट के सभी आरोपी अभिनव भारत के सदस्य थे। अगस्त 2025 में ही कोर्ट ने इस मामले में प्रज्ञा ठाकुर समेत अभिनव भारत के सभी सदस्यों को बरी कर दिया है। अदालत ने अभियोजन पक्ष के अभिनव भारत को विस्फोट को अंजाम देने के दावे को खारिज कर दिया। कोर्ट ने कहा कि अभिनव भारत ट्रस्ट या फाउंडेशन प्रतिबंधित संगठन नहीं है। क्योंकि इसे सरकार ने आतंकी संगठन के रूप में प्रतिबंधित नहीं किया है।

8. संदीप मिश्रा: पड़ताल में हमें चीन को ब्रम्होस मिसाइल की गुप्त जानकारी देने वाले संदीप मिश्रा से जुड़ी कोई मीडिया रिपोर्ट नहीं मिली।

9. संदीप शर्मा: 11 जुलाई 2017 को प्रकशित अमर उजाला की रिपोर्ट के मुताबिक यूपी के मुजफ्फरनगर के रहने वाले संदीप शर्मा को साल 2017 में गिरफ्तार किया गया था। संदीप शर्मा एक कश्मीरी लड़की के प्यार में लश्कर का आतंकी आदिल बन गया था। इन दोनों नामों का इस्तेमाल वह सुरक्षा बलों को चकमा देने के लिए करता था। पड़ताल के दौरान हमें संदीप शर्मा का भाजपा और आरएसएस के साथ संबंध होने के कोई सुबूत नहीं मिले हैं।

पड़ताल में पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के मामले में पंकज मिश्रा, पंकज अय्यर, दीपक त्रिवेदी, संजीत कुमार, संजय त्रिपाठी, बबलू सिंह, विकास कुमार, राहुल सिंह, संजय रावत, देवशरण गुप्ता, रिंकू त्यागी, ऋषि मिश्र, वेदराम के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली। इंटरनेट पर इन नाम के लोगों के द्वारा पाकिस्तान की जासूसी करने की कोई मीडिया रिपोर्ट मौजूद नहीं है।

दावा पाकिस्तान के लिए जासूसी करते रंगे हाथ पकड़े गए भाजपा और आरएसएस कार्यकर्ता।
दावेदार निधि सिंह राठौर
निष्कर्ष पाकिस्तान के लिए जासूसी करते रंगे हाथ पकड़े गए भाजपा और आरएसएस कार्यकर्ताओं की लिस्ट फर्जी है। इनमे से कोई भी व्यक्ति भाजपा व आरएसएस सदस्य नहीं है। वहीं इसमें शामिल कई नाम काल्पनिक हैं।


Share