'भाजपाई पहले अपने मुसलमान दामादों का नाम बदले', ओमप्रकाश राजभर का यह बयान पुराना है
भाजपा की सहयोगी सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के नेता ओमप्रकाश राजभर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। वीडियो में ओमप्रकाश राजभर भाजपा की आलोचना करते हुए कहते हैं कि भाजपाई पहले अपने मुसलमान दामादों का नाम बदले। दावा किया जा रहा है कि भाजपा की सहयोगी पार्टी के नेता ओमप्रकाश राजभर ने भाजपा की आलोचना की। हालाँकि पड़ताल में यह वीडियो पुराना निकला।
शिवबचन यादव ने एक्स पर इस वीडियो को शेयर कर लिखा, ‘उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या के जवाब में कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर बोले भाजपाई पहले अपने मुसलमान दामादों का नाम बदले’
जितेंदर वर्मा ने लिखा, ‘कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर बोले भाजपाई पहले अपने मुसलमान दामादों का नाम बदले’
पीडीए भारत ने लिखा, ‘चचा भी बीच बीच में फायर कर देते हैं, ‘कैबिनेट मंत्री @oprajbhar भाजपाई पहले अपने मुसलमान दामादों का नाम बदले’
यह भी पढ़ें: मुजफ्फरनगर के मंदिर में पुजारी की पिटाई का पुराना वीडियो भ्रामक दावे के साथ वायरल
दावे की पड़ताल के लिए हमने संबंधित कीवर्ड की मदद से गूगल सर्च किया। इस दौरान यह वीडियो हमें 16 नवंबर 2021 को नवभारत टाइम्स के यूट्यूब चैनल पर अपलोड मिला। वीडियो में ओमप्रकाश राजभर ने बीजेपी की आलोचना करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी सिर्फ शहरों के नाम बदलने में ही व्यस्त है। राजभर ने कहा कि बीजेपी के लोगों को पहले अपने मुस्लिम दामादों के नाम बदलने चाहिए।
वहीं अमर उजाला की एक रिपोर्ट के मुताबिक 2021, यानी जिस वक्त ओम प्रकाश राजभर ने यह बयान दिया उस समय वह भाजपा के साथ गठबंधन में नहीं थे। 2017 में ओम प्रकाश की पार्टी सुभासपा ने भाजपा के साथ गठबंधन कर चुनाव लड़ा था। लेकिन, योगी सरकार से मनमुटाव के चलते ओमप्रकाश राजभर मार्च 2019 में सरकार से अलग गए थे। लोकसभा चुनाव 2019 में सुभासपा ने अपने दम पर चुनाव लड़ा। विधानसभा चुनाव 2022 से पहले सुभापसा ने समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन किया। वहीं जुलाई 2023 में ओमप्रकाश राजभर सपा से गठबंधन तोड़कर फिर एनडीए में शामिल हो गए।
दावा | भाजपा की सहयोगी पार्टी के नेता ओमप्रकाश राजभर ने भाजपा की आलोचना की। |
दावेदार | शिव्बच्चन यादव, जितेंद्रे वर्मा व अन्य |
निष्कर्ष | ओमप्रकाश राजभर का यह वीडियो साल 2021 का है। जिसमें उन्होंने शहरों के नाम बदलने पर भाजपा की आलोचना की थी। उस समय उनकी पार्टी भाजपा के साथ गठबंधन में नहीं थी। |
This website uses cookies.