सोशल मीडिया पर एक महिला की तस्वीर तेजी से वायरल हो रही है। तस्वीर के साथ यह दावा किया जा रहा है कि ओबीसी श्रेणी से आने वाली महिला शिक्षक प्रिया भारती ने ब्राह्मण प्रोफेसर द्वारा उत्पीड़न किए जाने के बाद आत्महत्या कर ली है। हालांकि, हमारी पड़ताल में यह दावा भ्रामक पाया गया है।
P R Doharey नाम के एक्स हैंडल ने लिखा, ”UGC कानून इसलिए भी जरूरी है,”
UGC कानून इसलिए भी जरूरी है,
— P R Doharey (@ParashuramDoha5) January 28, 2026
👇👇😥😥😥 pic.twitter.com/lTIIjR0Kw1
कामरुद्दीन सिद्दीकी ने लिखा, ”इसलिए है जरूरत UGC के नए नियमों की…”
इसलिए है जरूरत UGC के नए नियमों की… pic.twitter.com/KxYExUBUul
— 🇮🇳 Kamruddin Siddiqui 🇮🇳 (@KDSiddiqui786) January 28, 2026
समाजसेवी अरविंद यादव ने लिखा, ”देख लीजिए OBC वालों UGC बिल इसलिए भी जरुरी है। इसलिए खुलकर समर्थन करो UGC बिल का”
देख लीजिए OBC वालों UGC बिल इसलिए भी जरुरी है। इसलिए खुलकर समर्थन करो UGC बिल का 👍 pic.twitter.com/ddIEOb7Ukc
— समाजसेवी अरविन्द यादव (@samaajasev71002) January 28, 2026
वहीं, सुशील कुमार कामथरिया, नीरू यादव और सत्य नमह जैसे एक्स यूजर्स ने भी फोटो को इसी दावे के साथ शेयर किया।
यह भी पढ़ें : नेशनल हेराल्ड मुद्दे पर कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन का वीडियो यूजीसी से जोड़ा गया है
फैक्ट चेक
दावे की जांच के लिए सबसे पहले हमने वायरल तस्वीर का रिवर्स इमेज सर्च किया। इस दौरान यह तस्वीर हमें 27 जनवरी 2026 को प्रकाशित पत्रिका की एक रिपोर्ट में मिली। रिपोर्ट के अनुसार, बिहार के वैशाली जिले में रहने वाली महिला शिक्षक प्रिया भारती ने आत्महत्या कर ली है और उनका शव उनके किराए के मकान से बरामद हुआ है।

रिपोर्ट में बताया गया है कि महिला ने अपने सुसाइड नोट में लिखा, ”’मम्मी-पापा सॉरी! मुझे किसी से भी कोई विवाद नहीं है। ये कोई हत्या नहीं है। मैं प्रिया भारती अपनी बीमारी की वजह से जीवन लीला समाप्त कर रही हूं। इसमें किसी व्यक्ति का कोई हाथ नहीं है। मेरा शरीर रसलपुर ना ले जाया जाए। मेरा अंतिम संस्कार हाजीपुर में ही कर दिया जाए। मुखाग्नि मेरी बेटी से दिलवाई जाए ना कि मेरे पति से। मेरा मोबाइल मेरे पति को सौंप दिया जाए। मोबाइल के नोट्स में कुछ मैसेज, ऑडियो और वीडियो हैं। जिसका पासवर्ड मेरे पति को मालूम है। जिसका भी मैंने दिल दुखाया है सब से माफी मांगती हूं। पुलिस प्रशासन से अनुरोध है कि मेरा पोस्टमॉर्टम ना कराए। मेरे पति या परिवार पर किसी भी प्रकार का मुकदमा दर्ज नहीं किया जाए। ये कदम मेरा व्यक्तिगत है। मम्मी, भाई जी आपकी बेटी हार गई। सॉरी मम्मी। साढ़े 5 लीटर दूध का पैसा बकाया है। मेरे पर्स में पैसे हैं उसमें से दे दिया जाए।”
वहीं मृतक महिला शिक्षक के परिजनों ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए हत्या का मामला बताया है। प्रिया भारती के ममेरे भाई गुंजन कुमार ने कहा कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या है। वहीं, प्रिया के मामा हरिकांत गिरी ने बताया कि घटना से एक सप्ताह पहले घरेलू विवाद के बाद प्रिया अपनी तीन महीने की बेटी को लेकर रसूलपुर चली गई थी। जब घटना की सूचना मिली और परिवार उसके किराए के घर पहुंचा, तो उन्होंने देखा कि प्रिया रस्सी के सहारे लटकी हुई थी, लेकिन उसका पूरा शरीर जमीन पर टिका हुआ था। उन्होंने कहा कि सुसाइड नोट भी प्रिया के हैंडराइटिंग से मिलान नहीं खाती है। वह कभी भी ऐसा नहीं लिख सकती है।
वहीं अमर उजाला में प्रकाशित एक रिपोर्ट के मुताबिक, मृतक शिक्षक की मां इंद्रकला देवी ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है। इंद्रकला देवी ने बताया कि 26 जनवरी की सुबह करीब 7:30 बजे ससुराल पक्ष की ओर से फोन कर उन्हें बेटी की मौत की सूचना दी गई। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा था कि परिवार के पहुंचने तक किसी भी तरह की कार्रवाई न की जाए, लेकिन उनके वहां पहुंचने से पहले ही ससुराल वालों ने शव को फंदे से उतारकर सदर अस्पताल भेज दिया।
मां का आरोप है कि उनकी बेटी की साजिश के तहत दहेज के लिए हत्या की गई है। इस मामले में उन्होंने पति दीपक, सास उषा देवी, ननद सुजाता देवी और भांजा ऋषभ कुमार को नामजद आरोपी बनाया है। मृतका के चचेरे भाई अजीत ने आरोप लगाया है कि परिवार प्रिया के शव को अपने घर ले जाकर विधि-विधान से दाह संस्कार करना चाहता था, लेकिन करीब 50 लोगों के साथ दीपक मौके पर पहुंचा और दबाव बनाकर शव को छीन लिया। इसके बाद शव को कोनहारा घाट ले जाकर गंगा नदी में प्रवाहित कर दिया गया।फिलहाल, पति दीपक हिरासत में है और पुलिस मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है।
| दावा | बिहार के वैशाली की महिला शिक्षिका प्रिया भारती ने ब्राह्मण प्रोफेसर द्वारा उत्पीड़न किए जाने के कारण आत्महत्या कर ली है। |
| दावेदार | कामरुद्दीन सिद्दीकी, समाजसेवी अरविंद यादव और अन्य |
| निष्कर्ष | यह दावा भ्रामक है। बिहार के वैशाली की शिक्षिका प्रिया भारती की मौत के बाद सुसाइड नोट में आत्महत्या की वजह बीमारी बताई है। हालांकि महिला के परिवार ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। |
यह भी पढ़ें : यूजीसी विरोध के नाम पर बीजेपी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन का दावा भ्रामक है
