Home अन्य वाराणसी में रोपवे टूटने का दावा गलत, वायरल वीडियो छत्तीसगढ़ का है
अन्य

वाराणसी में रोपवे टूटने का दावा गलत, वायरल वीडियो छत्तीसगढ़ का है

Share
Share

सोशल मीडिया पर एक रोपवे की ट्रॉली गिरने का वीडियो वायरल है। दावा किया जा रहा है कि बनारस में 800 करोड़ की लागत से बना रोपवे प्रोजेक्ट का उद्घाटन होते ही उसका एक डिब्बा टूटकर गिर गया और उसमे सवार बीजेपी नेता घायल हो गए। हालांकि पड़ताल में यह दावा भ्रामक साबित हुआ।

डॉ. उदित राज ने एक्स पर वायरल वीडियो को पोस्ट कर लिखा, ‘800 करोड़ की उड़ान, और पहला सफ़र ज़मीन पर ख़त्म! बनारस में मोदी जी का रोपवे प्रोजेक्ट — उद्घाटन होते ही डिब्बा टूटा और बीजेपी नेता भी साथ में नीचे आ गिरे। “विकास” अब सीधा क्रैश लैंड कर रहा है।’

मनीष रजक ने लिखा, ‘बनारस में मोदी जी ने 4 KM का रोपवे 800 करोड़ की लागत से बनवाया। उद्घाटन होते ही डिब्बा टूटकर नीचे गिरा — और मज़े की बात, इस डिब्बे में भाजपा का नेता भी साथ में बैठा था। इतनी लागत और नतीजा – ज़मीन पर धड़ाम, इसमें 50% तक का भ्रष्टाचार सामने आएगा।’

राज कुमार शर्मा ने लिखा, ‘बनारस में भी मोदी जी ने कमाल कर दिखाया! 4 KM का रोपवे 800 करोड़ में बनवाया, और वो भी टूट गया। मोदी जी, सच बताइए… अपनी माँ की कसम, कितना कमीशन खाया?’

वहीं शीतल यादव और मोहमाद जोहा खान ने भी इसी दावे के साथ वीडियो को शेयर किया है।

यह भी पढ़ें: यूपी में उधार न लौटाने पर दोस्त की चिता को पीटने का दावा गलत है

फैक्ट चेक

पड़ताल में हमने सबसे पहले संबंधित कीवर्ड की मदद से गूगल सर्च किया। इस दौरान हमें वाराणसी में रोपवे की ट्राली गिरने की कोई मीडिया रिपोर्ट नहीं मिली। पड़ताल में आगे हमने वायरल वीडियो के अलग-अलग स्क्रीनशॉट को गूगल रिवर्स सर्च किया तो यह वीडियो हमें 25 अप्रैल 2025 को प्रकाशित ईटीवी भारत की एक रिपोर्ट में मिला। रिपोर्ट के मुताबिक यह वीडियो छत्तीसगढ़ के डोंगरगढ़ स्थित मां बम्लेश्वरी मंदिर पहाड़ पर स्थित रोपवे की ट्रॉली गिरने से हादसा का है।

Source: ETV Bharat

यह हादसा उस वक्त हुआ जब भाजपा प्रदेश महामंत्री भरत वर्मा,वरिष्ठ भाजपा नेता रामसेवक पैकरा,भाजपा नेता दया सिंह,मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष मनोज अग्रवाल मंदिर से नीचे की ओर आ रहे थे। उस दौरान अंतिम छोर पर रोपवे रुकने की जगह में रोपवे अचानक गिर गया। जिससे भरत वर्मा के हाथ और अन्य जगहों पर चोटें आई।

दावाबनारस में 800 करोड़ की लागत से बना रोपवे प्रोजेक्ट का उद्घाटन होते ही उसका एक डिब्बा टूटकर गिर गया।
दावेदारशीतल यादव, मनीष रजक व अन्य
निष्कर्षबनारस में रोपवे टूटने का दावा गलत है। वायरल वीडियो छत्तीसगढ़ के राजनांदगाँव में डोंगरगढ़ स्थित मां बम्लेश्वरी मंदिर का है, जहाँ अप्रैल 2025 में यह हादसा हुआ था।

Share