Home राजनीति सीएम रेखा गुप्ता का शीशमहल को लेकर बयान भ्रामक दावे के साथ वायरल
राजनीति

सीएम रेखा गुप्ता का शीशमहल को लेकर बयान भ्रामक दावे के साथ वायरल

Share
Share

बीते दिनों एक खबर सामने आई कि दिल्ली सरकार ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नए सरकारी आवास की मरम्मत पर 60 लाख रुपए खर्च करने का फैसला किया है। इसके लिए PWD ने 60 लाख रूपए का टेंडर भी पास कर दिया है। वहीं इसके बाद सोशल मीडिया पर रेखा गुप्ता का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में रेखा गुप्ता कह रही है कि वो शीशमहल जो पूर्व मुख्यमंत्री ने जनता की कमाई से अपने लिए बनवाया और एक ये है जिसे हमने जनता की सुविधा के लिए समर्पित किया है। यही फर्क है हमारी और पुरानी सरकारों की कार्यप्रणाली में।… इस वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि रेखा गुप्ता ने माना कि वो भी शीशमहल में रहने जा रहीं है और अब इस मामले पर सफाई दे रही हैं।

रितिका राजोरा ने एक्स पर लिखा, ‘₹60 लाख की साज-सज्जा पर मचा सियासी गरमाई, सीएम रेखा गुप्ता ने दी सफाई “वो शीशमहल जो पूर्व मुख्यमंत्री ने जनता की कमाई से अपने लिए बनवाया, और एक ये है जिसे हमने जनता की सुविधा के लिए समर्पित किया है। यही फर्क है हमारी और पुरानी सरकारों की कार्यप्रणाली में।’

प्रशांत राजोरा ने लिखा, ‘रेखा गुप्ता ने माना कि वो भी शीशमहल में रहने जा रहीं है जिसके अंदर 60 लाख रूपये की चमक धमक करवाई है !!’

वहीं विवेक गुप्ता ने लिखा, ‘रेखा गुप्ता ने माना कि वो भी शीशमहल में रहने जा रहीं है’

यह भी पढ़ें: कथावाचक ने शराब के नशे में महिला से छेड़छाड़ की? यह दावा भ्रामक है

फैक्ट चेक

दावे की पड़ताल के लिए हमने संबंधित कीवर्ड की मदद से गूगल सर्च किया। इस दौरान यह वीडियो हमें 2 जून 2025 को ANI के एक्स हैंडल पर पोस्ट मिला। जिसके मुताबिक यह वीडियो दिल्ली के शालीमार बाग में पुनर्निर्मित विरासत संरचनाओं और शीश महल के अनावरण के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम का है।

ABP न्यूज़ के मुताबिक शालीमार बाग़ में 17वीं सदी के शीशमहल के जीर्णोद्धार कार्य किया गया है। दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और बीजेपी सांसद प्रवीण खंडेलवाल डीडीए शालीमार बाग में पुनर्निर्मित संरचनाओं और शीश महल का अनावरण किया।

इस मौके पर दिल्ली के मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि वो शीश महल जो पूर्व मुख्यमंत्री ने केवल अपनी अय्याशी के लिए बनाया था। दिल्ली की जनता की खून पसीने की कमाई के पैसे से बनाया था और ये एक शीश महल है जो जनता को समर्पित कर, उनकी सुविधा के लिए आज दिया गया है। ये फर्क है, पहले की सरकारों में और इस सरकार की कार्य प्रणाली में। मैं तो यही कहूंगी कि जनता का शीश महल आबाद रहे और जिन लोगों ने अपने स्वार्थ के लिए किया उनको तो कानून ही देखेगा।

वहीं अमर उजाला के मुताबिक मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता जिस शीशमहल की बात कर रही हैं वह शालीमार बाग में स्थित करीब 400 साल पुराना मुगलकालीन स्मारक है। वर्ष 1653 में बने शालीमार बाग का शीश महल मुगल सम्राट शाहजहां की पत्नी अकबराबादी बेगम ने बनवाया था। दशकों की उपेक्षा से यह स्मारक जर्जर हो चुका था। जनवरी 2024 में उपराज्यपाल सक्सेना ने इसका जायजा लिया और डीडीए को भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के साथ मिलकर इसे बहाल करने का जिम्मा सौंपा था। 

दावा रेखा गुप्ता ने माना कि वो भी शीशमहल में रहने जा रहीं है और अब इस मामले पर सफाई दे रही हैं।
दावेदार विवेक गुप्ता, प्रशांत राजौर व अन्य
निष्कर्ष शीशमहल को लेकर दिया गया सीएम रेखा गुप्ता का वायरल बयान उनके सरकारी आवास को लेकर नहीं है। असल में उन्होंने यह बयान शालीमार बाग में स्थित मुगलकालीन स्मारक शीशमहल को लेकर दिया था।

Share