अन्य

टिकट कटने की वजह से बीजेपी नेता अश्विनी चौबे के रोने का दावा गलत है

आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर बीजेपी धीरे-धीरे उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर रही है। पार्टी की तरफ से अब तक कुल 7 लिस्ट जारी की जा चुकी हैं। बीजेपी ने इस बार कई नए उम्मीदवारों पर दावा लगाया है। वहीं कई बड़े नेताओं का टिकट काट दिया है। टिकट कटने वाले नेताओं में बक्सर से बीजेपी सांसद अश्विनी चौबे का नाम भी शामिल है। वहीं अश्विनी चौबे का टिकट कटने के बाद सोशल मीडिया पर फूट-फूटकर रोने का उनका एक वीडियो वायरल हो रहा है। दावा किया जा रहा है कि भाजपा ने अश्विनी चौबे का टिकट काटकर बिहार के सम्पूर्ण ब्राह्मण का अपमान किया है। हालांकि हमारी पड़ताल में यह वीडियो पुराना निकला।

यूथ RJD के सोशल मीडिया इंचार्ज अलोक चिक्कू ने इस पर यह वीडियो शेयर करते हुए लिखा, ‘अश्विनी चौबे के एक एक आंसू का बदला लेगा ब्राह्मण समाज भाजपा ने अश्विनी चौबे का टिकट काटकर बिहार के सम्पूर्ण ब्राह्मण का अपमान किया है। ब्राह्मण समाज स्वाभिमानी समाज है वो ऐसी पार्टी को कभी वोट नहीं करेगी जिसने उसके प्रिय नेता को सार्वजनिक जगह पर रोने को मजबूर कर दिया हो। ब्रह्मण समाज अपने इस अपमान का बदला राजद को वोट करके लेगा ताकि भविष्य में भाजपा फिर किसी ब्राह्मण को रुलाने की गलती न करेगी।’

लालू यादव के पैरोडी अकाउंट रोफ्ल लालू ने लिखा, ‘अगर आप अपने मन की बात किसी के डर से ना बोल पाए तो आप स्वस्थ लोकतंत्र में नहीं जी रहे हैं। बक्सर से अश्विनी चौबे का टिकट काट दिया गया । चौबे जी रो रहे हैं , बहुत आहत है लेकिन मजाल है जो पार्टी के ख़िलाफ़ बग़ावत कर दें या किसी और पार्टी की तरफ़ मुँह कर लें। बग़ावत तो बहुत दूर की बात है, शीर्ष नेतृत्व के ख़िलाफ़ एक शब्द भी नहीं बोल पायेंगे । 1-2 दिन में चौबे जी का बयान आएगा कि वो ऐक्टिव पॉलिटिक्स से संन्यास ले रहे हैं। गौतम गंभीर, हर्षवर्धन , वीके सिंह और जितने भी मौजूदा सांसद के टिकट काटे गये, अधिकतर लोगों का यही बयान आया है। आप इसे अनुशासन बोल सकते हैं लेकिन यह अनुशासन नहीं डंडा है। अगर पार्टी के ख़िलाफ़ कुछ बोले तो अभी तो सिर्फ़ टिकट ही कटा है , बाद में मॉर्निंग वॉक भी मुश्किल हो जाएगी।’

संतोष कुमार यादव ने लिखा, ‘ब्राह्मण समाज के अश्विनी चौबे का टिकट काटकर बी जे पार्टी ने सम्पूर्ण ब्राह्मण समाज का अपमान किया है! सम्पूर्ण ब्राह्मण समाज भाजपा को हराकर इनके आँसूओ का बदला अवश्य लेगा!!’

नागेश ने लिखा, ‘ब्राह्मण हैं इसलिए आपको भाजपा से टिकट नहीं मिला साहब अश्विनी चौबे जी, आप रोकर कर ही क्या सकते हैं…?? हाथ मलने के सिवा और क्या होगा।’

वहीं हरेन्द्र यादव ने लिखा, ‘अश्विनी चौबे के एक-एक आंसू का बदला लेगा ब्राह्मण समाज। मोदी – शाह ने अश्विनी चौबे का टिकट काटकर बिहार के सम्पूर्ण ब्राह्मण का अपमान किया है। ब्राह्मण समाज स्वाभिमानी समाज है वो भाजपा को वोट कभी नही करेगा।’

यह भी पढ़ें: मुख्तार अंसारी गरीबों का मसीहा था?

फैक्ट चेक

पड़ताल के लिए हमने कुछ कीवर्ड की मदद से गूगल सर्च किया। इस दौरान अश्विनी चौबे का यह वीडियो हमें 16 जून 2023 को इंडिया टीवी के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर अपलोड मिला। वीडियो में बताया गया है कि अश्विनी चौबे पटना में नीतीश सरकार के खिलाफ प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे थे, तभी एक खबर उनको मिली खबर सुनकर अश्विनी चौबे खुद को संभाल नहीं पाए और रोने लगे। वीडियो में अश्विनी चौबे ने बताया कि, ‘मेरे भाई परशुराम चतुर्वेदी की हार्ट अटैक से मौत हो गई है।

पड़ताल में आगे इस पूरे मामले की जानकारी हमें 16 जून 2023 को प्रकशित जागरण की एक रिपोर्ट में मिली। रिपोर्ट के मुताबिक, जून 2023 में केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे व परशुराम चतुर्वेदी ने बक्सर में किसानों के समर्थन में उपवास और मौन व्रत रखा था। बक्सर से पटना लौटने के बाद केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे एक प्रेस कांफ्रेंस कर रहे थे। प्रेस कांफ्रेंस के दौरान ही केंद्रीय मंत्री चौबे को भाजपा प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य परशुराम चतुर्वेदी के निधन की खबर मिल गई। इसके बाद वह प्रेस वार्ता के दौरान ही फूट-फूटकर रोने लगे। उन्होंने कहा कि चतुर्वेदी चार दिनों से मेरे साथ थे। उन्होंने चतुर्वेदी के निधन को व्यक्तिगत क्षति बताया।

पड़ताल में यह भी पता चला कि बक्सर सीट से गोपालगंज के पूर्व विधायक और बिहार भाजपा के प्रदेश महामंत्री मिथिलेश तिवारी को चुनाव मैदान में उतारा गया है।

निष्कर्ष: पड़ताल में स्पष्ट है कि लोकसभा का टिकट न मिलने पर अश्विनी चौबे के रोने का वीडियो भ्रामक है। असल में यह वीडियो एक साल पुराना है, जिसमें अश्विनी चौबे परशुराम चतुर्वेदी की मौत कि खबर मिलने पर रोने लगे थे।

दावा लोकसभा का टिकट कटने पर फूट-फूटकर रोने लगे अश्विनी चौबे
दावेदार आलोक, संतोष कुमार यादव, नागेश व अन्य
फैक्ट चेक भ्रामक
Share
Tags: Ashwini Choubey crying bjp candidate list BJP leader Ashwini Choubey crying because of not getting ticket Fake News loksabha election 2024 Misleading अश्विनी कुमार चौबे अश्विनी चौबे फैक्ट चैक

This website uses cookies.