Home अन्य क्या इंडिया गेट पर लिखे हैं 61,945 मुसलमान शहीदों के नाम? पढ़ें फैक्ट चेक 
अन्यहिंदी

क्या इंडिया गेट पर लिखे हैं 61,945 मुसलमान शहीदों के नाम? पढ़ें फैक्ट चेक 

Share
Share

दिल्ली के इंडिया गेट पर हजारों मुसलमान शहीदों के नाम लिखे होने का दावा समय-समय पर सोशल मीडिया पर वायरल होता रहता है। दावा किया जाता है कि इंडिया गेट पर 95300 स्वतंत्रता सेनानियों के नाम लिखे हैं, जिनमें 61945 मुसलमान हैं। वहीं 10777 शहीद दलित, 14480 शहीद पिछड़े, 8050 शहीद सिख और 598 शहीद सवर्ण हैं।

तरुण जाटव ने एक्स पर लिखा, ‘जो लोग दलितों पिछड़ों मुसलमानों को देशभक्ति का सर्टिफिकेट बांटते हैं जाकर देख लो आज भी दिल्ली के इंडिया गेट पर वीर शहीदों के नाम – मुसलमान – 61395 दलित- 10777 पिछड़े – 14480 सिख – 8050 सवर्ण – 598’

‘अरुंदती’ नाम की यूजर ने एक्स पर लिखा, “जय हिंद दोस्तों! इंडिया गेट पर 95300 शहीद सैनिकों के नाम अंकित हैं। जिनमें से 61,945 मुस्लिम हैं। किसे चाहिए देशभक्ति का प्रमाण पत्र?

इसी दावे के साथ हमें कई और ट्वीट मिले, जिसे डॉ. तैमूर खान, शहनवाज़ आलम और मुस्ताक अंसारी नाम के अकाउंट से ट्वीट किया गया है।

यह भी पढ़ें: ‘भारतीय सेना के भगवाकरण को बर्दाश्त नहीं कर सकती….’, कर्नल सोफिया कुरैशी का वायरल वीडियो एडिटेड है

फैक्ट चेक

वायरल दावे की पड़ताल के लिए हमने सबसे पहले गूगल पर कीवर्ड से इंडिया गेट के बारे में सर्च किया। दिल्ली टूरिज्म की वेबसाइट के मुताबिक, इंडिया गेट को उन 70 हजार भारतीय सैनिकों को याद में बनवाया गया, जिन्होंने प्रथम विश्व युद्ध के दौरान ब्रिटिश सेना के लिए लड़ते हुए अपनी जान गंवा दी थी। स्मारक में 13,516 से अधिक ब्रिटिश और भारतीय सैनिकों के नाम हैं, जो 1919 के अफगान युद्ध में शहीद हुए थे। इसकी आधारशिला 1921 में हिज रॉयल हाइनेस, ड्यूक ऑफ कनॉट ने रखी थी। इसे एडविन लुटियंस ने डिजाइन किया था। 10 साल बाद स्मारक को तत्कालीन वायसराय लॉर्ड इरविन ने राष्ट्र को समर्पित कर दिया था।

डीएम नई दिल्ली की वेबसाइट पर भी इस बारे में जानकारी दी गई है। इसके अनुसार, इंडिया गेट प्रथम विश्व युद्ध में ब्रिटिश सेना के लिए लड़ते हुए जान गंवाने वाले 70 हजार जवानों की याद दिलाता है। इस पर 13,516 से ज्यादा ब्रिटिश और भारतीय सैनिकों के नाम दर्ज हैं, जो अफगान युद्ध 1919 में शहीद हुए थे।

स्मारक में कितने लोगों के नाम दर्ज हैं, इस बात की पुष्टि के लिए, हमने Commonwealth war Graves की वेबसाइट पर भी खोजा। कॉमनवेल्थ वॉर ग्रेव्स कमीशन एक ऐसी संस्था है, जो दुनिया भर में युद्ध शहीदों का रिकॉर्ड रखती है। वेबसाइट के मुताबिक, इंडिया गेट पर 13,220 शहीदों के नाम दर्ज हैं, जिसमें कुल 12 हजार 260 भारतीय सैनिकों के नाम हैं। वहीं यूनाइटेड किंग्डम के 959 और ऑस्ट्रेलिया के 1 सैनिक का नाम शामिल है। इस लिस्ट में किसी भी सैनिक की जाति व धर्म के आधार पर भेदभाव नहीं किया गया है।

दावाइंडिया गेट पर 61,945 मुस्लिम सैनिकों के नाम दर्ज हैं।
दावेदारअरुंदती, डॉ. तैमूर खान, शहनवाज़ आलम व अन्य
निष्कर्षइंडिया गेट पर 61,945 मुस्लिम सैनिकों के नाम लिखे होने का दावा भ्रामक है, क्योंकि इंडिया गेट पर कुल 13 हजार सैनिकों के नाम ही दर्ज हैं। इसमें भारतीयों के कुल 12 हजार 260 नाम हैं। वहीं यूनाइटेड किंग्डम के 959 और ऑस्ट्रेलिया के 1 सैनिक का नाम शामिल है।
Share