पत्रकार रवीश कुमार का एक एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो का टाइटल है, ‘कंगना ओर मोदी के रिश्तो पर इमरती ईरानी का बड़ा खुलासा।’ जिसमें रवीश कुमार द्वारा बताया जा रहा है कि भाजपा नेता स्मृति ईरानी और सुब्रमण्यम स्वामी ने कंगना और पीएम मोदी के बीच अनैतिक संबंध का आरोप लगाया है। इसके साथ ही वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण पर भी कई आरोप लगाये हैं। हालांकि हमारी पड़ताल में यह दावा गलत साबित हुआ।
दिव्या कुमारी ने एक्स पर इस वीडियो को शेयर कर लिखा, ‘सुनिए रविश कुमार जी को कँगना ओर मोदी के रिश्तो पर इमरती ईरानी का खुलासा’
यह भी पढ़ें: वायरल वीडियो राहुल गांधी की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ का नहीं है
फैक्ट चेक
दावे की पड़ताल के लिए हमने रवीश कुमार के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर वायरल वीडियो को तलाशने की कोशिश की, लेकिन यह वीडियो हमें उनके चैनल पर नहीं मिला।पड़ताल में आगे हमने संबंधित कीवर्ड की मदद से गूगल सर्च किया। इस दौरान यह वीडियो हमें 20 अगस्त 2025 को ‘वायरल रिपोर्ट’ नाम के एक अन्य यूट्यूब चैनल पर पोस्ट मिला।
‘वायरल रिपोर्ट’ के यूट्यूब चैनल की प्रोफाइल पर रवीश कुमार की ही फोटो लगी हुई है, लेकिन चैनल के डिस्क्रिप्शन में साफ-साफ बताया गया है कि यह चैनल रवीश कुमार से जुड़ा हुआ नहीं है। इसमें इस्तेमाल की गई आवाज़ AI की मदद से बनाई गई नकली आवाज़ है, जिसका इस्तेमाल सिर्फ जानकारी देने और रचनात्मक प्रस्तुति के लिए किया गया है।

वहीं 8 जुलाई 2025 को रवीश कुमार ने खुद अपने एक्स हैंडल से एक वीडियो जारी कर दर्शकों को उनके नाम से चल रहे फर्जी यूट्यूब चैनलों के बारे में सतर्क किया। यह सभी चैनल रवीश कुमार की तस्वीर और उनकी AI जनरेटेड आवाज की मदद से चैनल चला रहे हैं।
| दावा | रवीश कुमार ने अपने एक वीडियो में बताया कि भाजपा नेता स्मृति ईरानी और सुब्रमण्यम स्वामी ने कंगना और पीएम मोदी के बीच अवैध संबंध का आरोप लगाया है। |
| दावेदार | दिव्या कुमारी |
| निष्कर्ष | रवीश कुमार का यह वीडियो फर्जी है। इसे ‘वायरल रिपोर्ट’ नाम के एक यूट्यूब चैनल ने रवीश कुमार की AI जनरेटेड वॉइस की मदद से बनाया है। |
