Home राजनीति सीएम योगी की यह तस्वीर बीजेपी महामंत्री की भतीजी से फैजान करीम के निकाह में शामिल होने की नही है
राजनीति

सीएम योगी की यह तस्वीर बीजेपी महामंत्री की भतीजी से फैजान करीम के निकाह में शामिल होने की नही है

Share
Share

सोशल मीडिया पर एक नवविवाहित जोड़े के साथ बैठे सीएम योगी की एक तस्वीर वायरल है। दावा किया जा रहा है कि यह तस्वीर बीजेपी महामंत्री रामलाल की भतीजी से फैजान करीम के निकाह की तस्वीर है। जिसमें सीएम योगी शामिल हुए। हालांकि हमारी पड़ताल में यह दावा गलत साबित हुआ।

सैयद उज्मा प्रवीन ने एक्स पर इस तस्वीर को शेयर कर लिखा, ‘BJP महामंत्री रामलाल की भतीजी से फैजान करीम के निकाह में योगी रहे थे हाजिर गरीब मुस्लमान से नफरत ओर मालदार मुस्लमान पहली पसंद’

राजेश भारतीय ने लिखा, ‘BJP महामंत्री रामलाल की भतीजी से फैजान करीम के निकाह में योगी रहे थे हाजिर गरीब मुस्लमान से नफरत ओर मालदार मुस्लमान पहली पसंद’

यह भी पढ़ें : अमेरिका में एपस्टीन फाइल्स को लेकर ट्रम्प के खिलाफ प्रदर्शन का दावा भ्रामक है

फैक्ट चेक

दावे की पड़ताल के लिए हमने वायरल तस्वीर को गूगल लेंस टूल की मदद से रिवर्स सर्च किया। इस दौरान यह तस्वीर हमें 10 दिसंबर 2025 को प्रकाशित दैनिक भास्कर की एक रिपोर्ट में मिली। रिपोर्ट के मुताबिक यह तस्वीर झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार के बेटे की शादी की है। संतोष कुमार गंगवार के बेटे अपूर्व गंगवार की शादी बेंगलुरु की इंजीनियर संजना संग हुई है। इस शादी में शामिल होने के लिए सीएम योगी आदित्यनाथ बरेली पहुंचे। योगी ने स्टेज पर दूल्हा-दुल्हन को आशीर्वाद दिया। साथ ही फूलों का गुलदस्ता और दो गिफ्ट पैकेट भी दिए।

वहीं पड़ताल में आगे बीजेपी महामंत्री रामलाल की भतीजी से फैजान करीम की शादी के बारे में सर्च करने पर हमें दैनिक भास्कर की एक सात साल पुरानी खबर मिली। जिसके मुताबिक, लखनऊ में भाजपा के संगठन महामंत्री रामलाल की भतीजी श्रेया गुप्ता की शादी गोरखपुर की कांग्रेस नेता डाॅ. सुरहिता चटर्जी करीम के बेटे फैजान करीम के साथ वैदिक रीति-रिवाज से हुई थी। समारोह में पहुंचाने वालों में राम नाईक, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्‌डा, मुख्तार अब्बास नकवी, भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री भूपेंद्र यादव के अलावा कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी भी शामिल थे। लेकिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस कार्यक्रम में नहीं आए।

दावाबीजेपी महामंत्री रामलाल की भतीजी से फैजान करीम के निकाह में योगी शामिल हुए।
दावेदारसैयद उज्मा प्रवीन और राजेश भारतीय
निष्कर्षसीएम योगी द्वारा बीजेपी महामंत्री रामलाल की भतीजी से फैजान करीम के निकाह में शामिल होने का दावा गलत है। वायरल तस्वीर झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार के बेटे की शादी की है।

Share