सोशल मीडिया पर एक मंदिर के अंदर दो पक्षों के बीच मारपीट का वीडियो वायरल है। वीडियो में देखा जा सकता है कि भगवा वस्त्र पहने लोगों को कुछ लोग पीट रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि मंदिर में दान दक्षिणा बंटवारे को लेकर दो पंडितों के बीच मारपीट हुई। हालांकि पड़ताल में यह दावा भ्रामक निकला।
सत्यदर्शन नाम के एक्स हैंडल ने वीडियो को शेयर कर लिखा, ‘मंदिर की दानपेटी से सबसे ज्यादा मेरा हिस्सा नहीं मेरा हिस्सा तू 10% में 90% लूँगा बस इसी बात पर घमासान युद्ध हो गया’
मंदिर की दानपेटी से सबसे ज्यादा मेरा हिस्सा नहीं मेरा हिस्सा तू 10% में 90% लूँगा 😂😂
— सत्यदर्शन ®️ (@pitamaha_b52862) December 18, 2025
बस इसी बात पर घमासान युद्ध हो गया 😂😂 pic.twitter.com/MABH6gWMuG
AmbedkariteIND नाम के एक्स हैंडल ने लिखा, ‘पूरा खेल डोनेशन बॉक्स का है।’
The entire game is of the donation box. 🔥🔥🔥 pic.twitter.com/f6lDqWlawq
— AmbedkariteIND (@AmbedkariteLk) December 20, 2025
वहीं युवा एक सोच नाम के एक्स हैंडल ने लिखा, ‘मंदिर की दानपेटी से सबसे ज्यादा मेरा हिस्सा नहीं मेरा हिस्सा तू 10% में 90% लूँगा बस इसी बात पर घमासान युद्ध हो गया ये बनाएंगे हिंदू राष्ट्र’
यह भी पढ़ें: दुबई में भारतीय मुसलमान द्वारा देश के लिए लड़ने का दावा भ्रामक, वायरल वीडियो बॉक्सर नीरज गोयत का है
फैक्ट चेक
दावे की पड़ताल में वायरल वीडियो को रिवर्स सर्च करने पर हमें jmdnewsflash नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट पर 8 जुलाई को पोस्ट मिला। वीडियो में इसे मिर्जापुर के विंध्याचल मंदिर में पुजारी से मारपीट का मामला बताया गया है।

पड़ताल में आगे मिली जानकारी की मदद से गूगल सर्च करने पर हमें 5 जुलाई 2025 को प्रकाशित दैनिक भास्कर की एक रिपोर्ट मिली। रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना मिर्जापुर में मां विंध्याचल मंदिर की है। जहाँ मंदिर के गर्भगृह में आधी रात तीर्थ पुरोहितों के बीच मारपीट हो गई। दरअसल, श्रद्धालुओं को VIP दर्शन कराने के नाम पर पैसे लेकर मंदिर में जबरन प्रवेश कराया जा रहा था। मंदिर के पुजारी और उनके बेटे ने आपत्ति जताई। इस पर मंदिर के पंडा समाज के तीर्थ पुरोहितों ने उनको गर्भगृह में घुसकर पीटना शुरू कर दिया।

विंध्यवासिनी मंदिर धाम ( विंध्याचल मंदिर) के प्रधान श्रृंगारिया पुजारी विश्वमोहन मिश्र उर्फ बड़े श्रृंगारिया ने बताया- श्रद्धालुओं के दर्शन के बाद देर रात का मामला है। मैं अपने बेटे शिवांजू मिश्र के साथ गर्भगृह में मां विंध्यवासिनी की शयन आरती से पहले श्रृंगार की तैयारी कर रहे थे। तभी रात 11.55 बजे मंदिर के पंडा समाज के तीर्थ पुरोहित अमित पांडेय, सुमित पांडेय, नवनीत पांडेय एक अन्य व्यक्ति के साथ गर्भगृह में घुस आए। जबरन दर्शन कराने का दबाव बनाने लगे। मना करने पर उन्होंने मुझे धक्का दिया। बेटे शिवांजू को पीटने लगे। बेटे के गले से सोने की चेन और चांदी जड़ी रुद्राक्ष की माला भी छीन ली। मंदिर में मौजूद श्रद्धालुओं और अन्य सेवादारों ने बीच बचाव किया। जाते-जाते आरोपियों ने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। मारपीट में मेरे बेटे की नाक पर गंभीर चोट आई है।
एसपी सिटी नीतेश कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी वीआईपी दर्शन कराने के नाम पर श्रद्धालुओं से पैसे ले रहे थे। कई भक्तों से पैसे लेकर उन्हें एक साथ दर्शन के लिए भेज दिया था। लेकिन श्रृंगार के समय आम श्रद्धालुओं का प्रवेश वर्जित होता है। ऐसे में पुजारी और उनके बेटे ने लोगों को रुकने को कहा। इसी बात पर दोनों पक्षों में मारपीट हुई है। । पुजारी की शिकायत पर पुलिस ने 3 नामजद और एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
| दावा | मंदिर में दान दक्षिणा बंटवारे को लेकर दो पंडितों के बीच मारपीट हुई। |
| दावेदार | सत्यदर्शन, युवा एक सोच व अन्य |
| निष्कर्ष | वायरल वीडियो मिर्जापुर के विंध्याचल मंदिर का है। जहाँ श्रद्धालुओं को VIP दर्शन कराने के नाम पर पैसे लेकर मंदिर में जबरन प्रवेश कराया जा रहा था। जिसका विरोध करने पर पुजारी के साथ मारपीट हुई थी। |
