Home धर्म मिर्जापुर में दान दक्षिणा के बंटवारे को लेकर मंदिर में पंडितों में मारपीट का दावा भ्रामक है
धर्म

मिर्जापुर में दान दक्षिणा के बंटवारे को लेकर मंदिर में पंडितों में मारपीट का दावा भ्रामक है

Share
Share

मंदिर में मारपीट करते पुजारियों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। वीडियो में कुछ पुजारियों को आपस में मंदिर के गर्भगृह में मारपीट करते हुए देखा जा सकता है। दावा किया जा रहा है कि मिर्जापुर में मां विंध्यवासिनी मंदिर के गर्भगृह में दान दक्षिणा बंटवारे को लेकर दो पंडितों के बीच मारपीट हुई। हालांकि पड़ताल में यह दावा भ्रामक निकला।

संदीप विश्वकर्मा ने एक्स पर वायरल वीडियो को पोस्ट कर लिखा, ‘मिर्जापुर में मां विंध्यवासिनी मंदिर के गर्भगृह में दान दक्षिणा बंटवारे को लेकर दो पंडितों में मारामारी..’

लाखन मीणा ने लिखा, ‘पूरा खेल दानपेटी का है’

राजेंद्रे विश्वकर्मा ने लिखा, ‘ए जो मारामारी चल रही है धर्म के लिए नही है – ए मारामारी धर्म के नाम पर दानपेटी में जो माल आ रहा है उसके लिए है , कोई गलतफहमी न रहे कि लड़ाई धर्म के लिए है !’

यह भी पढ़ें: भगवा वस्त्र पहने पंडित द्वारा नॉनवेज खाने का वीडियो स्क्रिप्टेड है

फैक्ट चेक

दावे की पड़ताल में हमने कीवर्ड की मदद से गूगल सर्च किया। इस दौरान हमें 5 जुलाई 2025 को प्रकाशित दैनिक भास्कर की एक रिपोर्ट मिली। रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना मिर्जापुर में मां विंध्याचल मंदिर की है। जहाँ मंदिर के गर्भगृह में आधी रात तीर्थ पुरोहितों के बीच मारपीट हो गई। दरअसल, श्रद्धालुओं को VIP दर्शन कराने के नाम पर पैसे लेकर मंदिर में जबरन प्रवेश कराया जा रहा था। मंदिर के पुजारी और उनके बेटे ने आपत्ति जताई। इस पर मंदिर के पंडा समाज के तीर्थ पुरोहितों ने उनको गर्भगृह में घुसकर पीटना शुरू कर दिया।

Source: Dainik Bhaskar

विंध्यवासिनी मंदिर धाम ( विंध्याचल मंदिर) के प्रधान श्रृंगारिया पुजारी विश्वमोहन मिश्र उर्फ बड़े श्रृंगारिया ने बताया- श्रद्धालुओं के दर्शन के बाद देर रात का मामला है। मैं अपने बेटे शिवांजू मिश्र के साथ गर्भगृह में मां विंध्यवासिनी की शयन आरती से पहले श्रृंगार की तैयारी कर रहे थे। तभी रात 11.55 बजे मंदिर के पंडा समाज के तीर्थ पुरोहित अमित पांडेय, सुमित पांडेय, नवनीत पांडेय एक अन्य व्यक्ति के साथ गर्भगृह में घुस आए। जबरन दर्शन कराने का दबाव बनाने लगे। मना करने पर उन्होंने मुझे धक्का दिया। बेटे शिवांजू को पीटने लगे। बेटे के गले से सोने की चेन और चांदी जड़ी रुद्राक्ष की माला भी छीन ली। मंदिर में मौजूद श्रद्धालुओं और अन्य सेवादारों ने बीच बचाव किया। जाते-जाते आरोपियों ने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। मारपीट में मेरे बेटे की नाक पर गंभीर चोट आई है।

एसपी सिटी नीतेश कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी वीआईपी दर्शन कराने के नाम पर श्रद्धालुओं से पैसे ले रहे थे। कई भक्तों से पैसे लेकर उन्हें एक साथ दर्शन के लिए भेज दिया था। लेकिन श्रृंगार के समय आम श्रद्धालुओं का प्रवेश वर्जित होता है। ऐसे में पुजारी और उनके बेटे ने लोगों को रुकने को कहा। इसी बात पर दोनों पक्षों में मारपीट हुई है। । पुजारी की शिकायत पर पुलिस ने 3 नामजद और एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

दावामिर्जापुर में मां विंध्यवासिनी मंदिर के गर्भगृह में दान दक्षिणा बंटवारे को लेकर दो पंडितों के बीच मारपीट हुई।
दावेदारलाखन मीणा, संदीप विश्वकर्मा व अन्य
निष्कर्षमां विंध्यवासिनी मंदिर में दान दक्षिणा के बंटवारे को लेकर दो पंडितों में मारपीट का दावा भ्रामक है। असल में श्रद्धालुओं को VIP दर्शन कराने के नाम पर पैसे लेकर मंदिर में जबरन प्रवेश कराया जा रहा था। जिसका विरोध करने पर पुजारी के साथ मारपीट हुई थी।


Share