सोशल मीडिया पर भारतीय सेना के कुछ घायल जवानों की तस्वीर वायरल है। दावा किया जा रहा है कि पुंछ में नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तानी सेना की कार्रवाई में 3 भारतीय सैनिक शहीद हो गए हैं। वहीं 4 सैनिक घायल हो गए हैं। हालांकि हमारी पड़ताल में यह दावा भ्रामक साबित हुआ।
सोनम यादव ने एक्स पर लिखा, ‘नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तानी सेना की कार्रवाई में 3 भारतीय सैनिक शहीद, 4 घायल हुए तथा 1 बंकर नष्ट हो गया। कहां है 52 इंच सीने वाला कायर’

South Asian Perspective नाम के एक्स हैंडल ने लिखा, ‘पाकिस्तानी सेना ने नियंत्रण रेखा पर भारी गोलीबारी कर जवाब दिया, जिसके परिणामस्वरूप भारतीय सेना को भारी नुकसान हुआ।’
अहमद ने लिखा, ‘यही अंजाम होता है जब हिन्दुस्तानी सेना निहत्थे जम्मू-कश्मीर के बच्चों और महिलाओं के बजाय असली दुश्मन ( पाकिस्तानी सेना) से भिड़ती है।’

यह भी पढ़ें: सशस्त्र सीमा बल के जवानों को वेतन न मिलने की खबर भ्रामक है
फैक्ट चेक
दावे की पड़ताल में संबंधित कीवर्ड की मदद से गूगल सर्च करने पर हमें 2 अप्रैल 2025 को प्रकाशित जागरण की एक रिपोर्ट मिली।रिपोर्ट के मुताबिक, पुंछ में नियंत्रण रेखा पर मंगलवार को घुसपैठ के बड़े प्रयास को भारतीय सेना ने विफल बना दिया। जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 12 बजे कृष्णा घाटी सेक्टर में भारतीय सेना की अग्रिम पोस्ट के नजदीक जंगली क्षेत्र में अचानक संदिग्ध परिस्थितियों में एक के बाद एक तीन बारूदी सुरंगों में विस्फोट हुए। इसके साथ ही पाकिस्तान की तरफ से गोलीबारी भी शुरू कर दी गई।
ऐसी आशंका जताई जा रही है कि एलओसी के उस पार से आतंकियों का एक दल भारतीय क्षेत्र में घुसपैठ का प्रयास कर रहा था, उसी समय भारतीय सेना की ओर से घुसपैठ को रोकने के लिए बिछाई गई बारूदी सुरंगों में विस्फोट होने के कारण आतंकियों का मंसूबा नाकाम हो गया और वे वापस भागने को मजबूर हो गए। आतंकियों को भारतीय सेना से बचाने के लिए पाकिस्तानी सेना ने गोलीबारी कर उन्हें कवर फायर भी दिया। नियंत्रण रेखा पर घुसपैठ की आशंका को देखते हुए भारतीय सेना ने भी जवाबी गोलीबारी की। सूत्रों के अनुसार, गोलीबोरी में सीमा पार काफी नुकसान व पाकिस्तान के दस सैनिकों के घायल होने की भी सूचना है।
पड़ताल में आगे हमने सोशल मीडिया पर वायरल भारतीय जवानों की तस्वीरों को रिवर्स किया। घाटी में गिरी सेना की गाड़ी की तस्वीर को रिवर्स सर्च करने पर हमें 21 दिसंबर 2020 को ANI द्वारा एक पर पोस्ट मिली। जिसके मुताबिक, यह तस्वीर सिक्किम के नाथुला में भारत-चीन सीमा के पास हुए एक सड़क हादसे की है। हादसे में सैन्यकर्मियों का वाहन खाई में जा गिरा था, जिसमें तीन सैन्यकर्मियों और सेना के कर्नल के 13 साल के बेटे ने जान गंवा दी थी।
घायल जवानों की दूसरी तस्वीर को रिवर्स सर्च किया तो यह तस्वीर हमें Dailyexcelsior.com नाम की वेबसाइट पर 8 जुलाई 2024 को प्रकाशित एक रिपोर्ट में मिली। रिपोर्ट के मुताबिक, यह तस्वीर जम्मू के कठुआ में सेना के वाहन पर हुए आतंकी हमने में शहीद जवानों की है।

दावा | नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तानी सेना की कार्रवाई में 3 भारतीय सैनिक शहीद, 4 घायल। |
दावेदार | सोनम यादव, साउथ एशियन पर्सपेक्टिव व अन्य |
निष्कर्ष | पुंछ में नियंत्रण रेखा पर भारतीय सैनिकों के शहीद होने का दावा गलत है। घायल भारतीय सैनिकों की पुरानी तस्वीरों को पुंछ एनकाउंटर का बताकर भ्रामक रूप से शेयर किया जा रहा है। |