सोशल मीडिया पर पंजाब केसरी की एक खबर का स्क्रीनशॉट वायरल है। पंजाब केसरी के खबर कि हैडलाइन में लिखा है कि देश के खजाने से 1.28 लाख करोड़ का सोना गायब हो गया है। सोशल मीडिया पर लोग इसे शेयर कर सरकारी खजाने से सोना गायब और चोरी होने का दावा कर रहे हैं। हालांकि हमारी पड़ताल में यह दावा भ्रामक साबित हुआ।
सपा नेता आईपी सिंह ने एक्स पर लिखा, ‘वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण बतायें कि देश के खजाने से 1.28 लाख करोड़ का सोना कहां गायब हो गया? RBI Gold Reserve Data RBI के आंकड़ों ने देश में मचाई खलबली कहीं ये सोना स्विस बैंकों में चुपके से किसी और के खाते में तो नहीं जमा करा दिया गया? देश में कुछ भी हो सकता है देश की साख मिट्टी में मिल चुकी है।’
वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण बतायें कि देश के खजाने से 1.28 लाख करोड़ का सोना कहां गायब हो गया?
— I.P. Singh (@IPSinghSp) February 15, 2026
RBI Gold Reserve Data
RBI के आंकड़ों ने देश में मचाई खलबली
कहीं ये सोना स्विस बैंकों में चुपके से किसी और के खाते में तो नहीं जमा करा दिया गया?
देश में कुछ भी हो सकता है देश… pic.twitter.com/gtP8fBAmNI
ताज इंडिया नाम के एक्स हैंडल ने लिखा, ‘चौकीदार गहरी नींद में है? या चौकीदार ही चोर है?RBI गोल्ड रिज़र्व डेटा सामने आया
RBI डेटा के मुताबिक, देश के खजाने से 1.28 लाख करोड़ रुपये का सोना गायब है।’
कृष्ण कांत ने लिखा, ‘क्या देश के खजाने से सोना गायब हो गया? कीमतें घटना या बढ़ना एक बात है, लेकिन गायब हो जाना या साफ हो जाना दूसरी बात है। अगर गोल्ड कम हुआ या गायब हुआ तो कहां गया? खबरों में कीमत में गिरावट की बात तो है ही, लेकिन मनी कंट्रोल ने लिखा है कि RBI आंकड़ों से खुलासा हुआ है कि “सरकारी खजाने में गोल्ड कम हुआ है।” मेरा सवाल है कि गोलमाल खबरों में हुआ है या खजाने में?’
वहीं श्रवन शर्मा ने लिखा, ‘क्या लगता है चौकीदार ही चोर है ?? आखिर 1,29,00,00,00,00,000 रुपए का सोना कहां खपाया होगा चौकीदार ने ??’
यह भी पढ़ें: पीएम मोदी के विरोध में प्रदर्शनकारियों द्वारा बीजेपी दफ्तर में आग लगाने का दावा गलत है
फैक्ट चेक
दावे की पड़ताल में संबंधित कीवर्ड की मदद से गूगल सर्च करने पर हमें 15 फरवरी को प्रकाशित Moneycontrol और बिज़नेस वर्ल्ड की रिपोर्ट मिली। रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय रिज़र्व बैंक हर सप्ताह अपने विदेशी मुद्रा भंडार का डेटा जारी करता है। हालिया रिपोर्ट में कुल विदेशी मुद्रा भंडार के मूल्य में गिरावट दर्ज की गई है, जिसमें सोने के मूल्य में कमी भी शामिल है। 6 फरवरी को समाप्त सप्ताह में RBI के गोल्ड रिज़र्व की कुल वैल्यू घटकर $12,347.6 करोड़ रह गई, जिसमें लगभग $1,420.8 करोड़ (करीब ₹1.28 लाख करोड़) की गिरावट दर्ज की गई।

हालांकि रिपोर्ट में कहीं भी यह नहीं कहा गया है कि सोने की वास्तविक मात्रा (quantity) कम हुई है या सोना गायब हुआ है। जानकारों के अनुसार, यह गिरावट अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतों में उतार-चढ़ाव के कारण आई है। यानी RBI के पास मौजूद सोना उतना ही है, लेकिन उसकी बाजार कीमत कम हो जाने से कुल वैल्यू घटकर दिखाई दे रही है।
| दावा | देश के खजाने से 1.28 लाख करोड़ का सोना गायब हो गया है। |
| दावेदार | आईपी सिंह, ताज इंडिया, कृष्ण कांत |
| निष्कर्ष | देश के खजाने से 1.28 लाख करोड़ का सोना गायब होने की खबर भ्रामक है। सोना चोरी, गायब या उसकी मात्र में कमी नहीं आई है। केवल सोने की बाजार कीमत (valuation) में अंतरराष्ट्रीय उतार-चढ़ाव के कारण गिरावट आई है। |
