Home राजनीति हरियाणा के पलवल में एक ही घर में 66 एक और 501 मतदाता दर्ज होने का दावा भ्रामक है
राजनीति

हरियाणा के पलवल में एक ही घर में 66 एक और 501 मतदाता दर्ज होने का दावा भ्रामक है

Share
Share

कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने हरियाणा चुनाव में वोट चोरी का आरोप लगाया है। राहुल गाँधी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि हरियाणा में 25 लाख वोट चोरी हुए, इस वजह से कांग्रेस की जीत छिन गई और सत्ताधारी दल भाजपा को फायदा हुआ। उन्होंने निर्वाचन आयोग पर सवाल उठाए और कहा कि जेनरेशन ‘जेड’ का भविष्य ‘बर्बाद’ किया जा रहा है। उन्होंने एक उदाहरण देते हुए कहा था कि हरियाणा के पलवल जिले के होडल में एक घर में 66 मतदाता और एक अन्य में 501 मतदाता दर्ज हैं।

राहुल गाँधी ने अपनी प्रेस कांफ्रेस में 57 मिनट 8 सेकेंड्स से कहा, ‘ये देखिए मैंने टीम से कहा कि भैया फिजिकल रिकॉर्ड्स लाओ। कि मैं दिखाऊंगा 19 यह देखिए। 19 लाख बल्क वोटर्स। मैंने टीम से कहा कि भैया फिजिकल रिकॉर्ड्स लाओ। कि मैं दिखाऊंगा 19 लाख कितने होते हैं। वह कहते हैं नहीं कर सकते। इतना बड़ा है कि मतलब नहीं कर सकते। बीजेपी लीडर उमेश इनका एड्रेस हाउस नंबर 150।  इनके घर में 66 लोग रहते हैं। चेक किया झूठ। हाउस नंबर 265 होडल में, 501 लोग इसमें रहते हैं। चेक किया झूठ। 500 लोग कैसे रह सकते हैं घर में? कौन सा घर है जहां 500 लोग रहते हैं?’

राहुल गाँधी ने आगे कहा कि रूल है EC का। कि अगर 10 वोटर से ज्यादा एक घर में रहते हैं। फिजिकली जाके उसको चेक करना है। कोई चेकिंग नहीं हुई है। कोई ग्राउंड वेरिफिकेशन नहीं हुआ है। जानबूझ के EC इन एड्रेसेस को वेरीफाई नहीं करता है।

फैक्ट चेक

इन दावों की पड़ताल के लिए हम पलवल जिले के गांव गुदराना पहुंचे। यहाँ बीजेपी जिला परिषद प्रमुख उमेश गुदराना का घर है। मकान नंबर 150 भाजपा जिला परिषद उपाध्यक्ष उमेश गुदराना के परिवार का है हालांकि यह कोई एक मकान नहीं है। 

उमेश ने बताया कि दादा 4 भाई थे। जबकि उनके पिता राजा राम कुल 9 भाई हैं। जिनके नाम जगमाल, गंगा राम, सुरेश, धर्मपाल, रमेश, नेपाल, राजपाल और कमल। हमे मकान नंबर 150 दिया गया। समय के साथ सभी भाइयों की शादियाँ हुई, परिवार बढ़ता चला गया। उन्होंने गांव में ही अपने अपने मकान बनाए। आज चार पीढ़ियां गांव में रहती हैं। सभी के वोट पुराने पते पर ही बने हुए हैं। हर घर को एक ही मकान नंबर 150 से जोड़ा गया है। इसमें किसी बाहरी का वोट नहीं है। 

वहीं गांव गुदराना में बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) थान सिंह ने बताया कि यह सच है कि यह कोई एक मकान नहीं हैं, सभी अलग अलग मकान है जिनके मतदाताओं का मकान नम्बर 150 है। पुराने समय से ही वोटर लिस्ट में मकान का एक ही नंबर चलता आ रहा है। ये वोटर फर्जी नहीं हैं।

इसके बाद हम दुसरे दावे की पड़ताल के लिए गुदराना से करीब 10 किलोमीटर दूर होडल स्थित कृष्णा कॉलोनी पहुंचे। वहां हमारी मुलाकात शिवराम से हुई। दावा है कि शिवराम के घर के पते पर 501 वोटर रजिस्टर्ड हैं। इस बारे में शिवराम से पूछने पर उन्होंने हमें बताया कि हम यहां लगभग 1990 से रह रहें हैं। उस समय यहाँ केवल एक मेरा ही मकाम था, जिसे 265 नंबर अलॉट किया गया। मेरे आने के बाद यहां कॉलोनी बस्ती गई और घर बनते गए, लेकिन नगर पालिका और नगर परिषद ने नए मकानों को कोई नंबर अलॉट नहीं किया। इस वजह से सभी के वोटर कार्ड पर मकान नंबर 265 नंबर दर्ज है। यह सभी 501 वोटर असली हैं और अपने-अपने निजी मकानों में रह रहे हैं। मेरे घर में केवल 6 वोटर हैं और मकान नंबर 265 नंबर पर रहते हैं।

पड़ताल में आगे हमने होडल के कृष्णा कॉलोनी में रह रहे कुछ ऐसी लोगों से मुलाकात की जिनकी वोटर आईडी मकान नंबर 265 पर पर दर्ज है, लेकिन वह अपने अलग मकान में रहते हैं। शिवराम के पड़ोसी कर्मवीर ने हमें बताया कि हमारा मकान नंबर 265 है, लेकिन हम शिवराम जी के घर में नहीं रहते हैं हम अपने मकान में रहते हैं।

इसके बाद हमने कृष्णा कॉलोनी में मेमबती, राजेश, पुष्पा देवी, भगवती देवी और निष्ठा चौधरी से मुलाकात की। उन सभी ने हमें अपने घर और वोटर कार्ड दिखाए और बताया कि हमारा मकान नंबर 265 है, लेकिन हम शिवराम जी के घर में नहीं रहते हैं हमारा अपना निजी मकान हैं।

पड़ताल में आगे हमने BLO पूजा गोस्वामी से बात की। उन्होंने बताया कि यहां मौजूद सभी वोटर असली हैं। सभी के अपने-अपने मकान हैं। बस यहां किसी का स्थाई नंबर अलॉट नहीं हुआ है जिस वजह से सभी का मकान नंबर 265 है।

दावा हरियाणा के पलवल जिले के गुदराना और होडल गांव में एक घर में 66 मतदाता और एक अन्य में 501 मतदाता दर्ज हैं।
दावेदार राहुल गाँधी
निष्कर्षहरियाणा के पलवल जिले के गुदराना और होडल गांव में एक ही पते पर भारी संख्या में फर्जी मतदाता दर्ज होने की बात भ्रामक है। गुदराना गांव के मकान नंबर 150 में बड़ा परिवार होने की वजह से एक पते पर 66 मतदाता दर्ज हैं। वहीं होडल में मकान नंबर अलॉट न होने की वजह से सभी मतदाताओं का मकान नंबर 265 दर्ज है। यह सभी मतदाता एक घर में नहीं, अपने-अपने निजी आवास में रहते हैं।

Share