सोशल मीडिया पर प्रदर्शन करते लोगों द्वारा भाजपा दफ्तर को आग के हवाले करने का एक वीडियो वायरल है। इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विरोध में जनता द्वारा बीजेपी दफ्तर में आग लगाने के दावे के साथ शेयर किया जा रहा है। हालांकि हमारी पड़ताल में यह दावा भ्रामक साबित हुआ।
दिनेश चौहान ने एक्स पर लिखा, ‘मोदी का भयंकर विरोध प्रदर्शनशनकारी जनता ने BJP दफ़्तर को जला दिया’
मोदी का भयंकर विरोध
— Dinesh Chauhan (@dinesh_chauhan) February 14, 2026
प्रदर्शनशनकारी जनता ने BJP दफ़्तर को जला दिया pic.twitter.com/E6j8EkWByx
प्रार्थना सिंह ने लिखा, ‘प्रदर्शन कारियो द्वारा UGC विरोध में बीजेपी दफ्तर में लगाई आग’
यह भी पढ़ें : अमेरिका में एपस्टीन फाइल्स को लेकर ट्रम्प के खिलाफ प्रदर्शन का दावा भ्रामक है
फैक्ट चेक
दावे की पड़ताल के लिए सबसे पहले हमने वीडियो के अलग-अलग स्क्रीनशॉट लेकर रिवर्स इमेज सर्च किया। इस दौरान यह वीडियो हमें News Pth Tv नाम के यूट्यूब चैनल पर 26 सितम्बर 2025 को पोस्ट मिला। वीडियो में ठीक 7:40 मिनट पर वायरल हिस्से को देखा जा सकता है जिसमें प्रदर्शनकारी नारबाजी करते गेट खोलकर अंदर घुस रहे हैं। वीडियो के मुताबिक यह प्रदर्शन उत्तराखंड के पिथौरागाद्ध में नन्ही परी केस में एक बच्ची से दुष्कर्म और हत्या के आरोपी को बरी करने के बाद सुप्रीम कोर्ट के खिलाफ निकाला गया था।
वहीं पड़ताल में आगे भाजपा कार्यालय में आग लगाने का वीडियो हमें न्यूज़ एजेंसी ANI के यूट्यूब चैनल पर 24 सितम्बर 2025 को पोस्ट मिला। जिसके मुताबिक लद्दाख में राज्य के दर्जे की मांग को लेकर हुए हिंसक प्रदर्शनकारियों में भाजपा कार्यालय में आग लगा दी थी। वहीं हिंदुस्तान टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक यह प्रदर्शन लद्दाख को पूर्ण राज्य का दर्जा और संविधान की छठी अनुसूची में शामिल करने की मांग को लेकर हुआ था। इसी दौरान भीड़ ने बीजेपी का स्थानीय कार्यालय जला दिया और कई वाहनों में आग लगा दी।
| दावा | पीएम मोदी के विरोध में प्रदर्शनकारियों ने भाजपा ऑफिस में आग लगा दी। |
| दावेदार | दिनेश चौहान |
| निष्कर्ष | पीएम मोदी के विरोध में प्रदर्शनकारियों द्वारा भाजपा ऑफिस में आग लगाने का दावा गलत है। यह वीडियो दो अलग-अलग वीडियो को जोड़कर बनाया गया है। पहला वीडियो उत्तराखंड में सुप्रीम कोर्ट के फैसले के खिलाफ प्रदर्शन का है। वहीं दूसरा वीडियो लद्दाख में पूर्ण राज्य की मांग को लेकर बीजेपी दफ्तर जलाने का है। |
