बिहार विधानसभा चुनाव का पहला चरण समाप्त हो चुका है। दुसरे और अंतिम चरण का मतदान 11 नवंबर को होना है। इस बीच सोशल मीडिया पर कुछ लोगों की भीड़ द्वारा लाठी-डंडो से एक घर पर हमला करने का वीडियो वायरल है। दावा किया जा रहा है कि बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान चैनपुर में राजपूत जाति के समुदाय द्वारा एक कुशवाहा के घर पर हमला किया जा रहा है। इस वीडियो को जातिगत हिंसा का बताकर शेयर किया जा रहा है।
pk मौर्यवंश की बेटी नाम के एक्स हैंडल ने इस वीडियो एक्स पर शेयर कर लिखा, ‘बिहार विधानसभा के दौरान , चैनपुर में राजपूत जाति के समुदाय द्वारा , एक कुशवाहा के घर पर किस तरह हमला किया जा रहा है! आजकल… दलित और कुशवाहा को ही लोग क्यों टारगेट कर रहे हैं?? दुख का विषय है’

यह भी पढ़ें: ‘भारतीय सेना के भगवाकरण को बर्दाश्त नहीं कर सकती….’, कर्नल सोफिया कुरैशी का वायरल वीडियो एडिटेड है
फैक्ट चेक
दावे की पड़ताल में वायरल वीडियो को रिवर्स सर्च करने पर यह वीडियो हमें पॉलिटिकल पंचायत नाम के यूट्यूब चैनल पर 17 जून 2025 को पोस्ट मिला। जिसमें इसे राजस्थान के हनुमानगढ़ का बताया गया है।
मिली जानकारी से गूगल सर्च करने पर हमें 16 जून 2025 को प्रकाशित न्यूज़ 18 की एक रिपोर्ट मिली। रिपोर्ट के मुताबिक हनुमानगढ़ जिले के करणीसर गांव में शनिवार को पानी की पाइपलाइन डालने को लेकर दो पक्षों में विवाद इतना बढ़ गया कि मामला लाठी-डंडों, पथराव और फायरिंग तक जा पहुंचा। इस झगड़े में चार लोगों के घायल होने की सूचना है, वहीं एक मकान की दीवार भी गिर गई है। जानकारी के अनुसार, गांव में एक पक्ष अपने घर तक पानी की पाइपलाइन डालना चाहता था, लेकिन दूसरे पक्ष ने पाइप से पानी रिसने और गली में कीचड़ फैलने का हवाला देते हुए आपत्ति जताई थी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच बहसबाजी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में तब्दील हो गई।

| दावा | बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान चैनपुर में राजपूत जाति के समुदाय द्वारा एक कुशवाहा के घर पर हमला किया। |
| दावेदार | pk मौर्य वंश की बेटी |
| निष्कर्ष | बिहार में राजपूतों द्वारा कुशवाहा समुदाय के घर पर हमले का दावा गलत है। वायरल वीडियो राजस्थान के हनुमानगढ़ के है, जहाँ दो पक्षों में पानी की पाइपलाइन डालने को लेकर विवाद हुआ था। |
