Home अन्य पंजाब में आरएसएस द्वारा बाढ़ पीड़ितों की मदद न करने का दावा गलत है
अन्य

पंजाब में आरएसएस द्वारा बाढ़ पीड़ितों की मदद न करने का दावा गलत है

Share
Share

उत्तर भारत के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश का कहर देखने को मिल रहा है। पंजाब के कई हिस्से बाढ़ की चपेट में आ गए हैं, जिसके चलते लाखों लोग बुरी तरह प्रभावित हो गए हैं। ऐसे वक्त में देशभर से अलग-अलग तरह से पंजाब की मदद के हाथ आगे आ रहे हैं। इस बीच सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि पंजाब में बाढ़ पीड़ितों के मदद के लिए देश भर से कई संगठन आगे आ रहे हैं, लेकिन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) कोई मदद नहीं कर रहा है।

मोहित चौहान ने एक्स पर लिखा, ‘क्या आपने भारत के तथाकथित सबसे बड़े एनजीओ को बाढ़ प्रभावित राज्यों हिमाचल प्रदेश, पंजाब, जम्मू और बिहार में देखा है?’

सरल व्यंग नाम के हैंडल ने लिखा, ‘पंजाब में बाढ़ पीड़ितों के मदद के लिए देश भर से कई संगठन आगे आ रहे हैं. मुसलमानों के मदरसों से मदद के बहुत सारे वीडियो और फ़ोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं. लेकिन एक ऐसा संगठन भी है जिसका हाल ही में मोदी जी ने अपने भाषण में एक घंटे तारीफ़ो के पुल बाँधे थे. आपने इनका कोई वीडियो या फोटो देखा जिसमें ये पंजाब को मदद करते हुए नजर आए हों. आख़िर इतना बड़ा संगठन कब काम आएगा ?’

निर्देश सिंह ने लिखा, ‘जिस संगठन का नाम लेकर मोदी जी लाल किले की प्राचीर से तारीफों के पुल बांधते हुए कह रहे थे,की rss एक ऐसा ngo है जो सेवा भाव सद्भावना , निष्ठा, अनुशासन से भरपूर है, वो पंजाब के बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए अभी तक सामने नहीं आया, जिसके पास अथाह धन संपत्ति जुड़ी हुई है,, लेकिन @BhimArmy_BEM के कार्यकर्ता सड़को पर उतर चुके हैं राहत सामग्री लेकर,कहते हैं सेवा के लिए भावना , और मजबूत इरादों की जरूरत होती है बड़ी बड़ी संपत्ति की नहीं,’

यह भी पढ़ें: ट्रंप के टैरिफ की वजह से जापान के पीएम द्वारा इस्तीफा देने का दावा गलत है

फैक्ट चेक

दावे की पड़ताल में हमने संबंधित कीवर्ड की मदद से गूगल सर्च किया। इस दौरान हमें 6 सितम्बर 2025 को प्रकाशित दैनिक सवेरा टाइम्स की रिपोर्ट मिली। जिसके मुताबिक, पंजाब में बाढ़ के रूप में आई आपदा की भयावहता को देखते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने समाज के सहयोग से अपने सेवा कार्यों की गति को और बढ़ा दिया है। संघ के पंजाब प्रांत संघचालक स. इकबाल सिंह ने कहा है कि संघ समाज के हर वर्ग तक पहुंच रहा है और उपेक्षित इलाकों में सेवाकार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।  सेवा भारती, भारत विकास परिषद्, विद्या भारती, किसान संघ, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् इत्यादि, माधव राव मूले सेवा समिति, सरहदी लोकसेवा समिति आदि संगठनों के बैनर तले संघ के स्वयंसेवक आपदाग्रस्त लोगों तक पहुंच रहे हैं। उन्होंने बताया कि पंजाब में बाढ़ प्रभावित इलाकों में 41 स्थानों पर संघ के 1743 स्वयंसेवक सेवा, राहत एवं बचाव कार्यों में लगे हैं। लोगों को जरूरत अनुसार पका हुआ भोजन, सूखा राशन, पीने का पानी, तिरपालें, कम्बल, फोल्डिंग बेड, आश्रय स्थल, दवाएं, आडोमास और पशुओं के लिए हरा व सूखा चारा उपलब्ध करवाया जा रहा है। कई स्थानों पर मेडिकल कैम्पों का भी आयोजन किया जा रहा है।

Source: Dainik Savera Times

पंजाब केसरी की एक रिपोर्ट में बताया गया है कि नवां टांडा (गुरदासपुर) में सेवा भारती के कार्यकर्ताओं व नौजवान स्वयंसेवकों द्वारा राहत अभियान चलाया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में बाढ़ से प्रभावित परिवारों को आवश्यक राशन सामग्री, खाद्य पदार्थ, पीने का स्वच्छ पानी और रोज़मर्रा की जरूरत का सामान वितरित किया गया।

Source: Punjab

वहीं VSK Telangana की रिपोर्ट में बताया गया है कि सेवा भारती और RSS के स्वयंसेवक प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों में जुटे हैं। लगभग 300 सेवादारों की टीम प्रभावित इलाकों में राशन किट वितरित कर रही है, जिसमें चावल, दाल, आटा और अन्य आवश्यक वस्तुएं शामिल हैं। अब तक 2000 से अधिक किट वितरण की जा चुकी हैं और सेवादार जरूरतमंदों तक पहुंचा रहे हैं।

वहीं राष्ट्रीय सेवा भारती पंजाब के एक्स हैंडल ने एक पोस्ट कर लिखा कि ‘सेवा भारती और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पंजाब राज्य में लगातार राहत कार्य कर रहे हैं.’

वहीं इसके अलावा कई अलग-अलग मीडिया रिपोर्ट्स और राष्ट्रिय सेवा भारती के एक्स हैंडल द्वारा बताया गया है कि आरएसएस, उत्तराखंड के देहरादून, रुद्रप्रयाग, चमोली, उत्तरकाशी और पौड़ी गढ़वाल, हिमाचल प्रदेश के किन्नौर, जम्मू-कश्मीर, राजधानी दिल्ली में बाढ़ पीड़ितों की मदद कर रही है।

दावा पंजाब में बाढ़ पीड़ितों के मदद के लिए देश भर से कई संगठन आगे आ रहे हैं, लेकिन आरएसएस कोई मदद नहीं कर रहा है।
दावेदार मोहित चौहान, निर्देश सिंह व अन्य
निष्कर्ष पंजाब में आरएसएस द्वारा बाढ़ पीड़ितों की मदद न करने का दावा गलत है। आरएसएस पंजाब, हिमांचल, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर समेत कई देश के कई हिस्सों में बाढ़ पीड़ितों की मदद कर रहा है।

Share