Home राजनीति बिहार में सिंदूर बांटने पर भाजपा नेताओं की पिटाई का दावा गलत है
राजनीति

बिहार में सिंदूर बांटने पर भाजपा नेताओं की पिटाई का दावा गलत है

Share
Share

सोशल मीडिया पर भाजपा की प्रचार गाड़ी का एक वीडियो वायरल है। वीडियो में कुछ महिलाओं को भाजपा की प्रचार गाड़ी को डांट कर भगाते हुए देखा जा सकता है। दावा किया जा रहा है कि बिहार में भाजपा घर-घर सिंदूर बांटने निकली थी लेकिन महिलाओं ने इसका विरोध करते हुए भाजपा नेताओं की पिटाई कर उन्हें वापस भेज दिया।

Secret Knowledge 2025 नाम के एक इंस्टाग्राम पेज ने इस वीडियो को शेयर कर लिखा, ‘BJP बिहार में सिंदूर बाटने निकले है, महिलाओं के द्वारा शानदार स्वागत किया जा रहा है… क्या तुम लठ लेकर तैयार हो ??’

यह भी पढ़ें: थाने में बुजुर्ग की पिटाई का वायरल वीडियो 7 साल पुराना है

फैक्ट चेक

वायरल वीडियो की पड़ताल के लिए हमने वीडियो के कीफ्रेम को रिवर्स सर्च किया। इस दौरान यह वीडियो हमें 24 अक्टूबर 2020 को ‘Headlines Bihar’ नाम के यूट्यूब चैनल पर पोस्ट मिला।  वीडियो में बताया गया है कि यह वीडियो बिहार चुनाव के दौरान मुजफ्फरपुर के कुढ़नी का है। जहाँ महिलाओं ने बीजेपी विधायक केदार गुप्ता का विरोध किया।

पड़ताल में आगे हमें 25 अक्टूबर 2020 को प्रकाशित जनसत्ता की एक रिपोर्ट भी मिली। रिपोर्ट के मुताबिक, मुजफ्फरपुर के कुढ़नी इलाके के एक गांव में भाजपा विधायक केदार प्रसाद गुप्ता की प्रचार गाड़ी बिहार चुनाव के लिए समर्थन मांगने पहुंची। जैसे ही गाड़ी गांव में दाखिल होने लगी तो गांव के लोग गाड़ी के सामने आ गए और गालियां देकर उसे वापस जाने को कह दिया। कई महिलाएं गाड़ी के पास पहुंचकर भाजपा विधायक के खिलाफ भला-बुरा कहने लगीं। महिलाओं का कहना था कि पांच साल में अब वोट मांगने के समय उन्हें फिर से हमारी याद आयी है, लेकिन अब तक हमारी कोई सुध नहीं ली। लोगों का गुस्सा देखकर ड्राइवर ने गाड़ी घुमा ली और वापस जाने लगा तो लोगों की भीड़ ने गुस्से में गाड़ी पर लगे पोस्टर फाड़ डाले।

वहीं भजपा ने खुद अपने आधिकारिक एक्स हैंडल से एक पोस्ट कर जानकारी दी है कि भारतीय जनता पार्टी ने घर-घर सिंदूर बांटने का कोई कार्यक्रम निर्धारित नहीं किया है।

दावा बिहार में बीजेपी घर-घर सिंदूर बांटने निकली थी। लेकिन महिलाओं ने इसका विरोध करते हुए भाजपा की प्रचार गाड़ी को वापस भेज दिया।
दावेदार secret knowledge 2025
निष्कर्ष बिहार में सिंदूर बांटने पर महिलाओं द्वारा भाजपा कार्यकर्ताओं की पिटाई का दावा गलत है। वायरल वीडियो साल 2020 में बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान का है।

Share