सोशल मीडिया पर एक युवती के साथ अश्लील हरकत करते एक व्यक्ति का वीडियो वायरल है। दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो बिहार के मधुबनी का है, जहां राकेश सिंह नाम के शिक्षक ने अपनी छात्रा के साथ अश्लील कृत्य किया। हालांकि पड़ताल में यह दावा भ्रामक साबित हुआ।
शिवम यादव ने एक्स पर लिखा, ‘आज कल अध्यापकों में खूब धाकड़ की आत्मा घुस जा रही है ,ये मधुबनी के राकेश सिंह है।’

यह भी पढ़ें: गोरखपुर के ‘बिरयानी बे’ रेस्टोरेंट में युवक द्वारा शाकाहारी खाने में हड्डी मिलाने का दावा झूठा है
फैक्ट चेक
दावे की पड़ताल के लिए हमने संबंधित कीवर्ड की मदद से गूगल सर्च किया। इस दौरान हमें 12 अगस्त को प्रकाशित अमर उजाला की एक रिपोर्ट मिली। रिपोर्ट के मुताबिक, यह मामला मधुबनी जिले में जयनगर के भेलवा चौक गली स्थित मैथमेटिक्स नामक कोचिंग सेंटर का है। जहाँ कोचिंग सेंटर के शिक्षक द्वारा छात्रा संग अश्लीलता व छेड़खानी का एक वीडियो वायरल हुआ है। शिक्षक का नाम राकेश बताया जा रहा है। कुछ साल पहले भी इसी शिक्षक पर अशोभनीय कृत्य का आरोप लगा था। उस समय पीड़ित पक्ष ने एफआईआर दर्ज कराई थी, जिसके बाद राकेश को जेल भी जाना पड़ा था। अब फिर से इस तरह की शर्मनाक हरकत का सामने आना लोगों के आक्रोश का कारण बन गया है।

वहीं पड़ताल में आगे हमें 14 अगस्त 2025 को प्रकाशित हिंदुस्तान की एक रिपोर्ट मिली। रिपोर्ट के मुताबिक, कोचिंग सेंटर के शिक्षक द्वारा छात्रा संग अश्लीलता व छेड़खानी के मामले में लड़की के बयान पर बुधवार को एफआईआर दर्ज किया गया है। जिसमें छेड़खानी मामले में शिक्षक राकेश कुमार यादव, मकान मालिक कुलदीप सिंह, सोनू चौधरी समेत वीडियो वायरल करने वाले सोशल मीडिया संचालकों के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है। दरअसल, शिक्षक राकेश कुमार यादव छात्रा के साथ अश्लील हरकत करता है यह बात कोचिंग सेंटर के मकान मलिक कुलदीप सिंह को पता थी। कुलदीप सिंह ने राकेश यादव से 20 लाख वसूलने के लिए लड़की को उसका वीडियो बनाने को मजबूर किया। इसके बाद उसने लड़की से वीडियो लेकर उसे वायरल कर दिया। पीड़िता ने दोषी आरोपियों के साथ-साथ वीडियो वायरल करने वाले सोशल मीडिया संचालकों के विरूद्ध मामला दर्ज कराया है। थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि मामला दर्ज कर आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
पड़ताल में आगे हमें जयनगर के एक लोकल पत्रकार से पीड़िता द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत की कॉपी मिली। पीड़ित लड़की ने एफआईआर में बताया है कि वह राकेश मैथमेटिक्स कोचिंग सेन्टर की छात्रा है। कोचिंग में पढाई के दौरान शिक्षक राकेश कुमार यादव, पिता राम दुलार यादव उससे बार-बार छेड़खानी व अश्लील हरकत करता था। विरोध करने पर मारपीट भी करता था। इसके साथ साथ कोचिंग सेंटर के मकान मालिक कुलदीप सिंह कमलावाड़ी तथा उसके दोस्त सोनू चौधरी भी छेड़खानी करते थे। दोनों ने लड़की को डरा धमकाकर राकेश यादव से 20 लाख रूपए वसूलने के लिए उसे राकेश यादव का वीडियो बनाने को मजबूर किया। उनकी घमकी के डर से लड़की ने वीडियो बनायी। इसके बाद मकान मलिक लगातार लड़की को वीडियो वायरल करने की धमकी देता रहा। इसके डर से पीड़िता 10 अगस्त को अपनी बहन के घर नेपाल चली गई। जिसके बाद मकान मालिक कुलदीप सिंह और सोनी चौधरी ने फेसबुक पर पीड़िता का वीडियो वायरल कर दिया।

| दावा | बिहार के मधुबनी में राकेश सिंह नाम के शिक्षक ने अपनी छात्रा के साथ अश्लील कृत्य किया। |
| दावेदार | शिवम यादव |
| निष्कर्ष | मधुबनी के जयनगर में छात्रा के साथ अश्लील हरकत करने वाले शिक्षक का नाम राकेश कुमार यादव पुत्र राम दुलार यादव है। |
