सोशल मीडिया पर आत्मदाह का प्रयास करती एक महिला का वीडियो वायरल है। दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो लखनऊ का हैं, जहाँ इंसाफ की मांग को लेकर भाजपा कार्यालय के बाहर एक महिला ने आत्मदाह का प्रयास किया। हालांकि हमारी पड़ताल में दावा भ्रामक साबित हुआ।
विनय कुमार कुशवाहा ने एक्स पर वायरल वीडियो को शेयर कर लिखा, ‘लखनऊ में भाजपा कार्यालय के बाहर एक और महिला ने आत्मदाह का प्रयास किया, प्रदेश में महिलाओं की क्या स्थिति है ये बात अब किसी से छिपी नही है । इंसाफ की मांग को लेकर ये लखनऊ विधानसभा के सामने किसी महिला द्वारा आत्मदाह की ये दूसरी घटना है।
लखनऊ में भाजपा कार्यालय के बाहर एक और महिला ने आत्मदाह का प्रयास किया,
— Vinay kumar kushwaha (@kumarvinaycivil) April 2, 2025
प्रदेश में महिलाओं की क्या स्थिति है ये बात अब किसी से छिपी नही है ।
इंसाफ की मांग को लेकर ये लखनऊ विधानसभा के सामने किसी महिला द्वारा आत्मदाह की ये दूसरी घटना है ।
उत्तर प्रदेश में महिलाओं-बेटियों का बुरा pic.twitter.com/ImFysKpmo5
दिनेश मीणा ने लिखा, ‘लखनऊ में भाजपा कार्यालय के बाहर एक और महिला ने आत्मदाह का प्रयास किया, देश में महिलाओं की क्या स्थिति है ये बात अब किसी से छिपी नही है, धानसभा उसके बाद शासकीय दल के प्रांतीय कार्यालय के सामने इस तरह आत्मदाह की कोशिश मतलब low and Order ध्वस्त हो चुका है।
लखनऊ में भाजपा कार्यालय के बाहर एक और महिला ने आत्मदाह का प्रयास किया,
— Dinesh Meena (@dineshmee__) April 3, 2025
प्रदेश में महिलाओं की क्या स्थिति है ये बात अब किसी से छिपी नही है,
विधानसभा उसके बाद शासकीय दल के प्रांतीय कार्यालय के सामने इस तरह आत्मदाह की कोशिश मतलब low and Order ध्वस्त हो चुका है।। pic.twitter.com/8EenG4RB4V
वहीं SK न्यूज़, सुरेंदर कुमार कुशवाहा , दीपक बाबू और सहगल विजय राज ने भी इसी दावे के साथ वीडियो को शेयर किया है।
यह भी पढ़ें: सशस्त्र सीमा बल के जवानों को वेतन न मिलने की खबर भ्रामक है
फैक्ट चेक
दावे की पड़ताल के लिए हमने वायरल वीडियो के कीफ्रेम को रिवर्स सर्च किया। इस दौरान यह वीडियो हमें 13 अक्टूबर 2020 को पत्रकार आदित्य तिवारी के एक्स हैंडल पर पोस्ट मिला। पोस्ट में बताया गया है कि लखनऊ में विधानसभा के सामने महिला ने आत्मदाह का प्रयास किया।
लखनऊ: विधानसभा के सामने महिला ने किया आत्मदाह का प्रयास
— आदित्य तिवारी / Aditya Tiwari (@aditytiwarilive) October 13, 2020
ज्वलनशील पदार्थ डालकर किया आत्मदाह का प्रयास
सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया
जल चुकी महिला गंभीर हालत में भर्ती
अंजना तिवारी,धर्म परिवर्तन का मामला
शादी मुस्लिम से होने की वजह से बदला थानाम रखा था अईसा,पति सउदिया में pic.twitter.com/gYizkvmNNC
पड़ताल में आगे हमें 14 अक्टूबर 2020 को प्रकाशित अमर उजाला की रिपोर्ट मिली। जिसके मुताबिक, लखनऊ में विधान भवन के सामने महराजगंज की महिला अंजली तिवारी उर्फ आयशा ने पेट्रोल उड़ेलकर खुद को आग लगा ली थी। पुलिस ने तत्काल आग बुझाकर उसे अस्पताल में भर्ती कराया। महिला का कहना था कि पहले पति से संबंध खत्म होने के बाद वह नाम और धर्म बदलकर आसिफ रजा नाम के युवक के साथ अलग घर में रह रही थी। आसिफ सऊदी अरब चला गया तो वह रहने के लिए उसके घर गई, मगर उसके परिवारीजनों ने रखने से इनकार कर दिया। महिला ने पुलिस से शिकायत की पर उसे कोई मदद नहीं मिली। वह मुख्यमंत्री से मिलने लखनऊ आ गई पर उसे सफलता नहीं मिली। इसके बाद मंगलवार को उसने खुद को आग लगा ली थी।
दावा | लखनऊ में भाजपा कार्यालय के बाहर एक और महिला ने आत्मदाह का प्रयास किया। |
दावेदार | विनय कुमार कुशवाहा, दिनेश मीणा व अन्य |
निष्कर्ष | लखनऊ में विधानसभा के सामने महिला के आत्मदाह करने का वायरल वीडियो 5 साल पुराना है। अक्टूबर 2020 में महिला ने अपने ससुरालीजनों पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए आत्मदाह की कोशिश की थी। इसे हाल ही का बताकर भ्रामक रूप से शेयर किया जा रह है। |