लखनऊ में विधानसभा के सामने महिला द्वारा आत्मदाह का वीडियो 5 साल पुराना है
सोशल मीडिया पर आत्मदाह का प्रयास करती एक महिला का वीडियो वायरल है। दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो लखनऊ का हैं, जहाँ इंसाफ की मांग को लेकर भाजपा कार्यालय के बाहर एक महिला ने आत्मदाह का प्रयास किया। हालांकि हमारी पड़ताल में दावा भ्रामक साबित हुआ।
विनय कुमार कुशवाहा ने एक्स पर वायरल वीडियो को शेयर कर लिखा, ‘लखनऊ में भाजपा कार्यालय के बाहर एक और महिला ने आत्मदाह का प्रयास किया, प्रदेश में महिलाओं की क्या स्थिति है ये बात अब किसी से छिपी नही है । इंसाफ की मांग को लेकर ये लखनऊ विधानसभा के सामने किसी महिला द्वारा आत्मदाह की ये दूसरी घटना है।
दिनेश मीणा ने लिखा, ‘लखनऊ में भाजपा कार्यालय के बाहर एक और महिला ने आत्मदाह का प्रयास किया, देश में महिलाओं की क्या स्थिति है ये बात अब किसी से छिपी नही है, धानसभा उसके बाद शासकीय दल के प्रांतीय कार्यालय के सामने इस तरह आत्मदाह की कोशिश मतलब low and Order ध्वस्त हो चुका है।
वहीं SK न्यूज़, सुरेंदर कुमार कुशवाहा , दीपक बाबू और सहगल विजय राज ने भी इसी दावे के साथ वीडियो को शेयर किया है।
यह भी पढ़ें: सशस्त्र सीमा बल के जवानों को वेतन न मिलने की खबर भ्रामक है
दावे की पड़ताल के लिए हमने वायरल वीडियो के कीफ्रेम को रिवर्स सर्च किया। इस दौरान यह वीडियो हमें 13 अक्टूबर 2020 को पत्रकार आदित्य तिवारी के एक्स हैंडल पर पोस्ट मिला। पोस्ट में बताया गया है कि लखनऊ में विधानसभा के सामने महिला ने आत्मदाह का प्रयास किया।
पड़ताल में आगे हमें 14 अक्टूबर 2020 को प्रकाशित अमर उजाला की रिपोर्ट मिली। जिसके मुताबिक, लखनऊ में विधान भवन के सामने महराजगंज की महिला अंजली तिवारी उर्फ आयशा ने पेट्रोल उड़ेलकर खुद को आग लगा ली थी। पुलिस ने तत्काल आग बुझाकर उसे अस्पताल में भर्ती कराया। महिला का कहना था कि पहले पति से संबंध खत्म होने के बाद वह नाम और धर्म बदलकर आसिफ रजा नाम के युवक के साथ अलग घर में रह रही थी। आसिफ सऊदी अरब चला गया तो वह रहने के लिए उसके घर गई, मगर उसके परिवारीजनों ने रखने से इनकार कर दिया। महिला ने पुलिस से शिकायत की पर उसे कोई मदद नहीं मिली। वह मुख्यमंत्री से मिलने लखनऊ आ गई पर उसे सफलता नहीं मिली। इसके बाद मंगलवार को उसने खुद को आग लगा ली थी।
दावा | लखनऊ में भाजपा कार्यालय के बाहर एक और महिला ने आत्मदाह का प्रयास किया। |
दावेदार | विनय कुमार कुशवाहा, दिनेश मीणा व अन्य |
निष्कर्ष | लखनऊ में विधानसभा के सामने महिला के आत्मदाह करने का वायरल वीडियो 5 साल पुराना है। अक्टूबर 2020 में महिला ने अपने ससुरालीजनों पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए आत्मदाह की कोशिश की थी। इसे हाल ही का बताकर भ्रामक रूप से शेयर किया जा रह है। |
This website uses cookies.