Home धर्म कांवड़ियों द्वारा ई-रिक्शा तोड़ने का वायरल वीडियो एक साल पुराना है
धर्म

कांवड़ियों द्वारा ई-रिक्शा तोड़ने का वायरल वीडियो एक साल पुराना है

Share
Share

सावन के पावन महीने की शुरुआत के साथ कांवड़ यात्रा शुरू हो गई है। सावन के पहले दिन से ही शिव भक्त कंधे पर कांवड़ उठाए पवित्र गंगाजल लेकर निकल पड़े हैं। इसी बीच सोशल सोशल मीडिया पर कांवड़ियों द्वारा तोड़फोड़ का एक वीडियो वायरल है। वीडियो में देखा जा सकता है कि कांवड़ियों द्वारा एक ई-रिक्शा पर लाठी-डंडों से तोड़फोड़ किया जा रहा है। इसे हाल ही का बताकर जमकर शेयर किया जा रहा है। हालांकि हमारी पड़ताल में यह वीडियो पुराना निकला।

करिश्मा अजीज ने एक्स पर इस वीडियो को शेयर कर लिखा, ‘ये सब तीर्थ यात्री हैं, धार्मिक यात्रा कर रहे हैं।’

फहीम अख्तर ने लिखा, ‘कड़ी सुरक्षा के साथ ये सब तीर्थ यात्री हैं, तीर्थ यात्रा कर रहे हैं।’

मुकेश तिवारी ने लिखा, ‘काँवड़ियों की तीर्थ यात्रा प्राम्भ हो चुकी है, सरकार के संरक्षण में…..’

वहीं रमनदीप सिंह मन, भारत भूषण बरवाला और अल्फिया खान ने भी इसी दावे के साथ वीडियो को शेयर किया है।

यह भी पढ़ें: झारखंड में बुजुर्ग को पीटने की घटना में जातिगत एंगल नहीं है

फैक्ट चेक

दावे की पड़ताल में सबसे पहले हमने वायरल वीडियो को रिवर्स सर्च किया। इस दौरान यह वीडियो हमें 24 जुलाई 2024 को लाइव हिंदुस्तान के यूट्यूब चैनल पर पोस्ट मिला। हिंदुस्तान के मुताबिक यह वीडियो उत्तराखंड के रूड़की का है, जहां कावड़ियों ने ई रिक्शा तोड़ा और ड्राइवर को पीट दिया।

पड़ताल में आगे हमें 24 जुलाई 2024 को प्रकाशित नवभारत टाइम्स की एक रिपोर्ट मिली। रिपोर्ट का मुताबिक, घटना रूड़की में मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के लिब्बरहेड़ी नहर पटरी के पास घटी। ई-रिक्शा चालक अपनी गाड़ी को लेकर आ रहा था। इसी दौरान ई-रिक्शा किसी कांवड़िए से टकरा गई। टक्कर लगने से कांवड़िए को हल्की चोटें आई। इसके बाद कांवड़ियों ने पहले ई-रिक्शा चालक के साथ जमकर मारपीट की। फिर ई-रिक्शा पर लाठी-डंडे बरसा कर तोड़फोड़ कर दी। उस समय पुलिस ने इस मामले का संज्ञान लेते हुए आरोपियों पर केस दर्ज किया था।

दावा कांवड़ियों द्वारा ई-रिक्शा तोड़ने का वीडियो वायरल।
दावेदार करिश्मा अजीज, रमनदीप सिंह, फहीम अख्तर व अन्य
निष्कर्ष कांवड़ियों द्वारा ई-रिक्शा तोड़ने का वीडियो जुलाई 2024 का है। उत्तराखंड रूड़की में ई-रिक्शा कांवड़ियों से टकरा जाने पर तोड़फोड़ की गई थी। पुलिस ने आरोपियों पर केस दर्ज किया था।

Share