सोशल मीडिया पर एक व्यक्ति की पिटाई का वीडियो वायरल है। वीडियो में देखा जा सकता है कि एक व्यक्ति एक बुजुर्ग को बेरहमी से डंडे से पीट रहा है। मामले को जातिगत एंगल देते हुए दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो झारखंड का है, जहां एक ब्राह्मण यादव को बेरहमी से पीट रहा है।
सबा खान ने एक्स पर वीडियो को शेयर कर लिखा, ‘जिसको इतनी बेरहमी से पीटा जा रहा है वह व्यक्ति यादव है, ब्रह्मण व्यक्ति द्वारा इसलिए पीटा जा रहा है क्योंकि उस व्यक्ति ने अपनी गाय बेच दी, और इंसान की भेष में खड़े मुर्दे विडियो बना रहे है, मामला झारखंड के देवघर का है,’
प्रीतम कुमार बुद्ध ने लिखा, ‘इटावा की ‘तरह फिर एक मामला’ आया सामने घटना झारखंड का बताया जा रहा है। जहां पे ‘यादव नाम सुनकर पिटाई’ किया गया….’

संतोष यादव सर्वोदय ने लिखा, ‘जिसको इतनी बेरहमी से पीटा जा रहा है वह व्यक्ति यादव है। ब्रह्मण व्यक्ति द्वारा इसलिए पीटा जा रहा है क्योंकि उस व्यक्ति ने अपनी गाय बेच दी। और इंसान की भेष में खड़े मुर्दे विडियो बना रहे है। मामला झारखंड के देवघर का है।’
जिसको इतनी बेरहमी से पीटा जा रहा है वह व्यक्ति यादव है।
— Santosh Yadav Sarvoday~👍💐 (@santoshgazipur) July 4, 2025
ब्रह्मण व्यक्ति द्वारा इसलिए पीटा जा रहा है क्योंकि उस व्यक्ति ने अपनी गाय बेच दी।
और इंसान की भेष में खड़े मुर्दे विडियो बना रहे है।
मामला झारखंड के देवघर का है। pic.twitter.com/c7cWUHlG4Z
यह भी पढ़ें: आजमगढ़ में अखिलेश यादव के नए घर का गृह प्रवेश पुजारी चंदन कुशवाहा ने नहीं, चंदन पांडे ने कराया था
फैक्ट चेक
दावे की पड़ताल में सबसे पहले हमने वायरल वीडियो को रिवर्स सर्च किया। इस दौरान यह वीडियो हमें Bkd News Jharkhand और पत्रकार रजनीश आनंद के फेसबुक पर पोस्ट मिला। दोनों ही पोस्ट में इस वीडियो को झारखंड के देवघर का बताया गया है, जहां गाय चोरी करने के शक में बुजुर्ग की पिटाई की गई थी।

पड़ताल में आगे हमने Bkd News Jharkhand के पत्रकार पप्पू यादव और देवघर के लोकल पत्रकार रजनीश आनंद से बात की। पप्पू यादव ने बताया कि यह घटना देवघर के कुंडा थाना की है। वीडियो में पीड़ित बुजुर्ग महंगू यादव को गाय के चोरी के आरोप में सुशील झा नाम के व्यक्ति ने पीटा था। महंगू यादव की पत्नी ने अपने पति के साथ मारपीट को लेकर कल पुलिस को शिकायत दी है जिसमे उन्होंने बताया है कि यह 26 मई 2025 की घटना है। वहीं पत्रकार रजनीश आनंद ने भी इस बात की पुष्टि है कि यह घटना देवघर के कुंडा थाना की है।
मिली जानकारी से गूगल सर्च करने पर हमें 26 मई को प्रकाशित प्रभात खबर की एक रिपोर्ट मिली। जिसके मुताबिक, कुंडा थानांतर्गत कृषि बाजार समिति परिसर में गाय चोरी करते एक संदिग्ध को लोगों ने पकड़ा और उसके साथ मारपीट की। मामले की सूचना पाकर मौके पर कुंडा थाने की पुलिस पहुंची, तो लोगों ने पकड़े गये व्यक्ति को पुलिस के हवाले कर दिया। मौके से एक पिकअप वैन पर लदी एक गाय व एक डिजायर कार भी पकड़ा गया है।

पुलिस दोनों वाहनों को जब्त कर कुंडा थाना ले आयी। इस संबंध में एएसआइ चुन्नू प्रसाद मंडल की शिकायत पर कुंडा थाने में प्राथमिकी दर्ज की गयी, जिसमें हिरासत में लिये गये रिखिया थाना क्षेत्र के बलजोरा गांव निवासी महंगू यादव उर्फ महंगू महतो के अलावा उसके चार-पांच अज्ञात साथियों को आरोपित बनाया गया है। प्राथमिकी दर्ज करने के बाद पुलिस ने महंगू को कोर्ट में पेश कराया और प्राप्त निर्देश के आलोक में उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पूर्व में भी उसका अपराधिक इतिहास रहा है। मवेशी चोरी मामले में वह रिखिया व मोहनपुर थाने से जेल जा चुका है।
अपनी जांच में आगे हमने कुंडा थाना प्रभारी संतोष मंडल से संपर्क किया। थाना प्रभारी ने हमें बताया कि यह वीडियो 26 मई का है। पीड़ित महंगू यादव को कुछ लोगों ने कृषि बाजार समिति परिसर में गाय चोरी के आरोप में पकड़ा था। महंगू यादव अपराधी प्रवत्ति का है। उस समय पुलिस ने महंगू यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। लेकिन कल ही पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद दुसरे पक्ष के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज किया गया है। वहीं इस घटना में कोई जातिगत एंगल नहीं है।
| दावा | झारखंड में एक ब्राह्मण, यादव को बेरहमी से पीट रहा है। |
| दावेदार | सबा खान, प्रीतम कुमार बुद्ध, संतोष यादव व अन्य |
| निष्कर्ष | झारखंड के देवघर में ब्राह्मण द्वार यादव को पीटने का दावा भ्रामक है। महंगू यादव को गाय चोरी के आरोप में पीटा गया था। इस घटना में कोई जातिगत एंगल नहीं है। |
