Home अन्य बिल्डिंग में लगी आग का वीडियो अहमदाबाद प्लेन क्रैश का नहीं है
अन्य

बिल्डिंग में लगी आग का वीडियो अहमदाबाद प्लेन क्रैश का नहीं है

Share
Share

गुजरात के अहमदाबाद में गुरुवार को एअर इंडिया का एक प्लेन क्रैश हो गया। इसमें 12 क्रू मेंबर समेत 242 लोग सवार थे। अब तक इस हादसे में केवल एक यात्री के जिंदा बचने की बात सामने आई है। बाकी सभी लोगों की मौत हो गई है। वहीं हादसे के बाद सोशल मीडिया पर एक बिल्डिंग में लगी आग का वीडियो वायरल है। सोशल मीडिया पर इसे अहमदाबाद प्लेन क्रैश का वीडियो बताया जा रहा है। हालांकि पड़ताल में यह दावा भ्रामक निकला।

राजश्री यादव ने एक्स पर इस वीडियो को शेयर कर लिखा, ‘ध्यान से देखिए इस वीडियो को रोंगटे खड़े हो जाएंगे अहमदाबाद प्लेन क्रैश का वीडियो बताया जा रहा हैं और वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है’

असलम चोपदार ने लिखा, ‘कल के प्लेन क्रेस के समय आदमी प्लेन से कूदते का वीडियो सामने आया है। ध्यान से देखिए इस वीडियो को रोंगटे खड़े हो जाएंगे अहमदाबाद प्लेन क्रैश का एक और वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है’

वहीं अर्जुन नाम के हैंडल ने लिखा, ‘ध्यान से देखिए इस वीडियो को रोंगटे खड़े हो जाएंगे अहमदाबाद प्लेन क्रैश का एक और वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है’

वहीं सोनी मिश्रा और सतीश चंद्र लोधी ने भी इस वीडियो को अहमदाबाद प्लेन क्रेश का वीडियो बताकर शेयर किया है।

यह भी पढ़ें: ‘भाजपा वाले हिंदू-मुस्लिम करते रहते हैं… ‘, कंगना रनौत का वायरल बयान फर्जी है

फैक्ट चेक

वायरल वीडियो की पड़ताल के लिए हमने वीडियो के कीफ्रेम को रिवर्स सर्च किया। इस दौरान यह वीडियो हमें 10 जून 2025 को पंजाब केसरी के एक्स हैंडल पर पोस्ट मिला। जिसके मुताबिक यह वीडियो दिल्ली के द्वारका में एक अपार्टमेंट की छठी मंजिल पर लगी भीषण आग का है।

पड़ताल में आगे हमें नवभारत टाइम्स की एक रिपोर्ट मिली। रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली के द्वारका में 10 जून की सुबह एक सोसायटी की नौवीं मंजिल पर आग लग गई थी। ऊपर के फ्लोर पर मौजूद एक पिता और बेटा-बेटी ने पहले काफी देर तक किसी तरह खुद को बचाने की कोशिश की। अपनी जान बचाने के लिए उन्होंने बिल्डिंग से छलांग लगाई लेकिन इलाज के दौरान तीनों की ही मौत हो गई।

दावा बिल्डिंग में लगी आग का वीडियो अहमदाबाद प्लेन क्रैश का है।
दावेदार रवीश कुमार पैरोडी, राजश्री यादव व अन्य
निष्कर्ष बिल्डिंग में लगी आग का यह वीडियो अहमदाबाद प्लेन क्रैश का नहीं है। असल में यह वीडियो 10 जून 2025 को दिल्ली के द्वारका में लगी आग का है।

Share