Home धर्म जौनपुर मंदिर घंटी चोरी की घटना में सभी आरोपी ब्राह्मण नहीं है
धर्म

जौनपुर मंदिर घंटी चोरी की घटना में सभी आरोपी ब्राह्मण नहीं है

Share
Share

सोशल मीडिया पर मंदिरों से घंटे चुराने वाले तीन आरोपियों की एक फोटो शेयर की जा रही है। फोटो में पुलिस के साथ बरामद हुई घंटियां और तीन आरोपी देखे जा सकते हैं। जिनका नाम बृजेश मिश्रा, प्यारेलाल मिश्रा और रिंकू पंडित बताया गया है। फोटो को इस दावे के साथ शेयर किया जा रहा है कि चोरी करने वाले सभी आरोपी एक ही जातीय वर्ग से आते हैं। हालांकि हमारी पड़ताल में यह दावा भ्रामक साबित हुआ है।

pk…मौर्यवंश की बेटी नाम के एक्स हैंडल ने फोटो को शेयर कर लिखा, ”मंदिरों से घंटा चुराने वाले…. ब्रजेश मिश्रा, प्यारेलाल मिश्रा, रिंकु पंडित, गिरफ्तार !”

प्रियांशु कुमार ने एक्स पर लिखा, ”नाम- ब्रजेश मिश्रा, प्यारेलाल मिश्रा, रिंकु पंडित काम- मंदिरों से घंटे चोरी करके बाजार में बेचना”

श्रीराज ने एक्स पर लिखा, ”मंदिरों से घंटा चुराने वाले…. ब्रजेश मिश्र प्यारेलाल मिश्रा रिंकु पंडित गिरफ्तार दान पेटी तो सदियों से चुराते ही थे अब मंदिर का घंटा भी चुराने लगे बड़ी नीच प्रजाति है”

वहीं राजेंद्र चोधरी, द अनिल कुमारG94, आनंद माली, The unborn Aayogi, रवि शंकर, यादव अरुणेश आदि एक्स यूजर्स ने भी फोटो को इसी दावे के साथ शेयर किया।

यह भी पढ़ें: गायक जुबिन गर्ग की अंतिम यात्रा का वीडियो यूजीसी से जोड़कर वायरल है

फैक्ट चेक

पड़ताल में संबंधित कीवर्ड की मदद से गूगल सर्च करने पर हमें जुलाई 2025 को प्रकाशित दैनिक भास्कर की एक रिपोर्ट मिली। रिपोर्ट के अनुसार यह मामला जौनपुर का है। जिसमें सुजानगंज थाना क्षेत्र में तीन थानों की पुलिस और एसओजी टीम की संयुक्त कार्यवाही में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। जिनका नाम बृजेश गौतम, प्यारे और हरी शाम अग्रहरि है। जिसमें से दो आरोपी रिंकू पंडित और अरुण फरार हैं। पुलिस ने आरोपियों से तमंचा, कारतूस, दो मोटरसाइकिल और एक मैजिक गाड़ी बरामद की है। इनके पास से मंदिरों से चोरी किए गए 85 पीतल के घंटे और 2,800 रुपये नगद मिले हैं। बरामद घंटों का वजन एक कुंतल से अधिक है। बाजार में इनकी कीमत एक लाख रुपये से ज्यादा है।

इस प्रकरण के सम्बन्ध में हमे जौनपुर पुलिस का प्रेस नोट भी मिला जिसमे आरोपियों के नाम व पता बताए गये हैं।

  • बृजेश गौतम पुत्र फूलचन्द गौतम निवासी ग्राम कोटिला मुरादपुर थाना बदलापुर जौनपुर 
  • पप्पू उर्फ प्यारे लाल पुत्र गिरधारी लाल निवासी नरवारी थाना आसपुर देवसरा जनपद प्रतापगढ़
  • हरि श्याम अग्रहरि उर्फ भोला उर्फ देव पुत्र श्याम नारायण अग्रहरि निवासी कोईरीपुर थाना चांदा सुल्तानपुर 
  • रिंकू पण्डित उर्फ भीम दूबे उर्फ दीपक पुत्र राम प्रकाश दूबे निवासी ग्राम पिलकिछा थाना खुटहन जनपद जौनपुर 
  • अरुन उर्फ लल्लू उर्फ खलीफा पुत्र छोटे लाल निवासी बरचौली थाना आसपुर देवसरा जनपद प्रतापगढ़

इसके बाद हमने जौनपुर के बदलापुर थाना क्षेत्र के कोटिला मुरादपुर गाँव के प्रधान सुनील पाल से सम्पर्क किया। उन्होंने बताया कि बृजेश गौतम अनुसूचित जाति वर्ग की जाटव जाति से आता है। पिछले साल जुलाई में चोरी की घटना के मामले में पुलिस ने पकड़कर जेल भेज दिया था।

पड़ताल के क्रम में हमने प्रतापगढ़ के थाना आसपुर देवसरा क्षेत्र के नरवारी गाँव प्रधान सुरेन्द्र यादव से भी बात की। उन्होंने स्पष्ट किया कि पप्पू उर्फ प्यारे लाल अनुसूचित जाति वर्ग की जाटव जाति से आता है। वो पंडित नहीं है।

इसके बाद हमारी बात सुल्तानपुर के थाना चांदा की नगर पंचायत कोईरीपुर के सभासद पन्नालाल अग्रहरि से हुई। उन्होंने बताया कि हरि श्याम अग्रहरि बनिया जाति से हैं।

दावा वायरल फोटो में मंदिरों से घंटे चोरी करने वाले तीन आरोपी एक ही जातीय वर्ग से आते हैं। जिनका नाम बृजेश मिश्रा, प्यारेलाल मिश्रा और रिंकू पंडित है।
दावेदार प्रियांशु कुमार, pk..मौर्यवंश की बेटी और अन्य
निष्कर्षयह दावा भ्रामक है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के नाम बृजेश गौतम, प्यारे लाल और हरी शाम अग्रहरि हैं, यह सभी एक जाति से नहीं आते हैं।

Share