Home धर्म अलीगढ़ में जय भीम बोलने पर दलित युवक की पिटाई का दावा गलत है
धर्म

अलीगढ़ में जय भीम बोलने पर दलित युवक की पिटाई का दावा गलत है

Share
Share

सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें भीड़ एक युवक की डंडों से पिटाई करती दिखाई दे रही है। वीडियो के साथ दावा किया जा रहा है कि अलीगढ़ में ठाकुर समुदाय के दबंगों ने एक दलित युवक को ‘जय भीम’ का नारा लगाने पर बेरहमी से पीटा। हालांकि हमारी जांच में यह दावा भ्रामक पाया गया। युवक की पिटाई जातिगत कारणों से नहीं हुई थी।

राजद नेता प्रतीक पटेल ने लिखा, ‘उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में धर्म नहीं,जाति देखी गई। दलित युवकों पर दबंगों ने हमला किया। “जय भीम” का नारा लगाने पर ठाकुर समाज के दर्जनभर लोगों ने उन्हें सड़क पर नग्न कर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा। इस हमले में तीन युवकों को गंभीर चोटें आईं है। जाति देखा,धर्म नहीं।’

बोलता हिंदुस्तान ने लिखा, ‘यूपी के अलीगढ़ में ‘जय भीम’ बोलने पर दलित युवकों को नंगा करके दबंगों ने बेरहमी से पीटा !’

सपा नेता मनोज काका ने लिखा, ‘अलीगढ़ में दलित युवाओं पर सामंतियो ने सिर्फ़ जय भीम बोलने पर जानलेवा हमला किया , लाठी डंडे राड से कपड़े उतार बुरी तरह पीटा, अभी बनारस में एक युवा हेमंत पटेल को मुख्यमंत्री रे स्वजातीय गुंडे ने घर बुलाकर गोली मार दी सवाल ये है कि आख़िर एक जाति विशेष से क्यों योगी सरकार सत्ता संरक्षित गुंडागर्दी करा रही है ! क्या यूपी में जय भीम बोलना जय संविधान बोलना अपराध है ?बाबा साहब से बहुजनों से इतनी नफ़रत इतनी घृणा क्यो ?’

सुमित चौहान ने लिखा, ‘क्या ये आतंकवाद से कम है? जाति पूछकर मारने वालों को आतंकवादियों की तरह सज़ा क्यों नहीं मिलती?’

यह भी पढ़ें: लश्कर ए तैयबा के सदस्य संदीप शर्मा उर्फ़ आदिल के पकड़े जाने की खबर 8 साल पुरानी है

फैक्ट चेक

वायरल दावे की जांच के लिए हमने मामले से संबंधित कुछ की-वर्ड्स का उपयोग करके गूगल सर्च किया। पड़ताल के दौरान हमें दैनिक भास्कर द्वारा 27 अप्रैल 2025 को प्रकाशित एक रिपोर्ट मिली। रिपोर्ट के अनुसार अलीगढ़ के लोधा थाना क्षेत्र के चिकावटी गांव के पास तीन युवकों को निर्वस्त्र करके पीटने की घटना सामने आई है। इन युवकों ने सड़क पर जा रही एक स्कूली छात्रा पर अश्लील टिप्पणियां कीं और उसके साथ छेड़छाड़ की। उन्होंने छात्रा को रोकने का भी प्रयास किया। इसके बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, उन्होंने आरोपियों को पकड़ लिया। ग्रामीणों ने छात्रा को सुरक्षित वहां से भेज दिया और आरोपियों की जमकर पिटाई की। बाद में तीनों आरोपियों को पुलिस के हवाले कर दिया गया।

वहीं इंडिया टीवी द्वारा 27 अप्रैल 2025 को प्रकाशित एक अन्य रिपोर्ट में भी इस घटना का उल्लेख है। इस मामले पर सीओ गभाना संजीव तोमर ने कहा कि 26 अप्रैल 2025 को लोधा थाना क्षेत्र के चिकावटी गांव के पास तीन युवकों ने एक स्कूली छात्रा के साथ अश्लील टिप्पणी की थी। छात्रा के शोर मचाने पर वहां मौजूद लोगों ने आरोपियों की पिटाई की। इस घटना के संबंध में लोधा थाने में भारतीय दंड संहिता (बीएनएस) की धारा 296 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है, और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पड़ताल के दौरान हमें अलीगढ़ पुलिस का आधिकारिक स्पष्टीकरण भी मिला। पुलिस के अनुसार, ‘थाना लोधा- दिनांक 26.04.25 को थाना लोधा क्षेत्रान्तर्गत चिकावटी गाँव के पास तीन लड़को द्वारा एक स्कूली छात्रा के साथ अश्लील कमेंटबाजी व फबतियाँ कसी जा रही थी, इस सम्बन्ध में छात्रा द्वारा शोर मचाया गया तो आने जाने वाले राहगीरों ने तीनो लड़को की पिटाई कर दी। छात्रा के साथ अश्लील कमेंट किये जाने के सम्बन्ध में थाना लोधा पर मुकदमा पंजीकृत कर वैधानिक कार्यवाही प्रचलित की गई। अब तक की जांच में कोई जातिगत मामला सामने नहीं आया है।’

दावा
 दलित व्यक्ति को ‘जय भीम’ बोलने पर ठाकुर दबंगों ने पीटा।
दावेदारप्रतीक पटेल, मनोज काका, बोलता हिंदुस्तान, और सुमित चौहान।
निष्कर्षवायरल दावा गलत है। वायरल वीडियो में दिख रहा युवक छात्रा के ऊपर अश्लील टिप्पणी कर रहा था, जिसका विरोध होने पर स्थानीय लोगों ने उसकी पिटाई की। इस घटना का जातिगत एंगल नहीं है।

Share