भाजपा सांसद डॉ. महेश शर्मा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है, जिसमें वे यह कहते नजर आ रहे हैं कि जो मोदी और योगी को अपना नहीं समझते, वे अपने बाप को भी अपना नहीं समझेंगे। वीडियो के साथ यह दावा किया जा रहा है कि महेश शर्मा का यह बयान यूजीसी विरोध के संदर्भ में है। हालांकि, हमारी पड़ताल में यह दावा भ्रामक साबित हुआ है।
सुरेंद्र राजपूत ने एक्स पर लिखा, ”महेश शर्मा आप समझो मोदी जी योगी जी को अपना बाप? हम तो अपने पिता श्री को ही अपना बाप मानते हैं । सनातन धर्म तो अनेक पिता थ्योरी को नकारता है तो आपको अपना धर्म बताना होगा!”

शिवम द्विवेदी ने लिखा, ”जो मोदी और योगी को अपना नहीं समझते वो अपने बाप को भी अपना नहीं समझते..” – डॉ महेश शर्मा, भाजपा सांसद”

अमित शर्मा (आईएनसी) ने अपने फेसबुक पेज पर वीडियो को शेयर करते हुए लिखा, ”जो लोग योगी और मोदी को अपना नहीं मानते, वे अपने पिता को भी अपना नहीं मानते – भाजपा सांसद महेश शर्मा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी यह बताएं कि क्या वे अपने सांसद के इस घटिया बयान से सहमत हैं।”
वहीं I. Mishra, दुर्गेश पांडेय, सामंत शेखावत, विष्णु पाठक आज़ाद, The हिंदू Monk, राजनिश दुबे आदि ने भी एक्स पर वीडियो को इसी दावे के साथ शेयर किया है।
यह भी पढ़ें: गिरिराज सिंह के खिलाफ मार्च 2024 के विरोध प्रदर्शन का वीडियो यूजीसी से जोड़कर वायरल
फैक्ट चेक
दावे की पड़ताल में संबंधित कीवर्ड की मदद से सर्च करने पर हमें यह वीडियो TV9 Uttar Pradesh Uttarakhand के यूट्यूब चैनल पर 17 अप्रैल 2024 को अपलोड किया हुआ मिला। इसमें भाजपा सांसद महेश शर्मा बुलंदशहर में चुनाव प्रचार के दौरान यह कहते नजर आए कि “जो लोग मोदी-योगी को अपना नहीं समझते, वे अपने आप को भी अपना नहीं समझेंगे।”
इसके अलावा उन्होंने कहा कि मोदी और योगी ने देश के लिए बहुत कुछ किया है, और यदि कोई उनसे बढ़कर किसी और को अपना बताता है, तो वह गद्दार है और देश व प्रदेश का भला नहीं चाहता है। महेश शर्मा के इस बयान के बाद लोगों ने नाराजगी जताई और भाजपा को वोट न देने के लिए कई पंचायतें भी आयोजित की गईं।
इसके अलावा हमें 12 अप्रैल 2024 को प्रकाशित News18 हिंदी की एक रिपोर्ट मिली। रिपोर्ट के मुताबिक, महेश शर्मा बुलंदशहर में गुर्जर समाज के एक अभिनंदन समारोह को संबोधित करने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने बुलंदशहर पोल्ट्री नदी खुर्जा में कहा कि ”जो मोदी-योगी को अपना नहीं समझते, वे अपने आप को भी अपना नहीं समझते।”

महेश शर्मा ने आगे कहा कि अगर मोदी और योगी से बढ़कर कोई अपना है और खुद को अपना बताता है, तो वह गद्दार है और देश व प्रदेश का भला नहीं चाहता। उन्होंने यह भी कहा कि मोदी और योगी ने जितना इस देश और प्रदेश के लिए किया है, यह अपने की बात करने वालों से यह पूछना कि वह 20 साल से कहां थे और 15 साल से उन्होंने अपना मुंह तक नहीं दिखाया।
दावे की पड़ताल में हमने पाया कि भाजपा सांसद महेश शर्मा के बयान का वायरल वीडियो 2024 के लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान का है। इसका वर्तमान यूजीसी विवाद से कोई संबंध नहीं है।
वहीं, अमर उजाला में प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) ने 13 जनवरी 2026 को ”Promotion of Equity in Higher Education Institutions Regulations, 2026” लागू किए थे, जिनका उद्देश्य उच्च शिक्षा संस्थानों में भेदभाव को रोकना है। इन नियमों को लेकर देशभर में विरोध और प्रदर्शन हुए, जिसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने इन पर रोक लगा दी।
ऐसे में यह स्पष्ट है कि महेश शर्मा का बयान यूजीसी से जुड़े हालिया विरोध से संबंधित नहीं है, बल्कि इसे गलत संदर्भ में साझा किया जा रहा है।
| दावा | भाजपा सांसद महेश शर्मा ने यूजीसी विरोध पर कहा, “जो लोग योगी और मोदी को अपना नहीं समझते, वे अपने बाप को भी अपना नहीं समझेंगे।” |
| दावेदार | शिवम द्विवेदी, अमित शर्मा आईएनसी और अन्य |
| निष्कर्ष | यह दावा भ्रामक है। महेश शर्मा के बयान का वायरल वीडियो 2024 के चुनाव प्रचार का है, इसका यूजीसी से कोई संबंध नहीं है। |
यह भी पढ़ें: ईरान द्वारा अमेरिकी लड़ाकू विमान को मार गिराने का वायरल वीडियो फर्जी है
