Home राजनीति गिरिराज सिंह के खिलाफ मार्च 2024 के विरोध प्रदर्शन का वीडियो यूजीसी से जोड़कर वायरल
राजनीति

गिरिराज सिंह के खिलाफ मार्च 2024 के विरोध प्रदर्शन का वीडियो यूजीसी से जोड़कर वायरल

Share
Share

सोशल मीडिया पर बेगूसराय के सांसद और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के खिलाफ विरोध प्रदर्शन का एक वीडियो वायरल है। वीडियो को इस दावे के साथ शेयर किया जा रहा है कि हाथों में काले झंडे लिए प्रदर्शनकारियों ने भाजपा सांसद गिरिराज सिंह के काफिले को रोककर यूजीसी नियमों के खिलाफ नारे लगाए। हालांकि, हमारी पड़ताल में यह दावा भ्रामक साबित हुआ है।

परमवीर राठौर ने एक्स पर लिखा, ”तुम्हे क्या लगता है आंधी आएगी वनै वन निकल जाएगी, तुम्हें विरोध झेलना नहीं पड़ेगा? देखो बेगूसराय में भाजपा के गिरिराज सिंह को UGC का विरोध झेलना पड़ रहा है? वैसे एक बात कहूं UGC ने सवर्णों की आपसी वैमनस्यता को खत्म करके एकता पैदा कर दी है।”

अनुज अग्निहोत्री स्वतंत्र ने लिखा, ”तुम्हे क्या लगता है आंधी आएगी वनै वन निकल जाएगी, तुम्हें विरोध झेलना नहीं पड़ेगा? देखो बेगूसराय में भाजपा के गिरिराज सिंह को UGC का विरोध झेलना पड़ रहा है? वैसे एक बात कहूं UGC ने सवर्णों की आपसी वैमनस्यता को खत्म करके एकता पैदा कर दी है।”

दुर्गेश पाण्डेय ने लिखा,”’#UGC के खिलाफ मोदी सरकार के मंत्री गिरीराज सिंह के काफिले का विरोध करते युवा क्रांतिकारी। रैली का विरोध , काफिले का विरोध और गांव में घुसने का भी विरोध करो। तभी ये सुधरेंगे।”

वहीं प्रार्थना सिंह, 4pm News Network, ममता त्रिपाठी, संजीव पांडे, उपदेश त्रिपाठी, शिवम द्विवेदी, रितेश इंद्रेश, अजीत सिंह राठी, IndicSphere, उमा शंकर सिंह, ने भी एक्स पर वीडियो को इसी दावे के साथ शेयर किया है।

यह भी पढ़ें: राजस्थान में धोरीमन्ना-गुड़ामालानी तहसीलों को बालोतरा में शामिल किए जाने के विरोध का वीडियो यूजीसी से जोड़कर वायरल है

फैक्ट चेक

दावे की पड़ताल में संबंधित कीवर्ड की मदद से गूगल सर्च करने पर यह वीडियो हमें एक्स पर 11 मार्च 2024 को BiharTak चैनल पर पोस्ट मिला। पोस्ट के मुताबिक, वीडियो में काले झंडे लिए नारे लगाते नजर आ रहे प्रदर्शनकारी भाजपा के कार्यकर्ता ही हैं। (Archive Link)

घटना की जानकारी देते हुए प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व कर रहे स्थानीय निवासी विनोद राय ने कहा कि गिरिराज सिंह के द्वारा बेगूसराय में सिर्फ ढोंग रचा जा रहा है और विकास की तरफ कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।

इसके अलावा, हमें 16 मार्च 2024 को प्रकाशित बीबीसी न्यूज हिंदी की एक रिपोर्ट मिली। रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना बेगूसराय की है, जहां गिरिराज सिंह एक कार्यक्रम में भाग लेने गए थे। गिरिराज सिंह का विरोध करने वाले प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व कर रहे विनोद राय का आरोप है, “हम लोग बीजेपी के ही हैं और काला झंडा दिखाने के पहले मन में कितनी ग्लानि हुई होगी, यह बता नहीं सकते। अपने घर में अपनों का ही विरोध करना अच्छा नहीं लगता। सब लोग उनको कहते हुए थक गए, लेकिन जनता की बात उन तक नहीं पहुँची। प्रधानमंत्री मोदी की वजह से केंद्र सरकार की योजनाओं पर काम हो रहा है, लेकिन 5 साल के कार्यकाल में गिरिराज सिंह किसी गांव में नहीं रुके। उन्होंने गांव में एक हैंडपंप तो छोड़ दीजिए, गाय बांधने का एक खूंटा तक नहीं लगवाया है।”

ऐसे में गिरिराज सिंह के काफिले को रोककर विरोध प्रदर्शन का वायरल वीडियो यूजीसी के खिलाफ प्रदर्शन का नहीं है। यह विरोध मार्च 2024 का है, जब गिरिराज सिंह को उन्हीं के क्षेत्र में कथित तौर पर केंद्र सरकार की योजनाओं को लागू करने में अनियमितताओं को लेकर अपने ही पार्टी के कार्यकर्ताओं के विरोध का सामना करना पड़ा था।

दावा बेगूसराय में प्रदर्शनकारियों ने बीजेपी सांसद गिरिराज सिंह के काफिले को रोककर UGC नियमों के खिलाफ नारे लगाए।
दावेदार शुभम शर्मा, रितेश इंद्रेश और अन्य
निष्कर्ष यह दावा भ्रामक है। यह विरोध मार्च 2024 का है, जब गिरिराज सिंह को अपने ही क्षेत्र में केंद्र सरकार की योजनाओं को लागू करने में अनियमितताओं को लेकर अपनी ही पार्टी के कार्यकर्ताओं के विरोध का सामना करना पड़ा था।

यह भी पढ़ें: दिल्ली के कड़कड़डूमा कोर्ट में वकीलों के विरोध प्रदर्शन का यह वीडियो UGC को लेकर नहीं है

Share