Home राजनीति रेखा गुप्ता ने 2,500 करोड़ लोगों को लोन देने की बात नहीं की, वायरल वीडियो एडिटेड है
राजनीति

रेखा गुप्ता ने 2,500 करोड़ लोगों को लोन देने की बात नहीं की, वायरल वीडियो एडिटेड है

Share
Share

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। वायरल वीडियो में उन्होंने कहा कि मेरे हिसाब से ढाई हजार करोड़ लोगों ने लोन ले लिया है। जरूरत पड़ेगी तो और लोगों को भी मिल जाएगा। दावा किया जा रहा है कि दुनिया की आबादी 830 करोड़ ही है तो ढाई हजार करोड़ लोगों ने लोन कैसे ले लिया। हालांकि हमारी पड़ताल में यह दावा भ्रामक साबित हुआ।

आम आदमी पार्टी के नेता संजीव झा ने लिखा, ‘दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का बड़ा विज़न— अगर हमें लगता है कि ढाई हजार करोड़ लोगों ने लोन ले लिया है, तो हम अमाउंट और बढ़ा सकते हैं। वाह, मतलब अब योजना सिर्फ भारत तक सीमित नहीं रहेगी, मंगल, शुक्र और आकाशगंगा के नागरिक भी जल्द ही दिल्ली सरकार के लोन पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करवा सकेंगे। “ढाई हजार करोड़ लोग” ना जनगणना की ज़रूरत, ना अर्थशास्त्र की किताब, बस आत्मविश्वास होना चाहिए—बाक़ी सब अपने आप मैनेज हो जाता है।’

रागिनी नायक ने लिखा, कुछ दिनों से Troll नहीं हुईं ‘रेखा गुप्ता’ तो मन नहीं मान रहा होगा. दिल्ली की ‘मूर्ख’ मंत्री के हिसाब से… “ढाई हज़ार करोड़ लोगों ने लोन लिया”

अनिंद्य दास ने लिखा, ‘दिल्ली की आबादी: 2.25 करोड़, भारत की आबादी: 146 करोड़, दुनिया की आबादी: 830 करोड़। लेकिन दिल्ली की CM रेखा गुप्ता का दावा है कि 2500 करोड़ लोगों को लोन दिया गया है। मैथ्स ने चैट छोड़ दी। लॉजिक कभी आया ही नहीं।’

वहीं विशाल ज्योतोदेव अग्रवाल, नितिन और मंजेश कुमार ने भी इसी दावे के साथ वीडियो को शेयर किया है।

यह भी पढ़ें : पीएम मोदी ने जातिगत भेदभाव को लेकर बदले की बात नहीं की, वायरल वीडियो एडिटेड है

फैक्ट चेक

दावे की पड़ताल में सीएम रेखा गुप्ता के वायरल क्लिप का पूरा वीडियो हमें PTI न्यूज़ के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर पोस्ट मिला। PTI के मुताबिक, सीएम रेखा गुप्ता सरकार ने CGTMSE के साथ मिलकर दिल्ली क्रेडिट गारंटी स्कीम की शुरुआत की है। 27 जनवरी को इसे लेकर दोनों के बीच MoU पर हस्ताक्षर हुए हैं। इस योजना के जरिए छोटे कारोबारी या स्टार्टअप बिजनेस के लिए लोन ले सकेंगे।

इसी मौके पर भाषण देते हुए वीडियो में ठीक 4:25 मिनट पर रेखा गुप्ता ने कहा कि इस लोन पर कोई अपर लिमिट नहीं है कि यह सुविधा केवल 5 या 10 लाख लोगों के लिए हैं। जितने भी लोग इस लोन को लेना चाहेंगे, दिल्ली सरकार उसके लिए तैयार है। शुरुवाती चरण में हमने इस योजना के तहत 50 करोड़ का फंड रखा है। इस 50 करोड़ के फंड के सामने ढाई हजार करोड़ का लोन लोग ले पाएंगे। और एक बहुत बड़ा बूस्ट मुझे लगता है कि हमारे इस सेक्टर को मिल पाएगा। लोग अपने काम कर पाएंगे, व्यापार कर पाएंगे। और केवल इतना ही नहीं, अगर हमें लगता है कि ढाई हजार करोड़ रुपये के लोन लोग ले चुके हैं और लोगों ने अपने रोजगार और काम शुरू कर लिए हैं, तो हम इस अमाउंट को आने वाले समय में और भी बढ़ा सकते हैं।

दावारेखा गुप्ता ने कहा कि मेरे हिसाब से ढाई हजार करोड़ लोगों ने लोन ले लिया है।
दावेदारसंजीव झा, मंजेश कुमार, रागिनी नायक व अन्य
निष्कर्षरेखा गुप्ता का यह वीडियो एडिटेड है। असल वीडियो में उन्होंने कहा है कि ढाई हजार करोड़ रुपये के लोन लोग ले पाएंगे।

Share