उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर में एक युवती की हत्या का मामला सामने आया है। दावा किया जा रहा है कि 16 वर्षीय दलित युवती के साथ दुष्कर्म कर उसकी हत्या कर दी गई है। इस मामले को सोशल मीडिया पर जातिगत एंगल के साथ शेयर किया जा रहा है। हालांकि हमारी पड़ताल में यह दावा भ्रामक साबित हुआ।
समाजवादी पार्टी के एक्स हैंडल ने लिखा, ‘अम्बेडकरनगर जिले के विधानसभा जलालपुर में मालीपुर थाना क्षेत्र के भिसवा चितौना गांव में 17 वर्षीय एक दलित छात्रा की दुष्कर्म के बाद गला दबाकर हत्या का मामला सामने आया है। वह महारानी गीता देवी इंटर कॉलेज में पढ़ती थी और शनिवार सुबह स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन शाम तक लौटी नहीं। खोजबीन में उसका शव गन्ने के खेत में मिला, जहां साइकिल, बैग और जूता भी बरामद हुआ।’
ब्रिजेश सिंह यादव ने लिखा, ‘उत्तर प्रदेश का जंगलराज — #अम्बेडकरनगर, 16 वर्षीय दलित बेटी की दुष्कर्म के बाद निर्मम हत्या। छात्रा को खेत में पड़े पहली बार देखने वाली महिलाओं ने बताया कि बेटी के साथ दुष्कर्म किया गया है।उसके कपड़े अस्त व्यस्त थे जिसे हम लोगों ने ठीक किया। यह घटना केवल एक परिवार की त्रासदी नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश की फेल कानून व्यवस्था की तरफ साफ इशारा करती है, बेटियों की अस्मिता और जीवन सरेआम रौंदे जा रहे हैं। यह निर्मम हत्या सीधे-सीधे सरकार और पुलिस की नियति और नीयत दोनों पर बड़े सवाल खड़े करती है। छात्रा के साथ दुष्कर्म की आशंका और हत्या की खबर से लोगों में भय और आक्रोश है , वहीं छात्र छात्राओ में डर का माहौल है जो जायज है। ऐसी स्थिति में लोगो में यह सोच है कि अपनी बच्चियों को स्कूल कैसे भेजा जाए।’
उत्तर प्रदेश का जंगलराज — #अम्बेडकरनगर,
— Brijesh singh yadav (@Brijesh77956738) September 27, 2025
👉 16 वर्षीय दलित बेटी की दुष्कर्म के बाद निर्मम हत्या।
छात्रा को खेत में पड़े पहली बार देखने वाली महिलाओं ने बताया कि बेटी के साथ दुष्कर्म किया गया है।उसके कपड़े अस्त व्यस्त थे जिसे हम लोगों ने ठीक किया।
यह घटना केवल एक परिवार की… pic.twitter.com/jIr59sUXWW
तनु सिंह ने लिखा, ‘नवरात्रि किस माता के लिए मानते हैं ? कौन सी देवी के लिए अम्बेडकरनगर विधानसभा जलालपुर, थाना क्षेत्र मालीपुर के चितौना में 16 वर्ष की दलित बेटी की दुष्कर्म के बाद निर्मम हत्या कर दी गई शव गन्ने के खेत में मिला । एक तरफ नवरात्र के पावन महीने में जहां बेटियों की पूजा की जा रही है, भाजपा बेटियों को लेकर मिशन शक्ति का कार्यक्रम चला रही है ऐसे समय में यह निर्मम हत्या सरकार और पुलिस के कानून व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़ा करती है। सरकार और प्रशासन से मांग करते हैं कि दोषियों के घर पर बुल्डोजर चले और दोषी का एनकाउंटर हो। दलित परिवार के साथ हुई इस बेहद अमानवीय घटना में परिवार के साथ न्याय हो।’
नवरात्रि किस माता के लिए मानते हैं ?
— Tanu singh 🇮🇳 (@officer_57) September 28, 2025
कौन सी देवी के लिए अम्बेडकरनगर विधानसभा जलालपुर, थाना क्षेत्र मालीपुर के चितौना में 16 वर्ष की दलित बेटी की दुष्कर्म के बाद निर्मम हत्या कर दी गई शव गन्ने के खेत में मिला ।
एक तरफ नवरात्र के पावन महीने में जहां बेटियों की पूजा की जा रही है,… pic.twitter.com/YByIuQNV4Z
यह भी पढ़ें: यूपी में उधार न लौटाने पर दोस्त की चिता को पीटने का दावा गलत है
फैक्ट चेक
पड़ताल में हमने संबंधित कीवर्ड की मदद से गूगल सर्च किया। इस दौरान हमें 28 सितंबर 2025 को प्रकाशित अमर उजाला की एक रिपोर्ट मिली। जिसके मुताबिक, यह घटना अंबेडकरनगर के जलालपुर में भिसवा चितौना गाँव की है। 27 सितंबर को खेत में युवती की लाश मिली थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पता चला है कि युवती की हत्या गला घोंटकर की गई थी। लेकिन डॉॅक्टरों के पैनल ने दुष्कर्म की पुष्टि नहीं की है।

वहीं 1 अक्टूबर को प्रकाशित अमर उजाला की रिपोर्ट के मुताबिक, दलित छात्रा की हत्या की वारदात को उसके प्रेमी सनी ने ही अंजाम दिया था। एसपी अभिजीत आर शंकर ने बताया कि आरोपी सनी निवासी ग्राम सकरा युसुफपुर सम्मनपुर का छात्रा के गांव में आना-जाना था। छात्रा की चचेरी बहन आरोपी की भाभी है। करीब एक साल पहले दोनों लोग एक-दूसरे के संपर्क में आए और फोन पर वार्ता शुरू हो गई थी। घटना से पहले 26 सितंबर की रात छात्रा और आरोपी के मध्य वीडियो कॉल पर बात हुई थी। इस दौरान छात्रा ने शादी का दबाव बनाया, लेकिन आरोपी ने इनकार कर दिया था। इस पर छात्रा ने उसे एफआईआर कराने की धमकी भी दी थी। इसके बाद युवक ने छात्रा को सुबह मिलने के लिए बुलाया। घटनास्थल पर उसने छात्रा को झांसे में लिया, फिर टाई से गला घोंटकर हत्या कर दी। बाद में उसके जूते व अन्य सामान इधर-उधर फेंक दिए थे। एसपी ने बताया कि मंगलवार को सनी को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने हत्या किया जाना स्वीकार किया। साथ ही नाबालिग को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म की बात भी स्वीकार की।
पड़ताल में आगे हमने भिसवा चितौना गाँव की प्रधान तारा देवी से संपर्क किया। उन्होंने बताया कि इस मामले में सनी नाम के एक आरोपी को पकड़ा गया है। युवती सनी की भाभी की चचेरी बहन है। इस मामले में दोनों पक्ष दलित समुदाय से हैं, दोनों एक ही जाति के हैं।
| दावा | अंबेडकरनगर में 16 वर्षीय दलित युवती के साथ दुष्कर्म कर उसकी हत्या कर दी गई है। |
| दावेदार | समाजवादी पार्टी, तनु सिंह व अन्य |
| निष्कर्ष | अंबेडकरनगर में दलित युवती की हत्या उसके प्रेमी ने ही की है। इस घटना में जातिगत एंगल नहीं है, दोनों पक्ष दलित समुदाय से हैं। वहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है। |
