उत्तर प्रदेश के गोंडा में चलती एंबुलेंस से शव को गिराने का एक वीडियो वायरल है। इस घटना को एंबुलेंस चालक की संवेदनहीनता बताते हुए दावा किया जा रहा है कि एंबुलेंस चालक पोस्टमार्टम के बाद शव को स्ट्रेचर समेत सड़क पर घसीटते हुए फेक कर फरार हो गया। हालांकि पड़ताल में यह दावा भ्रामक निकला।
सपा नेता मनोज यादव ने एक्स पर वायरल वीडियो को पोस्ट कर लिखा, ‘योगी जी के राज में एक हिंदू की लाश को किस तरीके से सड़क पर लावारिसों की तरह फेंका गया। गोंडा : एंबुलेंस चालक की संवेदनहीनता आई सामने। मृतक हृदय लाल का शव छोड़कर एंबुलेंस चालक फरार। पोस्टमार्टम के बाद एंबुलेंस चालक सड़क पर शव फेंका। स्ट्रेचर पर रखा शव को घसीट करके ले जा रहा है।गोंडा लखनऊ हाईवे पर शव छोड़कर हुआ था।’
योगी जी के राज में एक हिंदू की लाश को किस तरीके से सड़क पर लावारिसों की तरह फेंका गया।
— मनोज यादव (@Manoj_Yadav_) August 4, 2025
🚨गोंडा : एंबुलेंस चालक की संवेदनहीनता आई सामने🚨
➡ मृतक हृदय लाल का शव छोड़कर एंबुलेंस चालक फरार
➡ पोस्टमार्टम के बाद एंबुलेंस चालक सड़क पर शव फेंका।
➡ स्ट्रेचर पर रखा शव को घसीट करके ले… pic.twitter.com/ZCqEk1kCwt
बृजेंद्र सिंह भोजला ने लिखा, ‘योगी राज में इंसानियत शर्मसार — एक हिंदू युवक की लाश को सड़क पर फेंक दिया गया, जैसे कोई लावारिस जानवर हो। गोंडा से दिल दहला देने वाली घटना, एंबुलेंस चालक ने पोस्टमार्टम के बाद शव को स्ट्रेचर समेत सड़क पर घसीटकर फेंका, लखनऊ-गोंडा हाईवे पर शव को छोड़कर फरार हो गया चालक, मृतक हृदयलाल की मौत इलाज के दौरान हुई थी, परिजनों का आरोप — पैसा न देने पर शव को फेंका गया, यह कैसा रामराज्य है जहां मरे हुए लोगों की भी इज्जत नहीं बची?’
योगी राज में इंसानियत शर्मसार — एक हिंदू युवक की लाश को सड़क पर फेंक दिया गया, जैसे कोई लावारिस जानवर हो।
— Brajendra Singh Bhojla (@Brajendra3535) August 5, 2025
🚨 गोंडा से दिल दहला देने वाली घटना
➡ एंबुलेंस चालक ने पोस्टमार्टम के बाद शव को स्ट्रेचर समेत सड़क पर घसीटकर फेंका
➡ लखनऊ-गोंडा हाईवे पर शव को छोड़कर फरार हो गया चालक… pic.twitter.com/ZebySjwjtJ
वसीम अकरम त्यागी ने लिखा, ‘यूपी के गोंडा जिले के लक्ष्मणपुर गांव में हृदयलाल चौहान नामी शख्स की ₹ 200 के विवाद में हत्या कर दी गई। जब एंबुलेंस हृदयलाल का शव लेकर पहुंची तो वह उतर भी नहीं पाया था कि एंबुलेंस चल दी, और शव स्ट्रेचर सहित खिसकता हुआ दूर तक घिसटता चला गया, और गिर गया।’
यूपी के गोंडा जिले के लक्ष्मणपुर गांव में हृदयलाल चौहान नामी शख्स की ₹ 200 के विवाद में हत्या कर दी गई। जब एंबुलेंस हृदयलाल का शव लेकर पहुंची तो वह उतर भी नहीं पाया था कि एंबुलेंस चल दी, और शव स्ट्रेचर सहित खिसकता हुआ दूर तक घिसटता चला गया, और गिर गया।pic.twitter.com/KO9BFbB5Ki
— Wasim Akram Tyagi (@WasimAkramTyagi) August 4, 2025
वहीं अशोक दनोड़ा और नरेंद्र प्रताप ने भी इसी दावे के साथ वीडियो शेयर किया है।
यह भी पढ़ें: मुजफ्फरनगर में कांवड़ियों द्वारा खाने में हड्डी मिलाकर ढाबे पर तोड़फोड़ करने का दावा गलत है
फैक्ट चेक
दावे की पड़ताल के लिए हमने संबंधित कीवर्ड की मदद से गूगल सर्च किया। इस दौरान हमें 05 अगस्त 2025 को प्रकाशित अमर उजाला और दैनिक भास्कर की रिपोर्ट मिली। रिपोर्ट के मुताबिक, यूपी के गोंडा में सोमवार की शाम बालपुर बाजार में घरवालों ने हृदयलाल का शव चलती एंबुलेंस से नीचे गिरा दिया। इसके बाद लखनऊ-गोंडा हाईवे जाम करके हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस ने देखा तो शव को रोड से हटाने में जुट गई, ताकि यातायात सुचारू किया जा सके। इस दौरान हंगामा कर रहे लोग पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते रहे। उन्होंने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
दरअसल, यह मामला कोतवाली देहात क्षेत्र के लक्ष्मणपुर जाट गड़रियनपुरवा गांव का है। हृदय लाल चौहान (27) ने पड़ोस में रहने वाले रामकिशोर के भाई राम अनुज को 700 रुपए उधार दिए थे। 1 अगस्त को शाम 6:30 बजे हृदय लाल बकाया पैसों में से 200 रुपए मांगने रामकिशोर के घर गया था। इसी दौरान विवाद हो गया।

रामकिशोर, उसके बेटे जगदीश, दो अन्य साथियों पंकज और चंदन ने मिलकर हृदय लाल पर लाठी-डंडे से हमला बोल दिया। ईंट-पत्थर भी फेंक कर मारे। जिससे हृदय लाल गंभीर रूप से घायल हो गया। हृदयलाल की चीख-पुकार सुनकर उसके परिजन बाहर आए और जिला अस्पताल लेकर गए। जहां से लखनऊ के लिए रेफर कर दिया गया। हृदय लाल के भाई बबलू ने चारों आरोपियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया था।
सीओ सिटी आनंद राय ने बताया- सोमवार सुबह 4 बजे इलाज के दौरान हृदय लाल की मौत हो गई। जैसे ही इसकी सूचना मिली तो 50-60 की संख्या में परिजनों और ग्रामीणों ने गांव के पास गोंडा-लखनऊ हाईवे को जाम कर दिया। लखनऊ से एक एम्बुलेंस शव को लेकर पहुंची तो प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने चलती एम्बुलेंस का गेट खोलकर शव को खींच लिया। शव बीच रोड पर गिर गया। सीओ ने बताया- पहले प्रदर्शन के दौरान देहात कोतवाली पुलिस के दो पुलिस कर्मी मौजूद थे। पर शव को एम्बुलेंस से खींचने के बाद प्रदर्शन उग्र हो गया। जिसके बाद फोर्स बुलाई गई। परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया गया। इसके बाद शव को अंतिम संस्कार कराया गया।
वहीं गोंडा पुलिस ने एक्स पर एक प्रेस नोट जारी कर सोशल मीडिया पर वायरल दावे का खंडन किया है। पुलिस ने बताया कि ग्राम लक्ष्मणपुर जाट निवासी हृदयलाल को उनके विपक्षी पटीदारों द्वारा शराब के नशे में हुए झगड़े में मारपीट कर दी गई थी। इलाज के दौरान हृदयलाल की मौत हो गई थी। पोस्टमार्टम के बाद शव को लक्ष्मणपुर जाट लाया जा रहा था, जहाँ कुछ लोगों के बहकावे में आकर एम्बुलेंस में उपस्थित उनके परिजनों द्वारा सड़क को बाधित करने की मंशा से चलती एम्बुलेंस से उनके शव को उतारा जाने लगा जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। पुलिस द्वारा परिजनों को समझा बुझाकर शव का अंतिम संस्कार करा दिया गया है। वहीं इस संबंध में हृदयलाल के परिजनों द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर चार लोगों को हिरासत में लिया गया है।

| दावा | यूपी के गोंडा में एंबुलेंस चालक पोस्टमार्टम के बाद शव को स्ट्रेचर समेत सड़क पर घसीटते हुए फेक कर फरार हो गया। |
| दावेदार | मनोज यादव, वसीम अकरम त्यागी, अशोक व अन्य |
| निष्कर्ष | गोंडा में एंबुलेंस चालक ने शव को सड़क पर नहीं फेका था। शव को उसके परिजनों ने सड़क को बाधित करके प्रदर्शन करने की मंशा से फेंका था। |
