Home अन्य अहमदाबाद के स्कूल में छात्रा की हार्ट अटैक से मौत का पुराना वीडियो महाराष्ट्र का बताकर वायरल
अन्य

अहमदाबाद के स्कूल में छात्रा की हार्ट अटैक से मौत का पुराना वीडियो महाराष्ट्र का बताकर वायरल

Share
Share

सोशल मीडिया पर एक स्कूल का सीसीटीवी फुटेज वायरल है। सीसीटीवी में एक आठ साल की बच्ची को देखा जा सकता है जो अचानक बेहोश होकर फर्श पर गिर जाती है। दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो महाराष्ट्र के पालघर में एक निजी स्कूल का है। जहां छठवीं कक्षा की छात्रा को देर से स्कूल पहुंचने पर कथित तौर पर 100 बार उठक-बैठक करने की सजा दी गयी, जिसके बाद उसकी मौत हो गई।

रवि जांगिड़ ने एक्स पर लिखा, ‘एक 8 साल की लड़की की मौत हो गई, जब स्कूल देर से आने पर उसकी टीचर ने उसे सज़ा के तौर पर 100 सिट-अप्स करने के लिए मजबूर किया। उसके परिवार का कहना है कि उसे स्कूल बैग पहनाकर सिट-अप्स करने के लिए मजबूर किया गया, जिससे उसकी हालत और खराब हो गई। बाद में वह बीमार पड़ गई, उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया और उसकी मौत हो गई। शुरुआती पोस्टमॉर्टम से पता चला कि उसे एनीमिया था, जिससे सज़ा से पहले उसकी सेहत को लेकर चिंता बढ़ गई थी।’

This Account Makes You Happy नाम के एक्स हैंडल ने लिखा, ‘एक 8 साल की लड़की की मौत हो गई, जब स्कूल देर से आने पर उसकी टीचर ने उसे सज़ा के तौर पर 100 सिट-अप्स करने के लिए मजबूर किया। उसके परिवार का कहना है कि उसे स्कूल बैग पहनाकर सिट-अप्स करने के लिए मजबूर किया गया, जिससे उसकी हालत और खराब हो गई। बाद में वह बीमार पड़ गई, उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया और उसकी मौत हो गई। शुरुआती पोस्टमॉर्टम से पता चला कि उसे एनीमिया था, जिससे सज़ा से पहले उसकी सेहत को लेकर चिंता बढ़ गई थी।’

आकाश श्रीवास्तव ने लिखा, ‘स्कूल में सज़ा मिलने के बाद 8 साल की बच्ची की दुखद मौत। एक आठ साल की बच्ची की दुखद मौत हो गई, जब उसके टीचर ने क्लास में देर से आने की सज़ा के तौर पर उसे 100 सिट-अप्स करने के लिए मजबूर किया। परिवार के मुताबिक, बच्ची को अपनी पीठ पर भारी स्कूल बैग लादकर एक्सरसाइज़ पूरी करने के लिए मजबूर किया गया, जिससे उसका फिजिकल स्ट्रेन काफी बढ़ गया। घटना के कुछ समय बाद, बच्ची गंभीर रूप से बीमार हो गई, उसे हॉस्पिटल ले जाया गया, और बाद में उसकी हालत बिगड़ने पर उसकी मौत हो गई। शुरुआती ऑटोप्सी रिपोर्ट से पता चला कि उसे एनीमिया था, जिससे यह सवाल उठने लगे कि क्या उसकी पहले से मौजूद मेडिकल कंडीशन के बारे में पता था और क्या इतनी ज़्यादा फिजिकल सज़ा देना सही था। इस मामले से बहुत गुस्सा है और स्कूलों में फिजिकल और फिजिकल सज़ा के लिए सख्त गाइडलाइंस की मांग की जा रही है।’

यह भी पढ़ें: बिहार चुनाव के बाद पटना में बीजेपी के खिलाफ प्रदर्शन का दावा गलत है

फैक्ट चेक

दावे की पड़ताल में संबंधित कीवर्ड की मदद से गूगल सर्च करने पर हमें 20 नवंबर 2025 को प्रकाशित दैनिक भास्कर की एक रिपोर्ट मिली। रिपोर्ट के मुताबिक, घटना 8 नवंबर की है। छठवीं कक्षा की छात्रा काजल स्कूल गई थी, लेकिन वहां पहुंचने में उसे 10 मिनट की देरी हो गई। काजल के साथ कुछ अन्य छात्र भी स्कूल देरी से पहुंचे थे, जिसके बाद स्कूल की एक महिला टीचर ने उन्हें 100 उठक-बैठक लगाने की सजा सुनाई। सभी बच्चों ने एक साथ उठक-बैठक शुरू की लेकिन कुछ देर बाद वह सभी रुक गए, लेकिन डर के कारण काजल ने पूरी 100 उठक-बैठक की।

Source: Dainik Bhaskar

इस सजा के बाद अगले दिन काजल की तबीयत बिगड़ने लगी और उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए मुंबई रेफर किया गया। डॉक्टरों की तमाम कोशिश के बावजूद 13 नवंबर को काजल की जान चली गई। घटना के बाद BEO ने जांच के आदेश दिए थे। टीचर ममता को पहले ही सतिवली के प्राइवेट स्कूल से हटाया जा चुका था। वहीं गुरुवार को पुलिस ने महिला टीचर ममता यादव को गिरफ्तार किया है।

पड़ताल के दौरान स्कूल में छात्रा की मौत का वायरल वीडियो किसी भी रिपोर्ट में नहीं मिला। जिसके बाद हमने वायरल वीडियो के कीफ्रेम को रिवर्स सर्च किया। इस दौरान यह वीडियो हमें 11 जनवरी 2025 को पोस्ट आजतक की एक वीडियो रिपोर्ट में मिली। वीडियो में ठीक 00:43 मिनट पर वायरल हिस्से को देखा जा सकता है।

आजतक के मुताबिक यह वीडियो गुजरात के अहमदाबाद में एक निजी स्कूल का है। जहां एक 8 साल की मासूम बच्ची की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। 8 साल की गार्गी स्कूल में थी, जब अचानक बेचैनी की वजह से वह कुर्सी पर बैठी और फिर बेहोश हो गई। उसे सांस लेने में तकलीफ हो रही थी। यह देख कर टीचर्स ने उसे सीपीआर दिया और फिर अपनी गाड़ी से तुरंत पास के निजी अस्पताल लेकर गए। अस्पताल में डॉक्टर्स ने बताया कि उसे कार्डियेक अरेस्ट हुआ है। गार्गी को वेंटिलेटर पर भी रखा गया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका।

दावामहाराष्ट्र के एक स्कूल में देरी पर छात्रा से 100 उठक-बैठक लगवाने के बाद स्कूल में छात्रा की मौत हो गई। 
दावेदाररवि, आकाश श्रीवास्तव व अन्य
निष्कर्षवायरल वीडियो महाराष्ट्र के एक स्कूल में देरी पर छात्रा से 100 उठक-बैठक लगवाने के बाद स्कूल में छात्रा की मौत का नहीं है। असल में यह वीडियो जनवरी 2025 में अहमदाबाद के एक स्कूल में एक छात्रा की हार्ट अटैक से हुई मौत का वीडियो है। 

Share