Home अन्य सड़क पर महिला को पीटने का वायरल वीडियो 5 साल पुराना है
अन्य

सड़क पर महिला को पीटने का वायरल वीडियो 5 साल पुराना है

Share
Share

सोशल मीडिया पर कुछ लोगों द्वारा एक महिला को पीटने का वीडियो वायरल है। दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो उत्तर प्रदेश का है जहां एक दलित महिला को बेरहमी से पीटा जा रहा है। वहीं पुलिस इस पूरी घटना के दौरान मूकदर्शक बनी रही।

बनवारी लाल आजाद ने एक्स पर इस वीडियो को शेयर कर लिखा, ‘उत्तर प्रदेश विडंबना यह रही कि पुलिस भी इस पूरी घटना के दौरान मूकदर्शक बनी रही महिला को पीटा जा रहा था,वह चीख रही थी,लेकिन सत्ता-समर्थित ठाकुरवाद और पुलिस की निष्क्रियता ने मिलकर दलित महिला के जीवन को कुचलने की छूट दे दी।’

यह भी पढ़ें: थाने में बुजुर्ग की पिटाई का वायरल वीडियो 7 साल पुराना है

फैक्ट चेक

वायरल वीडियो की पड़ताल के लिए हमने वीडियो के कीफ्रेम को रिवर्स सर्च किया। इस दौरान यह वीडियो हमें 23 मई 2024 को TV9 भारतवर्ष के यूट्यूब चैनल पर पोस्ट मिला। वीडियो में बताया गया है कि यह वीडियो यूपी के बलरामपुर का है। जहां महिला के पति, जेठ और ससुराल पक्ष ने पारिवारिक विवाद में उसकी पिटाई की थी।

पड़ताल में आगे हमें 22 मई 2020 को प्रकाशित अमर उजाला की एक रिपोर्ट मिली। रिपोर्ट के मुताबिक, रेहरा बाजार का अधीनपुर गांव निवासी अशोक व उसकी पत्नी सुशीला में मकान बेचने को लेकर विवाद था। अशोक अपने भाई को मकान बेचना चाहता था पर सुशीला किसी और को बेचने के पक्ष में थी। इसे लेकर दोनों में विवाद हुआ जिस पर सुशीला ने 112 पर कॉल कर पुलिस बुला ली। इस दौरान विवाद होने पर अशोक पत्नी सुशीला को पीटने लगा। वहां मौजूद महिला के देवर, जेठ और उसके तीनों बेटों ने भी उस पर हमला कर दिया। यूपी 112 के पुलिसकर्मी वहां मौजूद थे लेकिन वह मूकदर्शक ही बने रहे उन्होंने महिला को बचाने और उन्हें रोकने का कोई प्रयास नहीं किया। घटना का वीडियो वायरल होने पर केस दर्ज कर लिया गया है और चार की गिरफ्तारी हो गई है।

वहीं वीडियो वायरल होने के बाद बलराम पुलिस ने भी एक्स जानकारी दी कि इस मामले में एफआईआर दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही मौके पर कार्रवाई न करने वाले पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।

दावा उत्तर प्रदेश में सड़क पर एक दलित महिला को बेरहमी से पीटा जा रहा है। वहीं पुलिस इस पूरी घटना के दौरान मूकदर्शक बनी रही।
दावेदार बनवारी लाल आजाद
निष्कर्ष यह वीडियो मई 2020 का है। यूपी के बलरामपुर में पति और ससुराल पक्ष ने महिला को पीटा था। इस मामले में पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। साथ ही पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया था।

Share