Home राजनीति गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर पहली बार बाइक से टोल वसूली का दावा भ्रामक, पहले भी वसूला जाता था टोल
राजनीति

गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर पहली बार बाइक से टोल वसूली का दावा भ्रामक, पहले भी वसूला जाता था टोल

Share
Share

उत्तर प्रदेश में बन रहे गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बीते 20 जून को एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया है। वहीं सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि 26 जून को नितिन गडकरी ने कहा था कि बाइक से टोल नहीं वसूला जायेगा। वहीं अब गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे पर बाइक से टोल वसूला जा रहा है।

रणविजय सिंह ने एक्स पर लिखा, ‘बाइक वालों के लिए खुशखबरी अब आप भी देश के विकास में योगदान कर पाएंगे. गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर आपसे टोल वसूला जाएगा. आपका ये योगदान देश के विकास को गति देगा. — सनद रहे- 26 जून को गडकरी जी ने कहा था कि बाइक से टोल नहीं वसूलेंगे, तब बाइक वालों में निराशा छा गई थी.’

कांग्रेस के आधिकारिक एक्स हैंडल ने लिखा, ‘क्रोनालॉजी समझिए• 26 जून को खबर आई कि मोदी सरकार बाइक पर टोल वसूलेगी • फिर लोग विरोध में लिखने लगे • मोदी सरकार ने तुरंत U TURN लिया और कहा- बाइक पर टोल नहीं वसूलेंगे • लोग बहकावे में आकर शांत हो गए • अब टोल की वसूली का प्लान लागू हो गया’

प्रताप सोलंकी ने लिखा, ‘क्रोनालॉजी समझिए• 26 जून को खबर आई कि मोदी सरकार बाइक पर टोल वसूलेगी • फिर लोग विरोध में लिखने लगे • मोदी सरकार ने तुरंत U TURN लिया और कहा- बाइक पर टोल नहीं वसूलेंगे • लोग बहकावे में आकर शांत हो गए • अब टोल की वसूली का प्लान लागू हो गया’

वहीं राजपाल भाकर, अमरप्रीत सिंह उप्पल, ऋतू चौधरी, गुरु प्रसाद यादव, और प्रीति सिंह ने भी इसी यही दावा किया है।

यह भी पढ़ें: कांवड़ियों द्वारा ई-रिक्शा तोड़ने का वायरल वीडियो एक साल पुराना है

फैक्ट चेक

दावे की पड़ताल के लिए हमने संबंधित कीवर्ड की मदद से गूगल सर्च किया। इस दौरान हमें 10 जुलाई 2025 को प्रकाशित इंडिया टीवी की एक रिपोर्ट मिली। जिसके मुताबिक, गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर बाइक ट्रैक्टर और ऑटो पर भी टोल टैक्स लगेगा। यह भुगतान कैश में किया जाएगा। उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवेज औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) ने इन टोल की दरें भी तय कर दी हैं। यूपीडा की तरफ से भगवानपुर से चौदह परास टोल प्लाजा  पर बाइक, ऑटो और ट्रैक्टर को एक तरफ से 140 रुपये टोल लगेंगे। अगर आप दोनों तरफ का टोल देना चाहेंगे तो आपको 230 रुपये देने होंगे। 

हालांकि यह कोई नई व्यवस्था नहीं है। काफी लबे समय से एक्सप्रेसवे पर टूव्हीलर से टोल वसूला जा रहा है। 9 अगस्त 2012 को प्रकशित टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, उस समय उत्तर प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने ग्रेटर नोएडा को आगरा से जोड़ने वाले 165 किलोमीटर लंबे यमुना एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया था। उस समय भी यमुना एक्सप्रेसवे पर दोपहिया वाहनों से 150 रुपये टोल टैक्स वसूला जा रहा था।

Source: Times of India

पड़ताल में आगे हमें 18 जनवरी 2018 को प्रकाशित अमर उजाला की एक रिपोर्ट मिली। जिसके मुताबिक, लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर भी दुपहिया वाहनों पर टोल टैक्स लगाया गया था। उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवेज औद्योगिक विकास प्राधिकरण ने इस एक्सप्रेस-वे पर बाइक सवारों से 285 रुपये टोल (एक तरफ का) वसूली का निर्णय किया था। उस समय भी यूपी में समाजवादी पार्टी की सरकार थी। वहीं इसके अलावा, बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे और पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भी दुपहिया वाहनों से टोल टैक्स वसूला जाता है।

Source: Amar ujala

वहीं आपको बता दें कि बीते महीने मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि 15 जुलाई 2025 से दोपहिया वाहनों से राष्ट्रीय राजमार्गों पर भी टोल लिया जाएगा। लेकिन NHAI और सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने इसे फर्जी बताया गडकरी ने स्पष्ट किया कि नेशनल हाइवे पर बाइक-टूव्हीलर पर छूट जारी रहेगी, लेकिन यह नियम एक्सप्रेसवे पर लागू नहीं होता।

दावा गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर बाइक से टोल वसूला जायेगा।
दावेदार रणविजय सिंह, कांग्रेस, प्रताप सोलंकी व अन्य
निष्कर्ष गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर बाइक से टोल वसूली को लेकर किया जा रहा दावा भ्रामक है। यह कोई नई या पहली बार की गई कार्रवाई नहीं है। उत्तर प्रदेश में इससे पहले यमुना, आगरा-लखनऊ, पूर्वांचल और बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर भी दोपहिया वाहनों से टोल वसूला जा चुका है। वहीं नितिन गडकरी का बयान सिर्फ नेशनल हाईवे पर टोल छूट को लेकर था, ना कि राज्य सरकार द्वारा संचालित एक्सप्रेसवे पर।

Share