प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अरुणाचल प्रदेश और त्रिपुरा के दौरे पर हैं। सोमवार सुबह उन्होंने ईटानगर में एक जनसभा को संबोधित किया। वहीं सोशल मीडिया पर इस जनसभा का एक वीडियो वायरल है। वीडियो में पीएम मोदी भाषण देते हुए एक जगह रुक जाते हैं। एक्स पर इस वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि भाषण के बीच पीएम मोदी का टेलीप्रॉम्प्टर बंद हो गया। टेलीप्रॉम्प्टर के बिना पीएम एक शब्द नहीं बोल सकते।
कांग्रेस नेता सुरेंद्र राजपूत ने एक्स पर इस वीडियो को शेयर कर लिखा, ‘केंद्र सरकार कहते ही मोदी जी का टेलीप्रॉम्प्टर बंद हो गया क्या? भाजपा सरकार किसी भी साजिश से इनकार कर रही है!’
कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने लिखा, ‘टेलीप्रॉम्प्टर गया क्या?!’
टेलीप्रॉम्प्टर गया क्या?! pic.twitter.com/Xpc2BChcUf
— Supriya Shrinate (@SupriyaShrinate) September 22, 2025
प्रियंका भारती ने लिखा, ‘टेलीप्रॉम्पटर न हो तो अब्बा.. डब्बा.. जब्बा.. भी बोलने में हलक सूखने लगती है!’
टेलीप्रॉम्पटर न हो तो अब्बा.. डब्बा.. जब्बा.. भी बोलने में हलक सूखने लगती है!
— Priyanka Bharti (@priyanka2bharti) September 22, 2025
pic.twitter.com/unLFQT7EAi
वहीं नितिन अग्रवाल, अश्विनी सोनी, अपूर्व भरद्वाज, ममता राजगढ़, प्रतिक पटेल और विशाल ज्योतिदेव अग्रवाल ने भी इसी दावे के साथ वीडियो को शेयर किया है।
यह भी पढ़ें: बांसुरी स्वराज द्वारा राष्ट्रीय गान का अपमान करने का दावा गलत, वायरल वीडियो एडिटेड है
फैक्ट चेक
दावे की पड़ताल में वायरल क्लिप का पूरा वीडियो हमें पीएम मोदी के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर पोस्ट मिला। वीडियो में ठीक 12:24 मिनट पर वायरल हिस्से को देखा जा सकता है। इसमें पीएम मोदी कहते हैं कि मैं खुद ही प्रधानमंत्री के तौर पर 70 से ज्यादा बार नॉर्थ ईस्ट आया हूं। अभी पिछले हफ्ते ही मैं मिजोरम, मणिपुर और असम गया था, और रात गुवाहाटी में रुका था। नॉर्थ ईस्ट मुझे दिल से पसंद है। और इसलिए हमने दिल की दूरी भी मिटाई है, दिल्ली को आपके पास लेकर के आए हैं। हम नॉर्थ ईस्ट के आठों राज्यों को अष्टलक्ष्मी के रूप में पूजते हैं। इसलिए इस क्षेत्र को विकास में पीछे नहीं देख सकते। यहां विकास के लिए केंद्र सरकार….केंद्र सरकार ज्यादा से ज्यादा पैसे खर्च कर रही है।
पीएम मोदी जैसे ही रुकते हैं इस बीच वीडियो में ठीक 12:23 मिनट पर स्टेज के सामने एक युवक को हाथों में एक झंडा लिए खड़ा देखा जा सकता है। झंडा लिए युवक को देखते ही पीएम मोदी कुछ सेकेंड के लिए रुक जाते हैं और वहां मौजूद जनता भी उस युवक को देखने लगती है। इसके बाद युवक को हटाया जाता है जिसके बाद पीएम मोदी अपना भाषण जारी करते हैं।

पड़ताल में आगे हमें India Today NE के एक्स हैंडल पर हमें पीएम मोदी के भाषण में बाधा डालने वाले युवक का एक अन्य वीडियो मिला, जिसमें पुलिस युवक को हिरासत में लेकर जा रही है। पोस्ट के मुताबिक, यह युवक पीएम मोदी की सभा में विरोध करते हुए झंडा लहरा रहा था। जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।
| दावा | ईटानगर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी का टेलीप्रॉम्प्टर बंद हो गया। |
| दावेदार | सुप्रिया श्रीनेत, सुरेंद्र राजपूत, प्रियंका भारती व अन्य |
| निष्कर्ष | ईटानगर में पीएम मोदी ने टेलीप्रॉम्प्टर बंद होने की वजह से अपना भाषण नहीं रोका था। असल में भाषण के बीच एक युवक विरोध करने लगा था जिस वजह से पीएम ने अपना भाषण कुछ सेकेंड के लिए रोका था। इसके तुरंत बाद ही पीएम मोदी ने अपना भाषण देना जारी किया था। |
