सुप्रीम कोर्ट ने हाल ही में अरावली की नई परिभाषा तय की है। जिसके बाद से ही देशभर में सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले का विरोध हो रहा है। इस बीच सोशल मीडिया पर लोगों की भारी भीड़ के कुछ वीडियो शेयर कर दावा किया जा रहा है कि राजस्थान में लाखों किसान अरावली बचाने के लिए प्रदर्शन कर रहे हैं। हालांकि पड़ताल में यह वीडियो पुराना निकला।
पहली वीडियो में लोग सड़कों को तिरंगा लिए नारे लगाते हुए दिख रहे हैं। Voice of Tribal नाम के एक्स हैंडल ने इस वीडियो को शेयर कर लिखा, ‘राजस्थान में अरावली पर्वत माला को बचाने के लिए लोग सड़कों पर हैं..’ वहीं हंसाराज मीणा, अनीता यादव, जीएस बन्ना, सौरभ दास और राजीव पांडे ने भी इसी दावे के साथ वीडियो शेयर किया है।
दूसरा वीडियो एक पहाड़ी पर बैठे हजारों लोगों की भीड़ का है। हंसराज मीणा ने इस वीडियो को शेयर कर लिखा, ‘यह तस्वीर मेरे करौली ज़िले के अरावली की तलहटी में बसे करीरी गाँव की है। यह क्षेत्र मुख्यतः मीणा–गुर्जर बहुल है। आज करौली के कटकड़ गाँव में भी अरावली को बचाने के लिए विशाल सभा हुई। मैं गारंटी देता हूँ मेरे लोग अरावली की रक्षा के लिए अंतिम साँस तक लड़ेंगे।’ वहीं Tsering gaphel और सुम्मी बिश्नोई ने भी इसी दावे के साथ इसे शेयर किया है।
यह भी पढ़ें: यह वीडियो अरावली बचाओ को लेकर प्रदर्शन का नहीं, कुश्ती दंगल का है
फैक्ट चेक
दावे की पड़ताल में पहले वीडियो को रिवर्स सर्च करने पर यह वीडियो हमें 6 दिसंबर 2025 को CG BOX नाम के यूट्यूब चैनल पर पोस्ट मिला। जिसमें इसे छत्तीसगढ़ के खैरागढ़-छुईखदान में श्री सीमेंट के प्रस्तावित सीमेंट प्लांट और चूना पत्थर खदान के विरोध में चल रहे विरोध प्रदर्शन का बताया गया है।
वहीं दुसरे वीडियो को रिवर्स सर्च करने पर यह वीडियो हमें 27 जनवरी 2025 को ZEE राजस्थान न्यूज़ के आधिकारिक फेसबुक पेज पर पोस्ट मिला। कैप्शन में इसे करौली में सर्वसमाज की महापंचायत का बताया गया है।

27 जनवरी 2025 को प्रकाशित NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक, राजस्थान के करौली जिले में मीणा समाज की महापंचायत आयोजित की गई थी। ये महापंचायत रौंसी और करीरी गांवों के बीच एक सामाजिक विवाद को लेकर आयोजित की गई थी। यह विवाद उस समय हुआ, जब बीते 18 जनवरी को करीरी गांव के कुछ लोग रोसी गांव में गोद भराई (सगाई) करने गए थे। किन्हीं कारणों से लड़के वालों ने लड़की नापसंद कर दिया। इस पर गुस्साए लड़की वाले परिजन ने और ग्रामीणों ने दूल्हे के भाई को पकड़कर उसके बाल और मूंछ काट दी थी। उसके बाद सूचना मिलने पर स्थानीय पंच पटेलों ने पहुंचकर समझाइश कर लड़का वालों को छुड़वाया गया। इस महापंचायत में लड़की पक्ष और दो बिचौलियों पर जुर्माना लगाया गया था।
| दावा | राजस्थान में लोगों ने अरावली को बचाने के लिए प्रदर्शन किया। |
| दावेदार | रविंदर कपूर, अनुराग तिवारी, विजय सिंह व अन्य |
| निष्कर्ष | अरावली को बचाने के लिए प्रदर्शन का बताकर शेयर किए जा रहे दोनों वीडियो भ्रामक है। पहला वीडियो छत्तीसगढ़ के खैरागढ़-छुईखदान में श्री सीमेंट प्लांट के विरोध की है। वहीं दूसरी वीडियो करौली में सर्वसमाज की महापंचायत की है। |
