Home राजनीति यूजीसी विरोध के नाम पर बीजेपी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन का दावा भ्रामक है
राजनीति

यूजीसी विरोध के नाम पर बीजेपी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन का दावा भ्रामक है

Share
Share

विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) ने 2026 की नई इक्विटी रेगुलेशन गाइडलाइंस जारी की हैं, जिसके खिलाफ देशभर में नाराजगी और आक्रोश देखने को मिल रहा है। ऐसे में सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें लोग भाजपा कार्यालय के सामने प्रदर्शन करते और रात में कैंडल मार्च निकालते नजर आ रहे हैं। वायरल वीडियो को यूजीसी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन का बताकर शेयर किया जा रहा है। हालांकि, हमारी पड़ताल में यह दावा गलत साबित हुआ है।

अनुज अग्निहोत्री स्वतंत्र ने एक्स पर वीडियो शेयर कर लिखा, ”क्या क्या दिन देखने पड़ रहे हैं जो समाज कभी जिंदाबाद बोलता था आज वही समाज मुर्दाबाद बोल रहा है।”

दीपक दीक्षित ने एक्स पर लिखा, ”वाह क्या सीन है, गोबी ही सोरोस का एजेंट है #NoUGCRollBack_NoVote”

यह भी पढ़ें: पीएम मोदी और गृहमंत्री शाह के पोस्टर पर स्याही पोतने का वीडियो यूजीसी विरोध का नहीं है

फैक्ट चेक

दावे की पड़ताल के लिए हमने सबसे पहले वीडियो के पहले हिस्से के स्क्रीनशॉट लेकर गूगल रिवर्स इमेज सर्च किया। इस दौरान यह वीडियो क्लिप हमें Virat News Silvassa नाम के इंस्टाग्राम पेज पर 28 मई 2025 को पोस्ट मिला। वीडियो के कैप्शन में बताया गया है कि वायरल वीडियो छत्तीसगढ़ के दुर्ग का है, जिसमें मनरेगा मजदूरों को नियमित रोजगार देने की मांग को लेकर कांग्रेस पार्टी द्वारा प्रदर्शन किया गया था। यह प्रदर्शन दुर्ग ग्रामीण जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर के नेतृत्व में हुआ। जिसमें कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्टर कार्यालय का घेराव किया और भाजपा सरकार से मजदूरों को उनका हक देने की मांग की।

यूजीसी विरोध

इसके अलावा, संबंधित कीवर्ड्स की मदद से गूगल सर्च करने पर हमें अमर उजाला की एक रिपोर्ट मिली। रिपोर्ट के मुताबिक, यह प्रदर्शन छत्तीसगढ़ के दुर्ग में कांग्रेस पार्टी द्वारा मनरेगा के मजदूरों के कार्य दिवस में कटौती को लेकर किया गया था।

वायरल वीडियो के पहले हिस्से के बाद दूसरे हिस्से की पड़ताल के लिए कैंडल मार्च के भी अलग-अलग स्क्रीनशॉट लेकर गूगल रिवर्स इमेज सर्च करने पर यह वीडियो हमें ‘Mera Gaon Mera Desh Live News’ यूट्यूब चैनल पर 9 दिसंबर 2024 को “खान सर बनें BPSC की मुसीबत, बदला फैसला” कैप्शन के साथ पोस्ट मिला।

यूजीसी विरोध

वीडियो के साथ संबंधित कीवर्ड्स की मदद से गूगल सर्च करने पर हमें दैनिक भास्कर की रिपोर्ट मिली। रिपोर्ट के मुताबिक, यह वीडियो क्लिप BPSC की 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा में नॉर्मलाइजेशन के विरोध का है। जिसमें छात्रों ने आयोग के दफ्तर में जमकर प्रदर्शन किया, जिसमें पॉपुलर टीचर खान सर भी शामिल थे।

दावा नई यूजीसी गाइडलाइंस के खिलाफ बीजेपी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया गया और कैंडल मार्च निकाला गया।
दावेदार अनुज अग्निहोत्री स्वतंत्र और दीपक दीक्षित
निष्कर्ष यह दावा भ्रामक है। वीडियो को दो अलग-अलग क्लिप्स जोड़कर बनाया गया है, जिसमें पहला हिस्सा छत्तीसगढ़ के दुर्ग में मनरेगा के खिलाफ और दूसरा हिस्सा BPSC के खिलाफ प्रदर्शन का है।

यह भी पढ़ें: UGC के विरोध में मोदी-शाह के पुतले जलाने का दावा भ्रामक, वायरल वीडियो SIR के खिलाफ हुए प्रदर्शन का है

Share