झारखंड में मुस्लिम महिला को जिंदा जलाने का दावा भ्रामक, पीड़िता ने खुद को लगाई थी आग

0
292

सोशल मीडिया में लोग दावा कर रहे हैं कि झारखंड के बोकारो जिले में एक मुस्लिम महिला को जिंदा जला दिया गया। इसके बाद इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। हालाँकि हमारी पड़ताल में पता चलता है कि महिला ने खुद ही आग लगाई थी

काशिफ अर्सलान ने एक्स पर इस वीडियो को शेयर करते हुए लिखा, ‘झारखंड – बोकारो में जमीन विवाद 15-20 लोगों की भीड़ ने अमीषा परवीन को जिंदा जला दिया। महिला की 90% शरीर जल जाने के कारण उनकी मृत्यु हो गई।’

अशरफ हुसैन ने लिखा, ‘झारखण्ड के बोकारो में एक मुस्लिम औरत को कुछ लोगों द्वारा जिंदा आग के हवाले कर दिया गया, शरीर झुलस जाने के कारण उसकी मौत हो गई है, मीडिया से खबरें गायब हैं…’

सदफ आफरीन ने लिखा, ‘झारखंड, बोकारो दर्दनाक घटना! ज़मीन विवाद को लेकर अमीशा परवीन नामक महिला के घर 15-20 लोगों ने हमला कर दिया! झगड़े के बीच भीड़ ने महिला पर केरोसिन छिड़क कर आग लगा दी! महिला 80 फीसदी से भी ज़्यादा जल गई! मौके पर मौजूद महिला का बेटा मुजाब अली ने अपनी मां को बचाने की कोशिश की!इस क्रम मुजाब के दोनो हाथ झुलस गए! आनन–फानन में महिला को सदर अस्पताल ले जाया गया! वहां Burn Unit न होने की वजह से, महिला को बोकारो जनरल हॉस्पिटल रेफर किया गया!
महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई!’

वहीं IND Story’s ने इसे मॉब लिंचिंग बताते हुए लिखा, ‘अफसोस एक और माॅब लिंचिंग। राज्य सरकार की मॉब लिंचिंग के प्रति निष्क्रियता एवं उदासीनता के कारण ही इस तरह के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। #JK:- झारखंड, बोकारो में जमीन विवाद में 15-20 लोगों की भीड़ ने #अमीषा_परवीन को जिंदा जला दिया। महिला की 90% शरीर जल जाने के कारण उनकी मृत्यु हो गई।’

इसे भी पढ़िए: ताजिकिस्तानी बच्चे का वीडियो गाजा से जोड़कर वायरल है

फैक्ट चेक

इस दावे की पड़ताल के लिए हमने कुछ कीवर्ड की सहायता से गूगल सर्च किया। इस दौरान हमें ETV भारत की एक रिपोर्ट मिली। रिपोर्ट के मुताबिक यह घटना 18 अक्टूबर की है, जोकि जमीन के विवाद में हुई। पहले महिला और उसके बेटे ने कई लोगों पर घर में तोड़फोड़ करने जिंदा जलाने का आरोप लगाया था। वहीं दूसरी ओर महिला के द्वारा खुद को आग लगाने का एक वीडियो सामने आया है। जिसमें साफ देखा जा सकता है कि महिला अपने आपको आग लगा रही है।। रिपोर्ट में बोकारो SP प्रियदर्शी आलोक के बयान का वीडियो भी है। उन्होंने बताया कि “पुलिस मामले की छानबीन गहनता से कर रही है। मामला पारिवारिक और भूमि विवाद से जुड़ा हुआ है। एसपी ने कहा कि वायरल वीडियो की प्रारंभिक जांच में ये बात सामने आई है कि महिला द्वारा खुद को आग लगाई गयी है।” यह खबर ‘करेंट बोकारो’ नाम के एक स्थानीय न्यूज़ पोर्टल पर भी पढ़ी जा सकती है।

अपनी पड़ताल में आगे हमें एक्स पर बोकारो पुलिस का एक पोस्ट मिला। पुलिस ने बताया कि उक्त मामले को माराफारी थाना कांड संख्या 103/2023 दिनांक- 18.10.2023 दर्ज कर जाँच की गयी। जाँच में पता चला की महिला के द्वारा खुद ही आग लगाई गयी है” इस मामले में बोकारो पुलिस के द्वारा चार लोगो को गिरफ्तार किया गया तथा कांड में अग्रतर कार्यवाई की जा रही है।

निष्कर्ष: पड़ताल से स्पष्ट है कि लोगों द्वारा महिला को जिंदा आग के हवाले करने का दावा भ्रामक है। महिला ने खुद को आग लगाई थी

दावाबोकारो में जिंदा जलाई गई महिला 
दावेदारकाशिफ अर्सलान, अशरफ हुसैन, सदफ आफरीन और IND Story’s
फैक्ट चेकभ्रामक