Home राजनीति पुलिस द्वारा युवक को पीटते हुए गिरफ्तार करने का वायरल वीडियो नोएडा नहीं, शहडोल का है
राजनीति

पुलिस द्वारा युवक को पीटते हुए गिरफ्तार करने का वायरल वीडियो नोएडा नहीं, शहडोल का है

Share
Share

उत्तर प्रदेश के नोएडा में सैलरी बढ़ाने की मांग को लेकर श्रमिकों का आक्रोश भड़का हुआ है। सोमवार को नोएडा के कई इलाकों में हिंसक प्रदर्शन हुए और स्थिति बिगाड़ने की कोशिश की गई। हालात को काबू में करने के लिए यहां पुलिस तैनात की गई है। वहीं इस बीच पुलिस द्वारा एक व्यक्ति को पीटते हुए गिरफ्तार करने का एक वीडियो वायरल है। दावा किया जा रहा है कि नोएडा में मजदूर हक मांग रहे हैं, और जवाब में लात और घूंसे मिल रहे हैं।

RJD प्रवक्ता प्रियंका भारती ने एक्स पर इस वीडियो को शेयर कर लिखा, ‘नोएडा में कर्मचारी हड़ताल पर है, उनकी न्यायसंगत मांगों को सरकार इस बेदर्दी से कुचलती हुई! नोएडा DM हमारे ज्ञानेश जी की बिटिया है, क्या ऐसे पुलिसकर्मियों पर कोई कार्रवाई होगी?’

डॉ. कंचन यादव ने लिखा, ‘गोदी मीडिया मजदूरों का पाकिस्तान कनेक्शन बता रही है, तो नोएडा पुलिस लात मारकर सैलरी बढ़ा रही है। इसी बीच मोदी जी ने पश्चिम बंगाल में कसम खाई है कि वे उन्हीं के लिए जिएंगे और उन्हीं के लिए मरेंगे, क्योंकि वहां चुनाव जो है।’

विजय सिंह ने लिखा, ‘नोएडा में मजदूर हक मांग रहे हैं, और जवाब में “लात और घूंसे” मिल रहे हैं। प्रशासन की निगरानी में ये हो रहा है या सिस्टम बेलगाम हो चुका है? साफ बताइए, मजदूर नागरिक हैं या निशाना? कार्रवाई होगी या वर्दी को खुली छूट है?’

वहीं खुरपेंच, मुकेश माथुर, योगेश मीणा और आनंद प्रकाश विश्वकर्मा ने इसी दावे के साथ वीडियो को शेयर किया है।

यह भी पढ़ें: पीएम मोदी की साबरमती रिवर फ्रंट पर बोटिंग के दौरान एम्बुलेंस को रास्ता देने की तस्वीर एडिटेड है

फैक्ट चेक

वायरल वीडियो की जांच के लिए हमने वीडियो के कीफ्रेम को रिवर्स सर्च किया। इस दौरान यह वीडियो हमें VIRAT 24 NEWS नाम के यूट्यूब चैनल और APR न्यूज़ नाम के फेसबुक पेज पर मिला। जिसके मुताबिक यह वीडियो मध्य प्रदेश के शहडोल का है।

मिली जानकारी से कीवर्ड सर्च करने पर हमें 11 अप्रैल 2026 को प्रकाशित दैनिक भास्कर की रिपोर्ट मिली। रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना शहडोल जिले के बुढार थाना क्षेत्र की है। जैतपुर तिराहे के पास स्थित विक्की गुप्ता की इलेक्ट्रॉनिक दुकान में एक नशे में धुत युवक ने जमकर उत्पात मचाया। जानकारी के अनुसार, सुनील कुमार शुक्ला नामक युवक नशे की हालत में दुकान में घुस गया और सामान की तोड़फोड़ शुरू कर दी। जब दुकानदार ने इसका विरोध किया, तो आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए हंगामा किया, जिससे मौके पर भीड़ जमा हो गई और स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

Source: Dainik Bhaskar

घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और बुढार थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर भी युवक शांत नहीं हुआ, बल्कि और उग्र हो गया। उसने पुलिसकर्मियों से बहस की और वाहन में बैठने से इनकार कर दिया। युवक को काबू में करने के दौरान पुलिस और उसके बीच धक्का-मुक्की भी हुई। इसी बीच, मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया। वीडियो में पुलिसकर्मी युवक को जबरन वाहन में बैठाते हुए लात मारते हुए दिखाई दे रहे हैं।

दावानोएडा में प्रदर्शन कर रहे मजदूरों को पुलिस लात-घूंसे मारते हुए गिरफ्तार कर रही है।
दावेदारप्रियंका भारती, कंचन यादव, विजय कुमार व अन्य
निष्कर्षपुलिस द्वारा युवक को पीटते हुए गिरफ्तार करने का वायरल वीडियो नोएडा नहीं, एमपी के शहडोल का है। जहां नशे में धुत युवक द्वारा एक दुकान में उत्पात मचाने पर उसे गिरफ्तार किया गया था।

Share