सोशल मीडिया पर भीड़ द्वारा भाजपा विधायक अरुण नारंग को पीटने का वीडियो वायरल है। वीडियो में देखा का सकता है कि भीड़ अरुण नारंग को पीट रही है जिससे उनके कपड़े फट चुके हैं। वहीं पुलिस बीच बचाव कर रही है। दावा किया जा रहा है कि पंजाब के किसानों ने भाजपा विधायक अरुण नारंग को नंगा करके पीट। हालांकि हमारी पड़ताल में यह वीडियो पुराना निकला।
प्रार्थना सिंह ने एक्स पर लिखा, ‘ये क्या सुन रही हु किसानों की, बीजेपी विधायक अरुण नारंग से ऐसी क्या दुश्मनी की ,नंगा कर के मारा किसानों ने , कही UGC रोल बैक, वाले मामले का गुस्सा तो नही निकाल रहे बीजेपी से’
अजय सनातनी ने लिखा, ‘बीजेपी विधायक अरुण नारंग को पंजाब के किसानों ने नंगा करके पीटा, बीजेपी के विधायक पीटने वाला काम ही क्यों करते है?’
बीजेपी विधायक अरुण नारंग को पंजाब के किसानों ने नंगा करके पीटा,,,,,👇
— ajay sanatani (@AJAYKUM95107739) April 3, 2026
बीजेपी के विधायक पीटने वाला काम ही क्यों करते है ?
#breakingnews #india #news #instagramviralreels #viralvideo pic.twitter.com/EZjxobH7CK
वहीं मनीष आरजे ने लिखा, ‘जनता ने कितना अच्छा काम किया है.. सेल्यूट है…’
यह भी पढ़ें: असम के चाय बागान में फोटोशूट कराते पीएम मोदी की वायरल तस्वीर AI जनरेटेड है
फैक्ट चेक
दावे की पड़ताल में संबंधित कीवर्ड की मदद से गूगल सर्च करने पर हमें 27 मार्च 2021 को प्रकाशित मामले से संबंधित दैनिक भास्कर की एक रिपोर्ट मिली। रिपोर्ट के मुताबिक, पंजाब में मुक्तसर जिले के मलोट में किसानों ने भाजपा विधायक अरुण नारंग को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। इस घटना में उनके कपड़े तक फट गए और उन्हें काफी चोटें भी आई हैं। दरअसल, नारंग कृषि कानून के समर्थन में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करने मलोट आए थे। किसानों को उनके आने की खबर लगी तो वे मलोट में भाजपा कार्यालय के बाहर जमा हो गए। किसानों को जमा होते देखकर पुलिस विधायक को निकालकर ले जाने लगी, लेकिन किसान उनके पीछे लग गए। पुलिस विधायक को एक दुकान के अंदर ले गई।

किसानों ने यह देख लिया और वे उस दुकान के बाहर ही धरने पर बैठ गए। यह देखकर पुलिस ने दुकान अंदर से बंद कर ली। इस बीच किसानों ने विधायक की गाड़ी पर कालिख पोती और तोड़फोड़ भी की। कुछ देर बाद पुलिस नारंग को दुकान से निकालकर ले जाने लगी। किसान भी उनके पीछे दौड़े। यह देखकर विधायक और नेता जान बचाने के लिए तेजी से भागने लगे। पुलिसकर्मियों ने जब उग्र किसानों को रोकने की कोशिश की तो दोनों तरफ से झड़प शुरू हो गई। इस बीच किसानों ने विधायक को पकड़ लिया और उनके साथ धक्का-मुक्की करते हुए पीटने लगे और कपड़े फाड़ दिए। उसके बाद किसी तरह से पुलिसकर्मियों ने विधायक को बचाया और अपने साथ ले गई।
वहीं 28 मार्च 2021 को प्रकाशित अमर उजाला की रिपोर्ट के मुताबिक, भाजपा विधायक अरुण नारंग पर हमले के मामले में पुलिस ने 27 लोगों की पहचान कर चार लोगों को गिरफ्तार भी कर लिया था।
| दावा | पंजाब के किसानों ने भाजपा विधायक अरुण नारंग को नंगा करके पीट। |
| दावेदार | मनीष, प्रार्थना सिंह व अन्य |
| निष्कर्ष | पंजाब के किसानों द्वारा भाजपा विधायक अरुण नारंग को पीटने का वीडियो पांच साल पुराना है। इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था। |
